31.1 C
New Delhi
Saturday, September 30, 2023

बीजेपी का आरोप, कांग्रेस का पाकिस्तान के साथ गहरा रिश्ता 

– दिग्विजय सिंह के क्लब हाउस बयान पर भड़की भाजपा बोला हमला
नई दिल्ली, टीम डिजिटल: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ संबित पात्रा (Sambit Patra) ने आज यहाँ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह द्वारा क्लब हाउस चैट पर एक पाकिस्तानी पत्रकार के जवाब में जम्मू-कश्मीर के संबंध में दिए गए बयान की निंदा की। साथ ही दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) सहित कांग्रेस पार्टी पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह ने कहा है कि  कांग्रेस की सरकार आने पर जम्मू-कश्मीर में धारा 370 बहाल की जायेगी। सोशल मीडिया में वायरल हो रहे क्लब हाउस चैट में दिग्विजय सिंह कहते हुए सुने जा सकते हैं कि जब कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाया तो वहां लोकतत्र नहीं था, वहां इंसानियत भी नहीं थी क्योंकि हर किसी को जेल के पीछे डाल दिया गया था। अनुच्छेद 370 को रद्द करने और जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा कम करने का निर्णय अत्यंत दुखद निर्णय है और कांग्रेस पार्टी को निश्चित रूप से इस मुद्दे पर फिर से विचार करना होगा।
संबित पात्रा ने दिग्विजय पर लगाया ये आरोप
डॉ पात्रा ने आरोप लगाया कि ‘क्लब हाउस’ के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह किस प्रकार से बाहर भारत के खिलाफ जहर उगल रहे हैं और किस प्रकार पाकिस्तान की हां में हां मिला रहे हैं वो हम सभी ने देखा है। जब पाकिस्तान के पत्रकार ने दिग्विजय सिंह से मोदी से छुटकारा पाने और कश्मीर नीति पर सवाल पूछा, तब दिग्विजय उस पत्रकार को धन्यवाद दिया और कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आती है, तो वे अनुच्छेद 370 पर पुनर्विचार करेंगे। वास्तव में कांग्रेस राष्ट्रविरोधियों का क्लब हाउस है। कांग्रेस कश्मीर को थाली में रखकर पाकिस्तान को सौंपना चाहती है, वह शुरुआत से ही कश्मीर में शांति नहीं चाहती।
राहुल गांधी को बताया टूलकिट गैंग का सरगना
पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ संबित पात्रा ने कहा कि ये पूरी संभावना है कि क्लबहाउस चैट में दिग्विजय सिंह  ने जो कहा है, उसके लिए पहले से ही स्टेज मैनेज रहा होगा। ऐसा प्रतीत होता है कि उस पत्रकार से दिग्विजय सिंह या कांग्रेस के बड़े नेता ने ऐसा सवाल पूछने के लिए कहा होगा। एक टूल किट के माध्यम से देश के खिलाफ साजिश को अंजाम दिया जा रहा है। दिग्विजय सिंह का यह क्लब हाउस ऑडियो भी टूलकिट का ही हिस्सा है। टूलकिट के जरिए देश को अस्थिर करने की कोशिश हो रही है। संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि कांग्रेसी नेताओं के बयान से ऐसा लगता है कि राहुल गांधी ही इस टूलकिट गैंग के सरगना हैं। इस टूलकिट के तार दूर-दूर तक फैले हुए हैं। टूलकिट में पाकिस्तान के साथ-साथ चीन भी शामिल है।
कांग्रेस का पाकिस्तान के साथ ऐसे है गहरा रिश्ता
डॉ पात्रा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का पाकिस्तान के साथ गहरा रिश्ता है और इसका सच समय-समय पर मीडिया में आया है। कांग्रेस और पाकिस्तान, दोनों के बयान एक जैसे होते हैं, दोनों के विचार एक जैसे होते हैं। एक बहुत बड़े पैटर्न के तहत कांग्रेस देशविरोधी गतिविधियों में लिप्त है। यही कांग्रेस संसद में कहने से गुरेज नहीं करती है कि आर्टिकल 370 भारत और पाकिस्तान का मुद्दा है, इसे भारत अकेले कैसे खत्म कर सकता है? इसी कांग्रेस पार्टी के नेता मणिशंकर अय्यर पाकिस्तान में जाकर मदद मांगते हैं हैं कि मोदी को हटाना होगा और हमें वापस लाना होगा। इसका मतलब यह हुआ कि कांग्रेस शुरू से ही पाकिस्तान की मदद से प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी  को हटाना चाहती है। मोदी को हटाना होगा और कांग्रेस को लाना होगा – ये गुहार आज से नहीं बल्कि जब से मोदीजी हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री बने हैं, तब से कांग्रेस के दिग्गज नेता पाकिस्तान से लगा रहे हैं। इस साजिश को पूरा करने में कांग्रेस पार्टी आज भी लगी हुई है। कल मणिशंकर अय्यर बोलते थे, आज दिग्विजय सिंह बोल रहे हैं। ये वही मणिशंकर हैं जिन्होंने जम्मू-कश्मीर को फिलीस्तीन के साथ कंपेयर किया था।
राहुल गांधी ने आर्टिकल 370 पर किया था ये ट्वीट
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि  कांग्रेस और पाकिस्तान में सांठ-गांठ है। जम्मू-कश्मीर पर राहुल गांधी के बयान पर पाकिस्तान में चर्चा होती है। जब धारा 370 हटाया गया था, इसके कुछ दिनों बाद 25 अगस्त 2019 को राहुल ने ट्वीट किया था कि आर्टिकल 370 को हटाकर भाजपा ने बड़ी गलती की है। जम्मू कश्मीर में हजारों लोग मारे जा रहे हैं। कश्मीर में कोई लोकतंत्र नहीं है। इसके बाद इसी को आधार बनाकर इसके तीसरे दिन ही पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान ने 27 अगस्त को यूनाइटेड नेशन में एक डोजियर सौंपा था। ये पूरा मामला एक दूसरे से जुड़ा है। ये वही राहुल गांधी हैं जब हिंदुस्तान की आर्मी ने आतंकवाद के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक की, तो इन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक को फर्जिकल स्ट्राइक और खून की दलाली बताया था। ये सब सुनने के बाद ये बात साबित हो जाती है कि कुख्यात आतंकी हाफिज सईद ने ऐसे ही कांग्रेस को भारत की सबसे अच्छी पार्टी नहीं बताया था। सत्ता के लिए कांग्रेस आज देश विरोधी ताकतों के साथ मिल गई है। कांग्रेस ने तो टर्की में भी ऑफिस खोला था।

latest news

Related Articles

epaper

Latest Articles