30.1 C
New Delhi
Thursday, June 1, 2023

मिशन-पंजाब : पूर्व DGP सहित दो दर्जन दिग्गज नेता BJP में हुए शामिल

-जालंधर के अकाली नेता सबरजीत सिंह मक्कड़ ने छोड़ी पार्टी
-सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष अवतार सिंह जीरा हुए भाजपाई
-पूर्व अधिकारी, कारोबारी, उद्योगपति एवं सियासी लोग भाजपा में शामिल

नई दिल्ली/ अदिति सिंह : भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मिशन-पंजाब के लिए स्थानीय दिग्गज नेताओं को पार्टी में शामिल करवाना शुरू कर दिया है। इस कड़ी में पंजाब के पूर्व डीजीपी सर्बदीप सिंह विर्क, शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के नेता सरबजीत सिंह मक्कड़, पंजाब सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष अवतार सिंह जीरा, उद्योगपति हरचरण सिंह रनौता साहित दो दर्जन से अधिक प्रमुख नेता शुक्रवार को भाजपा में शामिल हो गए। केंद्रीय मंत्री और भाजपा पंजाब चुनाव प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत की उपस्थिति में सभी लोगों ने भगवा पार्टी में शामिल हुए। उनके साथ केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश भी मौजूद थे। पूर्व पुलिस महानिदेशक एसएस विर्क सुरक्षा मामलों के बड़े जानकार माने जाते हैं और कई बार केंद्र सरकार के लिए अंदरूनी सुरक्षा के मामलों में सलाहकार के रूप में सहयोग करते रहे हैं। विर्क पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के करीबी माने जाते हैं।
इस मौके पर पार्टी में नेताओं का स्वागत करते हुए केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि पंजाब में बीजेपी को मजबूती मिलेगी। वहीं भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वाले नेताओं ने कहा, उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा है और वे राज्य में संगठन को मजबूत करेंगे। भाजपा पंजाब में आगे बढ़ रही है और एक नया इतिहास रचेगी। मक्कड़ ने कहा, मैंने कहा था कि जिस दिन प्रधानमंत्री मोदी कृषि कानून वापस लेंगे, मैं भाजपा में शामिल हो जाऊंगा और आज मैंने वही किया है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में और लोग बीजेपी में शामिल होंगे।
बता दें कि दो दिन पहले अकाली दल के राष्ट्रीय महासचिव मनजिंदर सिंह सिरसा भाजपा में शामिल हुए थे। भाजपा में शामिल होने से पहले सिरसा ने दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। अगस्त में शिअद के पांच नेता भाजपा में शामिल हुए थे।
बता दें कि पंजाब विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही समय रह गया है। अभी तक किसान आंदोलन के कारण प्रचार में सबसे पीछे खड़ी भाजपा अब फ्रंट फुट पर है। रोजाना पंजाब के बड़े नाम पार्टी का दामन थाम रहे हैं। पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले कई अकाली नेता अन्य पार्टियों में अपना भविष्य तलाश रहे हैं। एक दिन पहले ही दिल्ली में भाजपा को उस समय बड़ी सफलता मिली जब डीएसजीएमसी के अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा भाजपा में शामिल हो गए। इसके बाद से दिल्ली सहित पंजाब में अकाली दल नेतृत्व में खलबली मची हुई है।
सूत्रों की माने तो पंजाब के दूसरे दलों के आधा दर्जन विधायक एवं सांसद एवं पूर्व सांसद भाजपा में आना चाहते हैं।

भाजपा में शामिल होने वाले दिग्गज नेता

भाजपा में शामिल होने वालों में फिरोजपुर से अवतार सिंह जीरा, लुधियाना के हरचरण सिंह रनौता, मनविंदर सिंह रनौता, जालंधर से सरबजीत सिंह मक्कड़, फतेहगढ़ साहिब के गुरप्रीत सिंह भट्टी, अमृतसर से पूर्व विधायक एवं रामगढिया बिरादरी से जुड़े अमरजीत सिंह, क्रिकेटर मनप्रीत सिंह , कारोबारी रवनीत सिंह मेडी, परिवहन उद्योग से जुड़े प्रमुख नेता सुरिंदर सिंह विर्दी, हरविंदर सिंह भांबर, बलाचौर के निवासी नरिंदर कुमार, कारोबारी घनश्याम, परविंदर सिंह सोहल, मलोट से जुड़े जगरूप सिंह एमसी, सामाजिक कार्यकर्ता जसवंत सिंह, सेवानिवृत्त सचिव एवं डीटीओ गुरचरण सिंह (मुख्तसर क्षेत्र), कारोबारी करम सिंह रेणु, कारोबारी वजीर सिंह, कारोबारी ओंकार सिंह, सुरिंदर चोपड़ा, नरिंदर चोपड़ा, करनैल सिंह, कमलजीत सिंह आदि भाजपा में शामिल हुए।

latest news

Related Articles

epaper

Latest Articles