यमुनानगर/ सुनील पाण्डेय: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने कहा कि विकसित भारत के लिए विकसित हरियाणा हमारा संकल्प है। इस संकल्प की सिद्धि के लिए, हरियाणा के लोगों की सेवा के लिए और यहां के युवाओं के सपनों को पूरा करने के लिए सरकार ज्यादा स्पीड से और ज्यादा बड़े स्केल पर काम करेगी। गरीब, किसान, नौजवान और नारी शक्ति, इन चारों स्तंभों को सशक्त करने के लिए डबल इंजन सरकार निरंतर काम कर रही है और हम सभी के प्रयासों से हरियाणा जरूर विकसित होगा। हरियाणा फलेगा, फुलेगा और देश का नाम रोशन करेगा, ऐसी मेरी शुभकामनाएं हैं।
प्रधानमंत्री आज यमुनानगर में आयोजित विकसित भारत-विकसित हरियाणा समारोह में प्रदेशवासियों को विकास परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास करने उपरांत उपस्थितजन को संबोधित कर रहे थे। समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह, केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्ण पाल, हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज, कृष्ण लाल पंवार और श्याम सिंह राणा भी मौजूद रहे।
—गरीब, किसान, नौजवान और नारी शक्ति के प्रयासों से हरियाणा जरूर विकसित होगा
—हरियाणा के किसानों की मेहनत हर भारतीय की थाली में आती है नजर: प्रधानमंत्री
उन्होंने कहा कि यमुनानगर सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि यह भारत के औद्योगिक नक्शे का भी अहम हिस्सा है। प्लाईवुड उद्योग से लेकर पीतल और स्टील के बर्तन तक यह पूरा क्षेत्र भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूती देता है। यह धरती कपाल मोचन मेला, ऋषि वेदव्यास की तपोभूमि और गुरु गोबिंद सिंह जी की शस्त्र भूमि है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यमुनानगर के साथ उनकी अनेक पुरानी यादें जुड़ी हैं। जब वे हरियाणा के प्रभारी थे, तो पंचकूला से यहां आना-जाना लगा रहता था और कर्मठ कार्यकर्ताओं के साथ काम करने का अवसर मिला। ऐसे कर्मठ कार्यकर्ताओं की परंपरा आज भी चल रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा लगातार तीसरी बार डबल इंजन सरकार के विकास को बढ़ता हुआ देख रहा है और अब तो ट्रिपल इंजन की सरकार हो गई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हरियाणा की गाड़ी विकास के पथ पर दौड़ रही है। हरियाणा के किसानों की मेहनत हर भारतीय की थाली में नजर आती है। भाजपा की डबल इंजन की सरकार किसानों के दुख:सुख की सबसे बड़ी साथी है। हमारा प्रयास है कि हरियाणा के किसानों का सामर्थ्य बढ़े। हरियाणा की सरकार अब राज्य की 24 फसलों को एमएसपी पर खरीद रही है। हरियाणा के लाखों किसानों को पीएम फसल बीमा योजना का लाभ भी मिल रहा है। इस योजना के तहत लगभग 9 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा क्लेम दिए गए। पीएम किसान सम्मान निधि से साढ़े 6 हजार करोड़ रुपये हरियाणा के किसानों के खातों में गए हैं। इतना ही नहीं, हरियाणा सरकार ने अंग्रेजों के जमाने से चले आ रहे आबियाना को भी खत्म कर दिया। अब किसानों को नहर के पानी पर टैक्स भी नहीं देना पड़ता।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से किसानों, पशुपालकों को आय के नए साधन मिल रहे हैं। गोबर्धन योजना में गोबर से और खेती के अवशेष से, दूसरे जैविक कचरे से बायोगैस बनाई जा रही है। इस वर्ष के बजट में देशभर में 500 गोबर्धन प्लांट बनाने का लक्ष्य रखा है। यमुनानगर में भी आज नए गोबर्धन प्लांट की आधारशिला रखी गई है। इससे नगर निगम के भी हर साल 3 करोड रुपए बचेंगे। गोबर्धन योजना स्वच्छ भारत अभियान में भी मदद कर रही है।
कांग्रेस शासित राज्यों में जनता से हो रहा विश्वासघात
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे लिए राजनीति सत्ता सुख का नहीं, बल्कि जनता और देश की सेवा का माध्यम है। इसलिए भाजपा जो कहती है उसे डंके की चोट पर करती है। हरियाणा में तीसरी बार सरकार बनने के बाद हम लगातार जनता से किए वायदे पूरे कर रहे हैं। लेकिन कांग्रेस शासित राज्यों में जनता से विश्वासघात हो रहा है। हिमाचल में जनता कितनी परेशान है, विकास के जनकल्याण के सारे कम ठप पड़े हैं। कर्नाटक में तो बिजली से लेकर दूध तक हर चीज महंगी हो रही है। सोशल मीडिया पर देखते हैं कि कर्नाटक में कांग्रेस सरकार ने महंगाई बढ़ाई है, भांति—भांति के टैक्स लगाए हैं। सोशल मीडिया पर लोगों ने ए टू जेड तक पूरी एबीसीडी और हर अक्षर के साथ कैसे-कैसे कांग्रेस ने टैक्स बढ़ाया, उसका पूरा लिंक बनाकर कांग्रेस की पोल खोली है। वहां के मुख्यमंत्री के करीबी भी कहते हैं कि कांग्रेस ने कर्नाटक को करप्शन में नंबर वन बना दिया। कर्नाटक की कांग्रेस सरकार जनता से किए वादे भूल गई है। तेलंगाना में कांग्रेस सरकार जंगलों पर बुलडोजर चलवा रही है, जानवरों को और प्रकृति को खतरा है।
उन्होंने कहा कि एक ओर हमारी सरकार कचरे से गोबर्धन बनाने का प्रयास कर रही है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस इस प्रकार के कार्य कर रही है। देश के सामने दो मॉडल है, एक तरफ कांग्रेस का मॉडल है जो पूरी तरह झूठ है, झूठा साबित होता है। दूसरा मॉडल बीजेपी का है जो सत्य के आधार पर चल रहा है। बाबा साहेब अंबेडकर की दी हुई दिशा पर चल रहा है, संविधान की मर्यादाओं के अनुरूप चल रहा है।
दीनबंधु सर छोटू राम थर्मल प्लांट की तीसरी इकाई
नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज दीनबंधु सर छोटू राम थर्मल प्लांट की तीसरी इकाई का काम शुरू हुआ है। इसका फायदा यमुनानगर को होगा, उद्योगों को होगा। भारत में जितना प्लाईवुड बनता है उसका आधा तो यमुनानगर में होता है। यहां एल्युमिनियम, कॉपर और पीतल के बर्तनों की मैन्युफैक्चरिंग बड़े पैमाने पर होती है। यहीं से पेट्रोकेमिकल प्लांट के उपकरण दुनिया के कई देशों में भेजे जाते हैं। बिजली का उत्पादन बढ़ने से इन सभी को फायदा होगा और यहां मिशन मैन्युफैक्चरिंग को मदद मिलेगी।
कांग्रेस सरकार में देशभर में होता था ब्लैकआउट
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में बिजली की बहुत बड़ी भूमिका होने वाली है और हमारी सरकार बिजली की उपलब्धता बढ़ाने के लिए चौतरफा काम कर रही है। चाहे वन नेशन-वन ग्रिड हो, नए पावर प्लांट हो, सोलर एनर्जी हो, न्यूक्लियर सेक्टर का विस्तार हो, हमारा प्रयास है कि देश में बिजली का उत्पादन बढ़े। राष्ट्र निर्माण में बिजली की कमी बाधा न बने। लेकिन कांग्रेस के दिनों को हमें भूलना नहीं चाहिए। वर्ष 2014 से पहले जब कांग्रेस की सरकार थी, वो दिन भी सबने देखे हैं, जब पूरे देश में ब्लैक—आउट होते थे। बिजली गुल हो जाती थी। कांग्रेस की सरकार रहती तो देश को आज भी ऐसे ही ब्लैक—आउट से गुजरना पड़ता। न कारखाने चल पाते, न रेल चल पाती, न खेतों में पानी पहुंच पाता। यानी कांग्रेस की सरकार रहती तो ऐसे ही संकट बना रहता और बढ़ता। अब इतने वर्षों के प्रयासों के बाद आज हालात बदल रहे हैं। बीते एक दशक में भारत ने बिजली उत्पादन की क्षमता को करीब 2 गुणा किया है। आज भारत अपनी जरूरत को पूरा करने के साथ-साथ पड़ोसी देशों को बिजली निर्यात भी करता है।
देश के लोगों को पावर जनरेटर भी बना रहे
श्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि एक तरफ तो हम देश को पावर के मामले में आगे बढ़ा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ देश के लोगों को पावर जनरेटर भी बना रहे हैं। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरों की छत पर सोलर पैनल लगाकर लोग अपने बिजली का बिल जीरो कर सकते हैं। इतना ही नहीं, जो अतिरिक्त बिजली का उत्पादन होगा, उसे बेचकर लोग कमाई भी कर सकते हैं। अब तक देश के सवा करोड़ से ज्यादा लोग इस योजना के तहत पंजीकरण करा चुके हैं। हरियाणा के भी लाखों लोगों ने इससे जुड़ने के लिए आवेदन किया है। जैसे-जैसे इस योजना का विस्तार हो रहा है, इससे जुड़ा इकोसिस्टम भी बढ़ रहा है। सोलर सेक्टर में नई स्किल बन रही है, एमएसएमई के लिए नए मौके बन रहे हैं और युवाओं के लिए अनेक अवसर तैयार हो रहे हैं।
भारत के विकास के लिए मैन्युफैक्चरिंग पर फोकस
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार बाबा साहेब के विचारों को आगे बढ़ाते हुए चल रही है। बाबा साहेब अंबेडकर ने उद्योगों के विकास को सामाजिक न्याय का मार्ग बताया था। उन्होंने भारत में छोटी जोतों की समस्या को पहचाना था। बाबा साहेब कहते थे कि दलितों के पास खेती के लिए पर्याप्त जमीन नहीं है, इसलिए दलितों को उद्योगों से सबसे अधिक फायदा मिलता है। बाबा साहेब का विजन था कि उद्योगों से दलितों को ज्यादा रोजगार मिलेंगे और उनका जीवन स्तर ऊपर उठेगा। भारत में औद्योगिकीकरण की दिशा में बाबा साहब ने देश के पहले उद्योग मंत्री डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ मिलकर काम किया था।