35.7 C
New Delhi
Thursday, April 25, 2024

यूपी में लगा चौका, जनता और लोकतंत्र की हुई जीत : प्रधानमंत्री

नई दिल्ली /खुशबू पाण्डेय : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भारतीय जनता पार्टी को मिली ऐतिहासिक विजय के बाद गुरुवार देर शाम नई दिल्ली स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं के सैलाब को संबोधित किया और इस जीत को जनता की जीत बताया, लोकतंत्र की जीत बताया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ये उत्सव भारत के लोकतंत्र के लिए है। हमारी माताओं, बहनों और युवाओं ने जिस तरह भारतीय जनता पार्टी को भरपूर समर्थन दिया है, वह अपने आप में बहुत बड़ा संकेत है। मुझे इस बात का भी संतोष है कि फर्स्ट टाइम वोटर्स ने बढ़-चढ़ कर मतदान में हिस्सा लिया और भाजपा की जीत पक्की की।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं और भाजपा की विजय यात्रा को सुनिश्चित करने वाले राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का अभिनंदन किया। पीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आज कार्यकर्ताओं ने जीत का चौका लगाया है। उत्तर प्रदेश ने देश को अनेक प्रधानमंत्री दिए थे लेकिन 5 साल का कार्यकाल पूरा करने वाले किसी मुख्यमंत्री के दोबारा चुने जाने का ये पहला उदाहरण है।

—प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा की चार राज्यों में हुई जीत पर जनता को दी बधाई
—भारत में परिवारवादी राजनीति का सूर्यास्त एक दिन होगा
—महिला मतदाताओं ने पुरुषों के मुकाबले ज्यादा मतदान किया : मोदी

उत्तर प्रदेश में 37 साल बाद कोई सरकार लगातार दूसरी बार सत्ता में आई है। तीन राज्यों यूपी, गोवा और मणिपुर में सरकार में होने के बावजूद भाजपा के वोट शेयर में वृद्धि हुई है। गोवा में सारे एग्जिट पोल गलत सिद्ध हुए और गोवा की जनता ने हमें फिर से सेवा का अवसर दिया। 10 साल सत्ता में रहने के बाद भी गोवा में भाजपा की सीटें बढ़ी हैं। पीएम मोदी ने कहा कि उत्तराखंड में भी भारतीय जनता पार्टी ने नया इतिहास रचा है। देवभूमि में पहली बार कोई पार्टी लगातार दूसरी बार सत्ता में आई है। सीमा से सटा एक पहाड़ी राज्य (उत्तराखंड), एक समुद्र तटीय राज्य (गोवा), एक मां गंगा का विशेष आशीर्वाद प्राप्त राज्य (उत्तर प्रदेश) और पूर्वोत्तर सीमा पर एक राज्य (मणिपुर) – भाजपा को चारों दिशाओं से आशीर्वाद मिला है। इन राज्यों की चुनौतियां भिन्न हैं। सबकी विकास की यात्रा का मार्ग भिन्न है लेकिन, एक सूत्र जो उभयनिष्ठ है, वह है – भाजपा पर विश्वास, भाजपा की नीति, भाजपा की नीयत और भाजपा के निर्णयों पर अपार विश्वास। ये नतीजे भाजपा की प्रो-पुअर, प्रो-एक्टिव गवर्नेंस पर एक प्रकार से बड़ी मुहर है।

यूपी में लगा चौका, जनता और लोकतंत्र की हुई जीत : प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश भर में और जहां-जहाँ भाजपा की सरकारें हैं, वहां गवर्नेंस डिलिवरी सिस्टम बेहतर किया। गरीब के घर तक उसका हक पहुंचाए बिना चैन से बैठने वाला इंसान नहीं हूं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जिन मुद्दों को उठा रहा हूं, उस पर बहस होना जरूरी है। एक न एक दिन ऐसा आएगा, जब भारत में परिवारवादी राजनीति का सूर्यास्त नागरिक करके रहेंगे। इस चुनाव में देश के मतदाताओं ने अपनी सूझ-बूझ का परिचय दिखाते हुए, क्या होने वाला है, इसका इशारा कर दिया है। पीएम ने कहा कि आज मैं एक और विषय रखना चाहता हूं और वह है भ्रष्टाचार के खिलाफ एक्शन रोकने की साजिश। हमारे देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोगों में एक नफरत का भाव रहता है। देश की गाढ़ी कमाई लूटकर तिजोरी भरने की प्रवृत्ति कुछ लोगों की पहचान के साथ जुड़ गई है।
प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं, बहन, बेटियों को विशेष रूप से नमन किया। साथ ही कहा कि चुनाव में उनका बड़ा योगदान रहा है। ये हमारा सौभाग्य है कि भाजपा को बहनों, बेटियों और माताओं ने इतना स्नेह दिया, इतना आशीर्वाद मिला है। जहां-जहां महिला मतदाताओं ने पुरुषों के मुकाबले ज्यादा मतदान किया है, वहां भारतीय जनता पार्टी को बंपर जीत मिली है। हमारी माताएं, बहनें, बेटियां, स्त्री शक्ति भाजपा की जीत की साक्षी बनी हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 2014, 2017, 2019 और अब 2022 हर बार उत्तर प्रदेश की जनता ने सिर्फ विकासवाद की राजनीति को ही चुना है। यूपी की जनता ने इन लोगों को ये सबक दिया है। ये सबक उन्हें सीखना होगा। उत्तर प्रदेश के हर नागरिक ने ये सबक दिया है कि जाति की गरिमा, जाति का मान, देश को जोड़ने के लिए होना चाहिए, तोड़ने के लिए नहीं। ये चार-चार चुनावों में हमने करके दिखाया है।
उन्होंने कहा कि 2019 के चुनाव नतीजों के बाद कुछ पॉलिटिकल ज्ञानियों ने कहा था कि 2019 की जीत में क्या है, ये तो 2017 में ही तय हो गई थी, क्योंकि 2017 में यूपी का रिजल्ट आया था। मैं मानता हूं कि इस बार भी ये ज्ञानी जरूर कहने की हिम्मत करेंगे कि 2022 के नतीजों ने 2024 के नतीजे तय कर दिए हैं। देश में जहां-जहां डबल इंजन की सरकार रही, वहां पर जनता के हितों की सुरक्षा हुई।

पंजाब में भाजपा मजबूती से चुनाव लडी

प्रधानमंत्री मोदी ने पंजाब के भाजपा कार्यकर्ताओं की विशेष प्रशंसा की। साथ ही कहा कि उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी जिस प्रकार पार्टी का झंडा बुलंद किया है, वो आने वाले समय में पंजाब में भाजपा की मजबूती और देश की मजबूती को विकसित करने में सहायक होगा। पंजाब में भाजपा एक शक्ति के रूप में उभरनी है, ये मैं अपनी आंखों के सामने देख रहा हूं। सीमावर्ती राज्य होने के नाते उस राज्य को अलगाववादी राजनीति से सतर्क रखना भाजपा का कार्यकर्ता जान की बाजी लगाकर करेगा। आने वाले 5 सालों में भाजपा का हर कार्यकर्ता वहां इस दायित्व को जोर-शोर से निभाने वाला है, ये विश्वास मैं पंजाब की जनता को देना चाहता हूं।

हर देश पर पड़ रहा है युद्ध

जो युद्ध चल रहा है, उसका प्रभाव प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से दुनिया के हर देश पर पड़ रहा है। भारत शांति के पक्ष में है। बातचीत से हर समस्या को सुलझाने के पक्ष में है, जो देश सीधे जंग लड़ रहे हैं, भारत का उनसे आर्थिक, सुरक्षा, शिक्षा, राजनीतिक दृष्टि से नाता है। भारत की बहुत सारी जरूरतें इन देशों से जुड़ी हुई हैं।

भ्रष्टाचारी पर कार्रवाई होते ही धर्म का रंग देते हैं कुछ दल

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज कल एक जमात की एक प्रवृत्ति बन गई है कि पहले हजारों करोड़ रुपए का भ्रष्टाचार करते हैं, फिर जांच भी नहीं होने देते, जांच हो तो उस पर दबाव बनाते हैं। ये लोग किसी भ्रष्टाचारी पर कार्रवाई होते ही उसे धर्म का रंग देते है, प्रदेश का रंग दे देेते हैं, जाति का रंग दे देते हैं। ये नए तरीके शुरू हुए हैं। किसी माफिया के खिलाफ अदालत कोई फैसला सुना देती है तो भी ये लोग उसे धर्म से जोड़ देते हैं। मैं भारत के सभी संप्रदायों, जातियों पर गर्व करने वाले ईमानदारों से आग्रह करता हूं कि ऐसे भ्रष्टाचारियों, माफियाओं को अपने समाज, संप्रदाय और जाति से दूर करने की हिम्मत करें। इससे समाज भी मजबूत होगा, संप्रदाय भी मजबूत होगा।

 

latest news

Previous article
Next article

Related Articles

epaper

Latest Articles