35.6 C
New Delhi
Wednesday, April 30, 2025

किन्‍नौर में हिला पहाड़, टूटा पुल, नौ पर्यटकों की दर्दनाक मौत

—मरने वाले पर्यटक महाराष्‍ट्, राजस्‍थान, छत्‍तीसगढ़, वेस्‍ट दिल्‍ली के निवासी
—प्रधानमंत्री मोदी ने घटना पर जताया दुख, व्यक्त की हार्दिक संवेदनाएं

किन्नौर /टीम डिजिटल। हिमाचल के किन्नौर जिले में भूस्‍खलन व पत्‍थर गिरने के कारण टेंपो ट्रैवलर में घूमने आए नौ पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। छितकुल- सांगला मार्ग पर बटसेरी में चट्टानों की चपेट में हरियाणा नंबर HR 55 AG 9003 ट्रैवलर आई और एक पुल भी टूट गया। किन्नौर की सांगला वैली में अचानक पहाड़ी के ऊपर से पत्थर टूटकर गिरने लगे और नीचे बह रही नदी तक आते आते उनकी रफ़्तार इतनी तेज़ हो गई कि उन्होंने नदी पर बने लोहे के पुल को भी तोड़ दिया। भारी बोल्डर और पत्थरों के गिरने की इस घटना की चपेट में आसपास के कई टूरिस्ट भी आ गए। पर्यटक महाराष्‍ट्, राजस्‍थान, छत्‍तीसगढ़, वेस्‍ट दिल्‍ली के हैं। मरने वालों में प्रतीक्षा पाटिल पुत्री सुनील पाटिल, सदभावना नगर, साओनर पतंसाबांगी, नागपुर, महाराष्‍ट्,दीपा शर्मा, पुत्री राम भरोसी,हीरापथ मनसा रोबर जयपुर, अमोघ बपत पुत्र प्रशांत बपत, एचटीपीएस कालोनी, अन्नपूर्णा विहार, कोरबा दाड़ी छत्तीसगढ़, उमराब सिंह (चालक) पुत्र जुगल किशोर, रघुबीर नगर, टैगोर गार्डन, वेस्ट दिल्ली,कुमार उल्हास वेदपाठक,अनुराग बियानी पुत्र नंद किशोर बियानी, परश्रथ मार्ग, बजाज रोड, मधोगंज सिकर, राजस्थान, माया देवी बियानी पत्नी नंद किशोर बियानी, परश्रथ मार्ग, बजाज रोड, मधोगंज सिकर, राजस्थान, ऋचा बियानी पुत्री नंद किशोर बियानी, परश्रथ मार्ग, बजाज रोड, मधोगंज सिकर, राजस्थान, सतीश कटकबर पुत्र एमएल कटकबर, छत्तीसगढ़ शामिल हैं। जबकि शिरिल ओबराय पुत्र अशोक ओबराय, मोतीनगर रमेश नगर, वेस्ट दिल्ली, नवीन भारद्वाज पुत्र बलबीर सिंह रणजीत नगर, खरल, मोहाली पंजाब, एवं रणजीत सिंह (राहगीर) पुत्र स्व. मलबर वीपीओ बतसेरी तहसील सांगला, किन्नौर घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताते हुए ट्वीट कर लिखा कि हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में भूस्खलन से हुआ हादसा अत्यंत दुखद है। इसमें जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। दुर्घटना में घायल हुए लोगों के इलाज की पूरी व्यवस्था की जा रही है। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
बता दें कि हादसा रविवार दोपहर डेढ़ बजे के आसपास का है। शनिवार को भी इसी जगह पर भूस्‍खलन हुआ था और पर्यटक बाल-बाल बचे थे। पर्यटकों की गाड़ी पर भारी पत्‍थर गिरने के कारण लोगाें को संभलने का मौका ही नहीं मिला और काल के ग्रास बन गए । हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। भूस्खलन होने से गांव के लिए बास्पा नदी पर बना पुल टूट गया है जिससे गांव का संपर्क देश-दुनिया से कट गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पहाड़ से भूस्खलन सहित चट्टानें गिरने से कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि पहाड़ी से लगातार पत्थर गिर रहे हैं जिस कारण रेस्क्यू में दिक्कत आ रही है। घटनास्थल पर चीख पुकार मची हुई है। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज किन्नौर जिले के बटसेरी में पहाड़ी दरकने के कारण नौ लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी दरकने के कारण नौ पर्यटकों की मृत्यु तथा तीन अन्यों के घायल होने की घटना अत्यंत दुखद है। उन्होंने प्रशासन को तुरन्त राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने तथा प्रभावितों को फौरी राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शान्ति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।

latest news

Related Articles

Delhi epaper

Prayagraj epaper

Latest Articles