42.1 C
New Delhi
Sunday, June 8, 2025

इंतजार खत्म, कुछ घंटे में खुलेंगे रेस्त्रां, माॅल्स और धार्मिक स्थल

—सोशल डिस्टेंसिंग का पालन अनिवार्य, माॅस्क पहनना होगा
—मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारे भी आज से खुलेंगे
—दिल्ली में अभी बैंक्वेट हाॅल और होटल नहीं खोले जा रहे हैं

नई दिल्ली /टीम डिजिटल : केंद्र सरकार ने नए आदेश जारी किया है। गाइड लाइन के अनुसार, 8 जून से देश भर में रेस्त्रां, माॅल्स और धार्मिक स्थल खोले जाएंगे। दिल्ली सरकार भी केंद्र सरकार के उन्हीं आदेशों के मुताबिक कल से दिल्ली में रेस्त्रां, माॅल्स और धार्मिक स्थल खोलने जा रही है, लेकिन जब यह खोले जाएंगे, तब वहां सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा, माॅस्क पहनना होगा। साथ ही जितने भी ऐहतियात बरतने के लिए केंद्र सरकार ने आदेश दिए हैं, उन सभी कदमों को दिल्ली सरकार लागू करने जा रही है।

यह आदेश आज लागू हो जाएंगे। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में अभी बैंक्वेट हाॅल और होटल नहीं खोले जा रहे हैं, क्योंकि दिल्ली में बढ़ते हुए कोरोना के केस को ध्यान में रखते हुए आने वाले समय में हमें कई होटल और बैंक्वेट्स को अस्पताल से संबद्ध करके उनको अस्पताल के रूप में तब्दील करना पड़ सकता है। इसी के मद्देनजर अभी होटल और बैंक्वेट हाॅल को नहीं खोला जा रहा है।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम सब लोगों ने मिल कर धीरे-धीरे सभी अर्थ व्यवस्था खोल ली है और लाॅकडाउन में ढील दे दी है। लाॅकडाउन में ढील देने का यह मतलब नहीं है कि कोरोना खत्म हो गया है। अभी कोरोना बहुत तेजी से बढ़ रहा है। कई लोग बिना मास्क पहने हुए घर के बाहर निकल रहे हैं। मास्क पहन कर आप किसी पर एहसान नहीं कर रहे हैं, बल्कि अपने आप पर एहसान कर रहे हैं। अगर आप ऐहतियात बरतेंगे, तो कोरोना से बच सकते हैं। इसलिए हमें सोशल डिस्टेसिंग का पालन करते रहना है, मास्क पहनना है और बार-बार हाथ धोते रहना है। यह तीन चीजें हमें अच्छे से करनी है।

बुजुर्गों से अनुरोध उनके लिए रहेगा लाॅकडाउन

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सभी बुजुर्गों से अनुरोध करते हुए कहा कि आप यह मान कर चलें कि आपके लिए अभी लाॅकडाउन खत्म नहीं हुआ है। आपके लिए अभी भी लाॅकडाउन है। बल्कि इस समय आपके लिए तो और ज्यादा लाॅकडाउन है। आपको लाॅकडाउन का सख्ती से पालन करना है। मसलन, आपके घर में बच्चे हैं, तो कुछ दिनों के लिए आप अपने बच्चों के संपर्क में आना बंद कर दीजिए। अपने घर के अन्य सदस्यों के संपर्क में आने से बचिए और एक ही कमरे में रहिए। अगर जरूरत है कि एक बार घर के बाहर घूम कर आ जाइए, लेकिन किसी के संपर्क में आने से बचें। जितनी मौतें हो रही हैं, उनमे सबसे ज्यादा बुजुर्ग हैं। इसलिए जो बुजुर्ग हैं और जिन्हें कैंसर, डायबिटिज, सांस आदि की गंभीर बीमार है, इन्हें ज्यादा ऐहतियात बरतने की जरूरत है।

दिल्ली के बाॅर्डर कल से सबके लिए खुलेगा

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कल से दिल्ली के बाॅर्डर खोले जा रहे हैं। एक सप्ताह पहले हमने दिल्ली के बाॅर्डर सील किए थे। क्योंकि, हमें यह लग रहा था कि बाॅर्डर खोल दिए, तो देश भर से मरीज दिल्ली के अस्पतालों में इलाज कराने आएंगे। अभी जो दिल्ली के अस्पताल कोरोना का इलाज कर रहे हैं, क्या वे उस दबाव को बर्दाश्त कर पाएंगे। इसलिए बाॅर्डर को सील किया गया था। अब कल से दिल्ली के बाॅर्डर को खोला जा रहा है।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले सप्ताह दिल्ली के लोगों से पूछा था कि मार्च के महीने तक (जब कोरोना नहीं था) दिल्ली के सारे अस्पताल देश के लोगों के लिए खुले रहते थे। दिल्ली के लोगों ने कभी भी अपने देश के लोगों का इलाज करने से मना नहीं किया। किसी भी वक्त हमारे दिल्ली के सारे अस्पतालों में 60 से 70 प्रतिशत मरीज दिल्ली के बाहर से आए हुए होते थे। इसके लिए हमने कभी भी मना नहीं किया। लेकिन इस वक्त दिल्ली खुद बहुत बड़ी समस्या में है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles

Delhi epaper

Prayagraj epaper

Latest Articles