36.1 C
New Delhi
Saturday, July 27, 2024

BJP राष्ट्रीय कार्यकारिणी : वंशवाद, जातिवाद, तुष्टीकरण खत्म करेगी भाजपा

हैदराबाद /सुनील पाण्डेय । भारतीय जनता पार्टी ने देश में सांप्रदायिकता और नकारात्मकता की राजनीति को समाप्त करके सुशासन एवं विकास की राजनीति स्थापित करने के लिए परिवारवाद, जातिवाद और तुष्टीकरण को समाप्त करने की आज आवश्यकता बतायी और कहा कि ऐसा करने पर देश की हर समस्या खत्म हो जाएगी।  भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में रविवार को पारित ‘राजनीतिक प्रस्ताव’ में यह बात कही गयी। गृह मंत्री अमित शाह ने राजनीतिक प्रस्ताव पेश किया और कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई एवं असम के मुख्यमंत्री हेमंत विश्व शर्मा ने इसका अनुमोदन किया। अमित शाह ने कहा कि सांप्रदायिकता और नकारात्मकता की राजनीति देश में सभी समस्याओं की जड़ है। देश में सुशासन एवं विकास की राजनीति स्थापित करने के लिए परिवारवाद, जातिवाद और तुष्टीकरण को समाप्त करने की आवश्यकता और ऐसा करने पर देश की हर समस्या खत्म हो जाएगी।

—राष्ट्रीय कार्यकारिणी : गृहमंत्री अमित शाह ने पेश किया राजनीतिक प्रस्ताव
—बंगाल, तेलंगाना, तमिलनाडु में भाजपा करेगी चमत्कार : शाह
—विकास के लिए पूरे देश में 40 सालों तक भाजपा का शासन जरूरी
—सांप्रदायिकता और नकारात्मकता की राजनीति सभी समस्याओं की जड़

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि असम एवं पूर्वोत्तर में भाजपा का गढ़ बन गया है। पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, तमिलनाडु में भी भाजपा चमत्कार होगा और वहां भी भाजपा आएगी। उन्होंने कहा कि तेलंगाना समेत दक्षिण भारत के राज्यों में भाजपा तेजी से आगे बढ रही है और बहुत जल्दी तेलंगाना तमिलनाडु में कोई चमत्कार देखने को मिलेगा और भाजपा वहां सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षित और समृद्ध भारत के लिए अगले 30 से 40 साल तक देश और राज्यों में भाजपा की सरकार होनी जरूरी है। ऐसा होने के बाद उसी के प्रयास से भारत विश्व गुरु बनेगा। अमित शाह ने देश भर में अगले 40 साल तक के लिए भाजपा सरकार को जरूरी बताया।

 शिव की तरह अपमान का विष पीते रहे पीएम मोदी
गृहमंत्री अमित शाह ने राजनीतिक प्रस्ताव में गुजरात दंगों को लेकर उच्चतम न्यायालय के हालिया फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए इसकी सराहना की गयी और कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बीते 20 साल से लग रहे आरोपों को भगवान शंकर के विषपान के समान सहन किया और आज तक हर जांच में सोने की तरह चमकते हुए बेदाग निकल कर आये हैं। प्रधानमंत्री मोदी पर जो भी आरोप लगाया गया, अदालत ने उसे पूरा झूठा करार दिया, इसे राजनीति से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि  मोदी ने संविधान का पालन करते हुए पूरे बीस साल तक बिना कुछ कहे चुपचाप आरोपों और एसआईटी की जांच का सामना किया।

बिखरा है विपक्ष, हताश हो गई है कांग्रेस
गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष पर अटैक करते हुए कहा कि आज विपक्ष बिखरा हुआ है, कांग्रेस में लोकतंत्र स्थापित करने के लिए उसके ही सदस्य लड़ाई कर रहे हैं। यही कारण है कि  गांधी परिवार डर के कारण अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं कर रहा है। गृह मंत्री ने यह भी कहा कि कांग्रेस को ‘मोदी फोबिया’ हो गया है, कांग्रेस देशहित के हर निर्णय का विरोध करने लगी है। कांग्रेस पूरी तरह से हताशा और निराशा है। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक का विरोध, अनुच्छेद 370 खत्म करने का विरोध, जीएसटी का विरोध, आयुष्मान भारत का विरोध, वैक्सीन और वैक्सीनेशन का विरोध, सीएए का विरोध, राम मंदिर का विरोध, ऐसे ही हर विषय में कांग्रेस केवल विरोध ही विरोध करते जा रही है।

बाहरी और आंतरिक सुरक्षा मजबूत हुई

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के शासन काल में दो राष्ट्रपति के चुनाव का अवसर आया। भाजपा ने एक बार दलित को और दूसरी बार एक महिला आदिवासी को चुना जो जमीन से जुड़ी रही हैं। इसके अलावा मोदी के नेतृत्व में बाहरी और आंतरिक सुरक्षा मजबूत हुई है। रक्षा क्षेत्र में व्यापक सुधार हुआ है। अनुच्छेद 370 को हटाकर जम्मू-कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाया है। उन्होंने अग्निपथ योजना की भी सराहना की जो सेना को आधुनिक एवं अधिक दक्ष बनाएगी। देश में तीन हजार से अधिक रक्षा उपकरणों एवं साजो सामान के आयात पर रोक लगाने से मेक इन इंडिया को बल मिला है।

जनता को गंदी राजनीति से बचाया

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा एक के बाद एक चुनाव जीत रही है। पहले चुनाव जातिवाद,परिवारवाद और तुष्टिकरण के आधार पर लड़ा जाता था। क्षेत्रवाद भी चरम था। लेकिन पीएम मोदी के नेतृत्व में इस तरह के नासूर से हमें मुक्ति मिली है। आज चुनाव राजनीतिक प्रदर्शन और विकास के आधार पर लड़े जा रहे हैं। यूपी, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर के चुनाव इसी बात का संकेत देते हैं। निकाय चुनाव और उपचुनाव में भी भाजपा एकतरफा जीत हासिल कर रही है। पिछले 8 सालों में मोदी सरकार के शासन काल के दौरान भ्रष्टाचार, क्षेत्रवाद, लचर प्रशासनिक व्यवस्था से मुक्ति हासिल हुई है।

 पीएम मोदी के नेतृत्व में हासिल हुईं बड़ी उपलब्धियां

भारत में अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर देखा जाए तो गरीबी 22 फीसदी से घटकर 10 फीसदी तक आ गई है। स्वास्थ्य सुविधाओं के मामले में भारत 2026 तक दुनिया के 5 प्रमुख देशों में आ जाएगा। वैश्विक परिदृश्य पर भारत के उभरते नेतृत्व पर भी अमित शाह ने अपना नजरिया रखा। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत ग्लोबल लीडर बना है। आज दुनिया के सभी राष्ट्राध्यक्ष पीएम मोदी की तरफ आशा भरी निगाहों से देखते हैं। भारत की विदेश नीति देश हित में बनी है। पर्यावरण, सौर ऊर्जा, आतंकवाद जैसे वैश्विक मुद्दे पर आज भारत की राय सबसे अहमियत रखती है। आज दुनिया के लगभग सभी देश योग को अपना चुके हैं।

latest news

Related Articles

epaper

Latest Articles