22.1 C
New Delhi
Tuesday, October 28, 2025

बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत का निधन, सदमें में देश

Join whatsapp channel Join Now
Join Telegram Group Join Now

—मुंबई में अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली
—राजपूत के निधन से फिल्म जगत समेत पूरे देश में शोक की लहर
—कई महीनों से डिप्रेशन में थे सुशांत, हर कोई स्तब्ध

(अ​दिति सिंह) 
मुबंई/ टीम डिजिटल : मशहूर बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने मुंबई में अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। बॉलीवुड के राइजिंग सुपरस्टार्स की श्रेणी में आने वाले 34 वर्षीय एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के निधन से फिल्म जगत समेत पूरे देश में शोक की लहर है। वह बिहार की राजधानी पटना के मूलत: रहने वाले थे। उनके घर पर भी सभी दुखी हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, सुशांत के कुछ दोस्त भी उनके घर पर थे। शुरू में बताया गया कि जब उनके कमरे के दरवाजे को जब तोड़ा गया तो रूम में सुशांत फांसी के फंदे से लटके पाए गए। हालांकि बाद में बताया गया कि चाभी वाले को बुलाकर दरवाजा खोला गया था। पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार, वे पिछले छह महीनों से डिप्रेशन से गुजर रहे थे।

पार‍िवारिक सूत्रों की मानें तो सुशांत सिंह राजपूत का अंतिम संस्कार मुंबई में किया जाएगा। बेटे सुशांत के अंतिम संस्कार के लिए उनके पिता सोमवार को 11 बजे मुंबई के लिए रवाना होंगे। सुशांत के पिता अपने बेटे के अचानक चले जाने से सदमे में हैं। वे अभी किसी से बातचीत नहीं कर रहे हैं। वे बोलने की स्थिति में नहीं हैं। सुशांत के घर पर आस-पड़ोस के लोग पहुंच रहे हैं। सभी इस बात से हैरान हैं। सभी लोगों के मन में यही सवाल है कि सुशांत ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। सुशांत पिछले साल मई में पटना आए थे। तब उन्होंने मोहल्ले के मंदिर में पूजा अर्चना की थी।
बहरहाल, सुशांत किस वजह से डिप्रेशन में थे इसकी कोई वजह अभी सामने नहीं आई है। सुशांत का करियर भी सही ट्रैक पर जा रहा था। ऐसे में सुशांत ने किस तनाव के चलते कम उम्र में इतना बड़ा कदम उठाया, इसकी वजह की पड़ताल जारी है।
गौरतलब है कि सुशांत सिंह राजपूत ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत टीवी इंडस्ट्री से की थी। सुशांत ने एकता कपूर के शो पवित्र रिश्ता में मानव का रोल प्ले किया था। इसके बाद वे फिल्मों में आए और एक से बढ़कर फिल्में उन्होंने की। सुशांत का करियर ग्रोथफुल था।

बॉलीवुड इंडस्ट्री आहत, सभी ने किया याद

सुशांत सिंह राजपूत फिल्म इंडस्ट्री के भी चहेते बन गए थे। उनके निधन से बॉलीवुड स्टार्स भी काफी दुखी हैं। वहीं सुशांत से इस फैसले ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को सदमे में डाल दिया है। शाहरुख खान, सोनू सूद, एकता कपूर और ऋचा चड्ढा समेत तमाम सितारे एक्टर के निधन पर शोक व्यक्त कर रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सुशांत सिंह राजपूत के निधन पर दुख व्यक्त किया।प्रधानमंत्री ने कहा, ‘सुशांत सिंह राजपूत … एक प्रतिभाशाली युवा अभिनेता ने बहुत जल्द दुनिया को अल‍विदा कह दिया। उन्होंने टीवी सीरियलों और फिल्मों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मनोरंजन की दुनिया में उनके अभ्‍युदय ने कई लोगों को प्रेरित किया और वह अपनी कई यादगार भूमिकाओं के लिए सदैव याद किए जाएंगे। उनके निधन से स्तब्ध हूं। मेरी गहरी संवदेनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।’

अगली फिल्म ‘चंदा मामा दूर के’ रिलीज होने वाली थी

सुशांत सिंह राजपूत ने ‘किस देश में है मेरा दिल’ नाम के डेली सोप में काम किया पर उनको पहचान एकता कपूर के धारावाहिक ‘पवित्र रिश्ता’ से मिली। इसके बाद सुशांत को फिल्में भी मिलने लगीं। फिल्म ‘काय पो छे’ से उन्होंने अपना बॉलीवुड डेब्यू किया था। इस फिल्म के बाद उन्होंने ‘शुद्ध देसी रोमांस’ में वाणी कपूर और परिणीति चोपड़ा के साथ काम किया था। सुशांत सिंह राजपूत को सबसे ज्यादा सुर्खियां तब मिलीं जब उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी की बायोपिक में काम किया था। इस फिल्म में उनके काम की जमकर सराहना हुई थी। सुशांत सिंह राजपूत को इसके बाद लगातार फिल्में मिलती गई। उनमें से ‘सोनचिड़िया’, ‘छिछोरे’ और ‘केदारनाथ’ जैसी फिल्में प्रमुख हैं। सुशांत सिंह राजपूत का जन्म बिहार के पटना में 21 जनवरी, 1986 को हुआ था। वो बिहार के ही पूर्णिया जिले के रहने वाले थे। उनकी अगली फिल्म ‘चंदा मामा दूर के’ रिलीज होने वाली थी, लेकिन शूटिंग बजट के अभाव में रोक दी गई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles

Delhi epaper

Prayagraj epaper

Kurukshetra epaper

Latest Articles