30 C
New Delhi
Friday, May 2, 2025

किसान एंथम गीत बजाकर जागो पार्टी ने कैप्टन सरकार का किया विरोध

–जागो पार्टी ने पंजाब सरकार पर बोला हमला
–अंग्रेजों की तर्ज पर पंजाबियों की जुबान बंद करना चाहती है पंजाब सरकार : जीके

नई दिल्ली/ टीम डिजिटल:  पंजाब सरकार द्वारा किसान एंथम गीत लिखने वाले गीतकार श्रीबराड़ को गिरफ्तार करने के खिलाफ जागो पार्टी ने आज नए अंदाज में विरोध दर्ज किया। पार्टी के अध्यक्ष मनजीत सिंह जीके ने पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्द्र सिंह की सरकार द्वारा श्री बराड़ को गिरफ्तार करने को अंग्रेज सरकार द्वारा पगड़ी संभाल जट्टा गीत की तर्ज पर की गई कार्रवाई के तौर पर परिभाषित किया। जीके ने कहा कि आज बराड़ के लिखे बागी बोल को पार्टी दफ्तर में दुबारा से बजा कर हम यह संदेश देना चाहते हैं कि पंजाब के अधिकारों की आवाज को दबाने वाली सरकारों के खिलाफ जागो पार्टी खुलकर खड़ी है। क्योंकि बेपरवाह सोच हमें पंजाब की धरती से विरासत में मिली है। जब गुरू नानक साहिब ने बाबर को जाबर कहा था, उसी दिन से पंजाबीयों ने अपने आत्म सम्मान के साथ अपने अधिकारों के लिए जूझने का मार्ग खोज लिया था।

किसान एंथम गीत बजाकर जागो पार्टी ने कैप्टन सरकार का किया विरोध
जीके ने कहा कि पंजाब सरकार एक तरफ तो नौजवान सिखों को मार कर समाप्त करने वाले डीजीपी सुमेध सैनी को मुलतानी कत्ल मामले में गिरफ्तार करने में ढिलाई देकर सैनी को सुप्रीम कोर्ट से जमानत लेने का मार्ग प्रदान करती है और दूसरी ओर किसानों के अधिकारों की बात करने वाले बराड़ पर एफआईआर दर्ज करती है। यह पंजाब सरकार की फासीवादी सोच को प्रकट करता है। इसलिए हमने आज किसान एंथम गीत बजा कर पंजाब सरकार के खिलाफ रोष प्रकट किया है। जागो पार्टी दिल्ली स्टेट के अध्यक्ष चमन सिंह ने इस अवसर पर किसान आंदोलन में जागो पार्टी द्वारा दिये गये योगदान का जिक्र किया। साथ ही पंजाब सरकार को बराड़ के खिलाफ दर्ज किये मुकद्दमों को वापस लेने की भी अपील की। प्रधान महासचिव परमिंदर पाल सिंह ने पंजाब सरकार के तानाशाही व्यवहार की निंदा करते हुए किसान आंदोलन के दौरान पंजाब की लोक गायकी में आये सकारात्मक बदलाव की प्रशंसा की। इस अवसर पर जागो पार्टी के नेता मनप्रीत कौर, सतनाम सिंह खीवा, जतिन्द्र सिंह बोबी एवं परमजीत सिंह मक्कड़ ने अपने विचार व्यक्त किये।       बता दें कि पटियाला पुलिस ने गाने के माध्यम से बंदूक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए गायक और गीतकार श्री बराड़ और नए गीत ‘जान’ में शामिल अन्य कलाकारों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस स्टेशन सिविल लाइन में दर्ज मामले की पुष्टि करते हुए, एसएसपी विर्कम जीत दुग्गल ने कहा कि गायक और गीतकार श्री बराड़ को भी गिरफ्तार किया गया है।

 

latest news

Related Articles

Delhi epaper

Prayagraj epaper

Latest Articles