– बालाजी –
बालाजी ने सियाराम जी के पूर्ण किए सारे काम,
महामंत्र ये गाया श्रीराम जय राम जय राजा राम ।
समुद्र लांघकर माता सीता का अकेले पता लगाया,
अशोक वाटिका उजाड़ राक्षसों को खूब ही सताया,
मेघदूत करे है क्रंदन ब्रह्मास्त्र से फिर किया बंधन,
प्रभु इच्छा जान कर नमन बंधक बन चले हनुमान,
पवनपुत्र करें गान श्रीराम जय राम जय राजा राम ।
लंकापति राजा रावण को क्रोध रामदूत पर आया,
पूॅंछ में लगा दी आग कपिराज ने लंका को जलाया,
पयोधि ने बचाएं प्राण दूर किया ज्वाला का त्राण,
चूड़ामणि पहचान सीया आज्ञा लेकर चले हनुमान,
सीता जी ने गाया श्रीराम जय राम जय राजा राम ।
श्रीराम नाम संकीर्तन से “आनंद” सेना में जगाया,
महाबली ने वानर सेना संग असुरों को मार गिराया,
इंद्रजीत ने छोड़ा बाण कष्टकारी हुआ विधि का विधान,
संकट में लक्ष्मण प्राण संजीवनी बूटी लाने चले हनुमान,
जामवंत ने गाया श्रीराम जय राम जय राजा राम ।
श्रीराम जी ने केशरी नंदन को प्रेम से गले लगाया,
दशानन रावण को फिर घनघोर युद्ध में मार गिराया,
चूर किया दुष्ट का अभिमान बढ़ाई अवध की शान,
सीता को दिया सम्मान अवधपुरी संग चले हनुमान,
विभीषण ने गाया श्रीराम जय राम जय राजा राम ।
बालाजी ने सियाराम जी के पूर्ण किए सारे काम,
महामंत्र ये गाया श्रीराम जय राम जय राजा राम ।


~मोनिका डागा “आनंद”