-नड्डा की टीम में होंगे युवा व अनुभव के साथ नये चेहरे
-राज्यों से पूर्व मुख्यमंत्री,पूर्व केंद्रीय मंत्री भी बनेंगे पार्टी का हिस्सा
–संगठन के कुछ नेता सरकार में और कुछ संगठन में होंगे प्रमोट
– चुनावी राज्यों की जिम्मेदारी संभाल रहे नेताओं का पद बरकरार
-नई टीम में आधे चेहरे अमित शाह की टीम के भी रह सकते हैं : सूत्र
(खुशबू पाण्डेय)
नई दिल्ली/ टीम डिजिटल : भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय टीम का ऐलान बहुत जल्द हो सकता है। नामों पर सहमति बन चुकी है, बस ऐलान होना बाकी है। नई टीम में एक चौथाई से ज्यादा नये चेहरों को जगह मिलने की संभावना है। साथ ही युवा और अनुभव के समन्वय वाली टीम में राज्यों के प्रमुख नेताओं को भी केंद्रीय संगठन में लाने की तैयारी है। हालांकि, चुनावी राज्यों की जिम्मेदारी संभाल रहे पदाधिकारी बरकरार रह सकते हैं, ऐसा संकेत मिल रहा है।
इसके अलावा संगठन में अच्छा काम करने वाले कुछ नेताओं को प्रमोशन भी मिलना तय है। इनमें कुछ लोग केंद्रीय कैबिनेट का हिस्सा बनेंगे तो कुछ लोग पार्टी संगठन में ही प्रमोट किए जाएंगे। सूत्रों की माने तो संगठन से 3 वरिष्ठ नेता केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं, जबकि, कैबिनेट से तीन बुजुर्ग मंत्री संगठन में लाए जाएंगे, ऐसी चर्चा भी है।
इसे भी पढें…कोविड मरीजों के बगल में शव रखने पर सुप्रीम कोर्ट नाराज, लगाई फटकार
बता दें कि जगत प्रकाश नड्डा को राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाले चार माह से ज्यादा का समय हो गया है, लेकिन उनकी टीम अभी तक सामने नहीं आ पाई है। हालांकि इस बीच में ढाई माह का समय तो कोरोना के चलते लॉक डाउन में ही गुजर गया। अब पार्टी में संगठन को स्वरूप देने की कवायद शुरू हो गई है।
सूत्रों की माने तो भाजपा अध्यक्ष की नई टीम में लगभग आधे चेहरे अमित शाह की टीम के भी रह सकते हैं, लेकिन उनके पद और कार्य विभाजन में बदलाव होने के आसार हैं। चुनावी राज्यों से जुड़े पदाधिकारी फिलहाल अपनी भूमिकाओं में बने रहेंगे।
इसे भी पढें…महिला IPS अधिकारियों को दी गालियां, विरोध में उतरी नौकरशाही
खासकर पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी संभाल रहे कैलाश विजयवर्गीय और बिहार की जिम्मेदारी संभाल रहे भूपेंद्र यादव की भूमिकाएं बरकरार रहने की संभावनाएं हैं। इसी तरह संघ पृष्ठभूमि से भाजपा में आए राम माधव और मुरलीधर राव भी अपने पद और भूमिकाओं का पहले की तरह निर्वहन कर सकते हैं।
नई टीम में प्रदेशों के नेताओं को दिल्ली लाए जाने की संभावना
भाजपा सूत्रों की माने तो नई टीम में प्रदेशों के कुछ नेताओं को दिल्ली लाए जाने की संभावना है। इसमें उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, महाराष्ट्र व झारखंड के प्रमुख नेता राष्ट्रीय टीम में जगह पा सकते हैं। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री भी शामिल हैं। यूपी से पूर्व रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा को भी संगठन में समाहित करने की तैयारी है। माना जा रहा है कि उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिवों की भूमिकाओं में चेहरे और काम का काफी बदलाव हो सकता है।
कार्यकारिणी में भी होगा बदलाव, युवाओं को मिलेगा मौका
राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ राष्ट्रीय कार्यकारिणी की भी घोषणा की जानी है और इसमें संविधान के अनुसार ही एक चौथाई नए चेहरों को शामिल किया जाना है। हालांकि जेपी नड्डा 30 से 40 फीसद नए चेहरों को अपनी टीम में जगह दे सकते हैं। दरअसल नड्डा विभिन्न राज्यों और केंद्र में युवा और नए नेतृत्व को उभरना चाहते हैं जो एक दशक में विभिन्न स्तरों पर प्रमुख भूमिकाओं के लिए तैयार हो सके।