24.1 C
New Delhi
Wednesday, February 11, 2026

बिहार चुनाव : सरगर्मी तेज, BJP चीफ जेपी नड्डा CM नीतीश कुमार से मिले

Join whatsapp channel Join Now
Join Telegram Group Join Now

–सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों नेताओं के बीच लंबी चर्चा
–जेपी नड्डा ने आत्मनिर्भर बिहार अभियान का किया शुभारंभ
–आत्मनिर्भर बिहार डिजिटल रथ भी रवाना, राज्य में जाएगा
-अभियान को लेकर पार्टी 2 करोड़ से अधिक घरों तक पहुंचेगी

(नीता बुधौलिया)
नई दिल्ली /टीम डिजिटल : बिहार में दो महीने बाद होने जा रहे विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनैतिक दल जोरशोर से चुनावी तैयारियों में जुट गए हैं। इस बीच भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बिहार चुनाव की बिसात बिछाने के लिए दो दिवसीय दौरे पर बिहार पहुंचे हैं। बिहार चुनाव की तैयारियों और सीटों के बंटवारे को लेकर शनिवार को नडृडा की बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात हुई है। जेपी नड्डा और नीतीश कुमार के बीच हुई मुलाकात के दौरान बीजेपी के बिहार चुनाव प्रभारी, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, बीजेपी के महासचिव भूपेंद्र यादव और बिहार के उप-मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं के बीच सीटों को लेकर लंबी चर्चा हुई और विपक्षी दलों की रणनीति पर भी रिपोर्ट ली गई। इस मौके पर जेपी नड्डा ने कहा कि हमारे पास नेता भी है, नीति भी है और कार्यक्रम भी। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में भाजपा, जद (यू) और एलजीपी का एनडीए गठबंधन एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी और विजयी होगी।


इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने बिहार प्रदेश भाजपा कार्यालय से आत्मनिर्भर बिहार अभियान का शुभारंभ किया। साथ ही उन्होंने आत्मनिर्भर बिहार डिजिटल रथ को भाजपा का झंडा दिखा कर रवाना किया। नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आत्मनिर्भर भारत बनाने का संकल्प लिया गया है, इस संकल्प की अगुवाई बिहार आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर होते हुए करेगा। बिहार को आत्मनिर्भर बनाने की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। बिहार के फल, चाहे वो लीची हो, जर्दालू आम हो, आंवला हो, मखाना हो या फिर मधुबनी पेंटिंग्स हो, ऐसे अनेक उत्पाद बिहार के जिले-जिले में हैं जिनसे वोकल फॉर लोकल की तजऱ् पर बिहार को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। इसी दिशा में कदम बढ़ाते हुए भाजपा आत्मनिर्भर बिहार अभियान की शुरुआत करने जा रही है। यह अभियान बिहार को न सिर्फ आर्थिक बल्कि सामाजिक एवं सांस्कृतिक रुप से मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। आत्मनिर्भर बिहार एक राज्यव्यापी अभियान होगा जिसके द्वारा पार्टी 2 करोड़ से अधिक घरों तक विभिन्न माध्यमों से पहुंचेगी। आत्मनिर्भर बिहार अभियान का उद्देश्य प्रदेश वासियों की आकांक्षाओं और सुझावों को एकत्रित कर बिहार को आत्मनिर्भरता के मार्ग पर प्रशस्त करना है। कोरोना महामारी के कारण इस अभियान में डिजिटल माध्यमों का अधिक उपयोग किया जाएगा। बिहार की जनता आत्मनिर्भर बिहार के संदर्भ में अपने सुझाव विभिन्न माध्यमों से पार्टी तक पहुँचा सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related News

Delhi epaper

Prayagraj epaper

Kurukshetra epaper

Latest News