10.1 C
New Delhi
Tuesday, December 23, 2025

BJP Convention: नड्डा -बोले, हैट्रिक बनाएंगे, रिकॉर्ड तोड़ेंगे, BJP को 370 पार ले जाएंगे 

Join whatsapp channel Join Now
Join Telegram Group Join Now

नई दिल्ली/सुनील पाण्डेय : भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सत्ता संभालने के बाद से पार्टी तेजी से आगे बढ़ी है। उन्होंने पिछले दशक में प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना की जो पार्टी संगठन के लिए नई उपलब्धियों से भरा रहा है। पार्टी के कार्यकर्ता उत्साहित और प्रफुल्लित हैं तथा लोकसभा चुनाव में उनकी चेतना भाजपा को 370 एवं राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को 400 के पार ले जाएगी। नडडा ने यहां प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन का शुभारंभ किया।

—प्रधानमंत्री मोदी के सत्ता संभालने के बाद पार्टी तेजी से आगे बढ़ी
—भाजपा लगातार तीसरी बार लोकसभा चुनाव जीतेगी: नड्डा
—हमने राजस्थान-छत्तीसगढ़ जीता, इस बार बंगाल भी जीतेंगे
—भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन का शुभारंभ, 12 हजार प्रतिनिधि शामिल
—सभी मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, राज्यों के मंत्री, सांसद, विधायक, मेयर शामिल

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, वयोवृद्ध नेता मुरली मनोहर जोशी, सभी राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, राज्यों के मंत्री, राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय पदाधिकारी, सांसद और विधायक, मेयर, पंचायत अध्यक्ष सहित लगभग 12 हजार प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। इससे पहले नड्डा ने पार्टी का ध्वजारोहण करके अधिवेशन का शुभारंभ किया। नड्डा ने कहा, हम पीछे भी जीते थे और आगे भी जीतेंगे। हम उत्साहित हैं, हम प्रफुल्लित हैं। हमारी यह चेतना अवश्य ही 370 पार कराएगी। राजग को भी 400 के पार ले जाना है। हर बूथ पर पूरी ताकत से जुट जाना है। हमे ना केवल हैट्रिक लगानी है बल्कि रिकॉर्ड भी तोड़ने हैं। जेपी नड्डा ने कहा- मोदी की गारंटी पर देश को भरोसा हुआ है। भाजपा की 17 प्रदेशों में सरकार है। हमने राजस्थान-छत्तीसगढ़ जीता है। इस बार बंगाल में भी जीतेंगे।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, भाजपा के कार्यकर्ताओं ने साढ़े आठ लाख बूथों पर पहुंच बनायी है और हम जल्दी ही 10 लाख बूथों पर पहुंचेंगे। नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को भाजपा संघर्ष और फिर आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा, वर्ष 2014 के पहले हम पांच या छह राज्यों में सत्ता में थे और 17.5 प्रतिशत जनसंख्या का प्रतिनिधित्व करते थे। आज हम 17 राज्यों में सरकार चला रहे हैं और 58 प्रतिशत जनसंख्या का प्रतिनिधित्व करते हैं। ये सब मोदी की गारंटी से संभव हुआ है। अकेली भाजपा ही ऐसी पार्टी है जिसने जो 1951 में कहा वही आज भी कहा और करके दिखाया। नड्डा ने जनसंघ के वक्त से उनके नारे एक देश, एक विधान, एक प्रधान का भी जिक्र किया। कहा पहले कि प्रधानमंत्री मोदी ने लाल चौक पर नारे लगाए थे और फिर धारा-370 को धराशाही कर दिया। हमने राम लला हम आएंगे मंदिर वहीं बनाएंगे के भी नारे लगाए। कुछ लोगों ने उपहास उड़ाया कि मंदिर वहीं बनाएंगे, तिथि नहीं बताएंगे। हमने तब कहा हम तिथि भी बताएंगे और आप आएंगे। पर आप आए नहीं, ये आपके कर्म थे। राममंदिर का शिलान्यास हुआ और फिर प्राणप्रतिष्ठा भी हुई। नड्डा ने कहा, हम ऐसे माहौल में यहां आए हैं जहां हमें पीछे भी जीत दिखी है और आगे भी जीत दिख रही है। हमने संघर्ष का काल देखा, जब हमारी उपेक्षा की जा रही थी। हमने वह काल भी देखा जब हम जमानत बचाने के लिए संघर्ष करते थे। हमने इमरजेंसी देखी। हमने जीतने-हारने की प्रक्रिया भी देखी। लेकिन हमें खुशी है कि पिछला दशक प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उपलब्धियों भरा है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा, मैं जीत की बात में पश्चिम बंगाल भी जोड़ना चाहता हूं। हम वहां विधानसभा में तीन सीटें जीते थे, फिर हम 77 सीटें जीतकर आए। अब अगली बारी के लिए तैयार हो जाइए, वो बारी हमारी है। गुजरात में 1997 से लगातार सरकार में रहने का भी जिक्र किया। 2014 से पहले जब मैं हरियाणा में जाकर कहता था कि भाजपा सरकार बनाएगी तब वहां लोग हमारा मजाक बनाते थे लेकिन हमने वहां लगातार दो बार सरकार बनाई। उन्होंने असम से लेकर उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश से लेकर मणिपुर, त्रिपुरा से लेकर छत्तीसगढ़, तेलंगाना सब चुनावों का जिक्र किया। नड्डा ने कहा, ये सब मोदी की गारंटी से संभव हुआ है। उन्होंने मध्य प्रदेश का जिक्र करते हुए कहा कि ‘मोदी के मन में एमपी है, एमपी के मन में मोदी है’, ये लोगों को छू गया। उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी सहित पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह और पी वी नरसिंह राव, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर, कृषि वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन का और उनके कामों का जिक्र किया जिन्हें भारत रत्न से नवाजा गया है। इसके लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद भी दिया। नड्डा ने जब प्रधानमंत्री के कार्यकाल की मुख्य बातों का उल्लेख करते हुए महिला आरक्षण कानून और अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण का जिक्र किया तो देशभर से आये हजारों पार्टी प्रतिनिधियों ने खड़े होकर मोदी के समर्थन में नारे लगाये।

2014 से पहले सिर्फ 5 प्रदेशों में सरकारें थी, आज 12 राज्य में काबिज

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2009 में हमें 18.8 प्रतिशत का समर्थन मिला था वहीं पार्टी का समर्थन 2014 में 31.3 प्रतिशत तक पहुंचा। वर्ष 2019 में हमने अपना रिकॉर्ड तोड़ा, 282 से 303 सीटें आई वहीं वोट शेयर 37 प्रतिशत पहुंचा। आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन गई है। 2014 से पहले हमारी सिर्फ 5 प्रदेशों में सरकारें थी और लंबे समय तक हम 5-6 पर रूके हुए थे। 2014 के बाद, आज 17 प्रदेशों में एनडीए की सरकारें हैं और 12 प्रदेशों में विशुद्ध भाजपा की सरकार है। उन्होंने कहा कि 7 दशक के भारतीय जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी के इतिहास में हमने हर कालखंड देखा है। हमने संघर्ष का काल देखा है, हमने आपातकाल देखा है, लेकिन हमें इस बात की खुशी है कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में पिछला दशक जो गुजरा, वो उपलब्धियों से भरा हुआ है। स्थानीय निकायों के चुनाव में हमने 9836 सीटें जीती। 186 स्थानों पर नगर निगम में भाजपा के मेयर बने।

पिछले चुनाव में 161 सीटें हारी थी उस पर पूरा फोकस

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि 10 साल की विकास यात्रा अभूतपूर्व यात्रा रही। उन्होंने कहा कि लोकसभा प्रवास योजना में 161 लोकसभा में 430 प्रवास केंद्रीय मंत्रियों के हुए। यानी एक लोकसभा में तीन प्रवास हुए। ये 161 सीटें वे हैं जो पिछले चुनाव में भाजपा हारी थी। नड्डा ने भरोसा जताया कि इसमें से ज्यादातर सीटें जीतने में हम कामयाब होंगे। आने वाले 100 दिन में भाजपा का कार्यकर्ता सीधे बूथ पर टारगेट करेगा और विकास की बातें हर वोटर तक ले जाने में सफल रहेगा।

Previous article
Next article

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles

Delhi epaper

Prayagraj epaper

Kurukshetra epaper

Latest Articles