38.9 C
New Delhi
Sunday, June 15, 2025

बीजेपी अध्यक्ष नडडा ने अपने गृह राज्य हिमाचल को भेजी बड़ी राहत सामग्री

  • हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों के लिए कोविड राहत सामग्री भेजी
  • बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपने आवास से दिखाई हरी झंडी
  • ‘सेवा ही संगठन 2.0Ó अभियान के तहत भेजी मेडिकल सामग्री
  • तीन लाख थ्री प्लाई मास्क, 50 हजार एन-95 मास्क, 25 हजार ग्लब्स शामिल
  • 10 हजार फेस शील्ड, 7 हजार पीपीई किट्स, 6 हजार ऑक्सीजन मास्क
  • 3200 एनआरएम, डेढ़ हजार ऑक्सीजन रेग्युलेटर, 250 नेजल कैनुला भेजा

नई दिल्ली, टीम डिजिटल: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा (Jagat Prakash Nadda) ने आज रविवार को भाजपा के ‘सेवा ही संगठन 2.0 अभियान ‘ के तहत हिमाचल प्रदेश के सभी 12 जिलों के लिए बड़ी मात्रा में कोविड राहत सामग्री को रवाना किया। इन राहत सामग्रियों में तीन लाख थ्री प्लाई मास्क, 50 हजार एन-95 मास्क, 25 हजार ग्लब्स, 10 हजार फेस शील्ड, 7 हजार पीपीई किट्स, 6 हजार ऑक्सीजन मास्क, 3200 एनआरएम, डेढ़ हजार ऑक्सीजन रेग्युलेटर, 250 नेजल कैनुला सहित अन्य मेडिकल सामग्रियां शामिल हैं।
इस मौके पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं हिमाचल प्रदेश से सांसद अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) भी उपस्थित थे। मोबाइल स्वास्थ्य सेवा में मेडिकल उपकरण सहित 17 मेडिकल यूनिट्स रवाना किया। इसके साथ कई डॉक्टर्स और नर्स भी इस मोबाइल मेडिकल यूनिट के साथ होंगे। पीएम केयर्स फंड से मिले पीएसए ऑक्सीजन प्लांट्स के अतिरिक्त तीन और पीएसए ऑक्सीजन प्लांट भी हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर और बिलासपुर जिले में अगले कुछ दिनों में लगाए जाने वाले हैं।

सभी देशवासियों ने एकजुट होकर कोविड के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी 

इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नडडा ने कहा कि कोरोना मानव इतिहास की सबसे बड़ी त्रासदी बन कर सामने आई है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में समस्त देशवासियों ने एकजुट होते हुए अब तक कोरोना के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी है और हम जल्द ही इसे परास्त करके रहेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लाखों कार्यकर्ता सेवा ही संगठन के मंत्र को लेकर दिन-रात जनता की सेवा में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष जब फेस मास्क नहीं मिलते थे, सैनिटाइजर का अभाव था, पीपीई किट्स उपलब्ध नहीं थे, तब उस वक्त महिला मोर्चा, महिला मंडल और सेल्फ हेल्प ग्रुप्स की कार्यकर्ताओं ने मिल कर करोड़ों की संख्या में फेस मास्क बनाए और उसे लोगों तक पहुंचाया। इसी तरह लाखों सैनिटाइजर्स वितरित किये गए और 25 करोड़ से अधिक जरूरतमंदों तक भोजन और राशन किट्स पहुंचाया गया।

बीजेपी कार्यकर्ता देशभर में पीडि़तों की मदद में जुटे हैं

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जब कोरोना की दूसरी लहर ने हमें घेरा तो हमने अविलंब ‘सेवा ही संगठन पार्ट 2.0 का अभियान ‘ शुरू किया। आज पार्टी के लाखों कार्यकर्ता अपनी फिक्र न करते हुए दिन-रात अस्पतालों, स्वास्थ्य संस्थानों और प्रशासन के साथ मिल कर जरूरतमंदों के लिए बेड्स, दवाइयां, ब्लाड्स, प्लाज्मा, ऑक्सीजन सिलिंडर और भोजन की व्यवस्था में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि सेवा ही संगठन 2.0 अभियान के तहत अब तक पार्टी कार्यकर्ताओं ने देश भर में 1,200 से अधिक ब्लड डोनेशन कैंप और बड़ी संख्या में प्लाज्मा डोनेशन कैंप लगाए हैं। भाजपा ने जरूरतमंदों की मदद के लिए जिला स्तर तक 3,200 से अधिक कोविड डेडिकेटेड हेल्पलाइन सेंटर्स स्थापित किया है। सेवा ही संगठन के दूसरे चरण में अब तक पार्टी कार्यकर्ताओं ने 65 लाख से अधिक फेस मास्क, 14 लाख से अधिक फूड पैकेट्स, 07 लाख से अधिक राहत सामग्री और बड़ी संख्या में इम्युनिटी किट्स का वितरण किया है।

मास्क, सेनिटाइजर, पीपीई किट्स उत्पादन में आत्मनिर्भर बना भारत

बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि कोविड संक्रमण आने के बाद प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में भारत फेस मास्क, सेनिटाइजर, पीपीई किट्स और वेंटिलेटर्स के उत्पादन में आत्मनिर्भर बना है। पीएम केयर्स फंड से देश भर में 551 पीएसए ऑक्सीजन प्लांट्स स्थापित किये जा रहे हैं। देश के नागरिकों की सुरक्षा के लिए दवाइयों, ऑक्सीजन, वेंटीलेटर्स और अन्य मेडिकल उपकरणों की हर अस्पताल में अबाध आपूर्ति की जा रही है।

हिमाचल के कार्यकर्ता पूरा योगदान दें

हिमाचल प्रदेश के पार्टी कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों से भी अनुरोध करूंगा कि वे लास्ट माइल डिलीवरी में अपना पूरा योगदान दें, ताकि जो जरूरतमंद हों, ये सुविधाएं उनके काम आ सके और मुझे पूरा विश्वास है कि हम अपने इस नेक मकसद में जरूर सफल होंगे। नड्डा ने पार्टी के कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि कोविड की जो विपदा आई है, उससे हम सबको मिल कर निपटना है और आगे बढऩा है।

Related Articles

Delhi epaper

Prayagraj epaper

Latest Articles