-11 वर्तमान विधायकों के काटे टिकट काटे, 4 महिलाओं को भी टिकट दिया
-15 सीटों पर अनुसूचित जनजाति, 4 पर अनुसूचित जाति को टिकट
-मुख्यमंत्री सोनोवाल, प्रदेश अध्यक्ष रंजीत दास, हेमंत विश्व को टिकट
-126 सीटों में से 92 सीटों पर चुनाव लड़ेगी भाजपा, बाकी सहयोगियों को टिकट
नई दिल्ली/ टीम डिजिटल : भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पांच राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनावों के मद्देनजर आज यहां असम राज्य के लिए अपने 70 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इसमें भाजपा ने 11 वर्तमान विधायकों के टिकट काटे हैं, जबकि 11 सीटों पर अनुसूचित जनजाति और चार सीटों पर अनुसूचित जाति उम्मीदवारों को टिकट दिया। इसके अलावा 4 महिलाओं को भी टिकट दिया गया है। पहली लिस्ट के अनुसार असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल माजुली से, प्रदेश अध्यक्ष रंजीत दास पटाचारकुची से और राज्य सरकार के मंत्री हेमंत विश्व सरमा जलकुबारी से चुनाव लड़ेंगे। भाजपा असम में अपने सहयोगी दलों असम गण परिषद (अगप) और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (UPPL) के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।
केन्द्रीय चुनाव समिति ने होने वाले आगामी असम विधानसभा चुनाव के लिए निम्नलिखित नामों पर अपनी स्वीकृति प्रदान की है। #AssamElections pic.twitter.com/bxd6mnGxEV
— BJP (@BJP4India) March 5, 2021
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने शुक्रवार की शाम पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों के समक्ष उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। साथ ही बताया कि सीटों के तालमेल के मुताबिक 126 सदस्यीय राज्य विधानसभा की 26 सीटों पर अगप और आठ सीटों यूपीपीएल जबकि शेष 92 सीटों पर भाजपा अपने उम्मीदवार उतारेगी। भाजपा ने जिन 70 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की उन पर पहले और दूसरे चरण में मतदान होना है। राज्य में तीन चरणों में मतदान होने हैं। असम में 27 मार्च से छह अप्रैल के बीच तीन चरणों में मतदान संपन्न होगा। पहले चरण के तहत राज्य की 47 विधानसभा सीटों पर 27 मार्च को, दूसरे चरण के तहत 39 विधानसभा सीटों पर एक अप्रैल और तीसरे व अंतिम चरण के तहत 40 विधानसभा सीटों पर छह अप्रैल को मतदान संपन्न होगा। नामांकन की आखिरी तारीख नौ मार्च है।
प्रत्याशियों के नामों का चयन वीरवार की देर रात तक चली भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में हुई बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नडडा ने की।
LIVE : Press Conference by BJP National General Secretary Shri @ArunSinghbjp at BJP HQ, New Delhi. https://t.co/Ji9CGPWroR
— BJP (@BJP4India) March 5, 2021
बैठक में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री थावर चंद गहलोत, हाल ही में बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाए गए शहनवाज हुसैन सहित केंद्रीय चुनाव समिति के सभी सदस्य मौजूद रहे।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरूण सिंह के मुताबिक पार्टी ने असम विधानसभा के लिए पहली लिस्ट में 4 महिलाओं को मैदान में उतारा गया है। इसमें बतद्रोना सीट से अंगोरलता डेका, गोलाघाट से अजंता नेयोग, शिवसागर सीट से सुरभि राज कोनवर एवं हाफलांग विधानसभा सीट से नंदिता गोरलोमा को टिकट दिया गया है।