26.1 C
New Delhi
Tuesday, October 14, 2025

BJP पंजाब में 65 सीटों पर लड़ेगी चुनाव, 37 पर कैप्टन, 15 सीटों पर उतरेगी ढींढसा की पार्टी

Join whatsapp channel Join Now
Join Telegram Group Join Now

नई दिल्ली /अदिति सिंह : पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए में भारतीय जनता पार्टी ने अपने सहयोगी घटक दलों के साथ सोमवार को सीटों का बंटवारा कर दिया। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में हुई बैठक में 117 सीटों पर मोहर लगी। इसमें बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर 65 सीटों पर लड़ेगी। पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी 37 सीटों पर लड़ेगी, जबकि सुखदेव सिंह ढींढसा की पार्टी शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) 15 सीटों पर मैदान में उतरेगी। पंजाब में 20 फरवरी को मतदान होगा। सीटों के बंटवारे का ऐलान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने खुद किया। उनके साथ दोनों दलों के अध्यक्ष मौजूद रहे। इससे पहले हुई मीटिंग में कैप्टन एवं ढींढसा के अलावा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अश्विनी शर्मा, पंजाब के चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी, केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश तथा भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी भी उपस्थित थे।
इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि पंजाब में भाजपा गठबंधन इस चुनाव को काफी गंभीरता से ले रही है और पूरी ताकत से पंजाब में बदलाव लाने के लिए लड़ रही है। पंजाब एक सीमावर्ती राज्य है और देश की शांति एवं सुरक्षा के लिए पंजाब में शांति और खुशहाली अत्यंत आवश्यक है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा, पंजाब लोक कांग्रेस और संयुक्त अकाली दल – हम सब पंजाब की शांति, सुरक्षा और समृद्धि चाहते हैं। इसलिए हम तीनों दल जीरो टॉलरेंस अगेंस्ट टेररिज्म में यकीन रखते हैं। पंजाब में सेंटर-स्टेट को-ऑर्डिनेशन की आवश्यकता है। पंजाब को डबल इंजन सरकार की आवश्यकता है और हम इसी अपील के साथ पंजाब विधान सभा चुनाव में उतर रहे हैं। पंजाब, पाकिस्तान के साथ पठानकोट से फाजिल्का तक लगभग 600 किमी लंबी सीमा साझा करता है। पाकिस्तान जिस तरह से पंजाब और भारत को अस्थिर करने की नापाक हरकतें कर रहा है और पंजाब में ड्रग्स, आम्र्स, ऑटोमेटेड हथियारों को तस्करी कर पहुंचा रहा है, वह काफी चिंताजनक है। कैप्टन अमरिंदर साहब ने भी कई बार इस खतरे का जिक्र किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारे लिए पंजाब की सुरक्षा एवं समृद्धि सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा है। नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी और बहुआयामी नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में तेज गति से आगे बढ़ रहा है, इसे डिरेल करने की कोशिशें देशविरोधी ताकतों के द्वारा लगातार हो रही हैं। इसी तरह ये राष्ट्रविरोधी ताकतें पंजाब में भी अस्थिरता फैलाना चाहती है और आतंकी गतिविधियों को अंजाम देना चाहती है ताकि पंजाब की शांति भंग हो और इसे अस्थिर किया जा सके। पंजाब में भाजपा-नीत गठबंधन इस चुनाव को केवल सत्ता परिवर्तन का माध्यम ही नहीं मान रही, बल्कि यह चुनाव आने वाली पीढिय़ों को सुरक्षित करने और पंजाब को स्थायित्व देने का भी चुनाव है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि देश गुरु गोबिंद सिंह के त्याग, समर्पण और विचार के लिए हमेशा ऋणी रहेगा। हम गुरु तेग बहादुर के बलिदान को भी नहीं भूल सकते। पंजाब सदैव ही शौर्य एवं बलिदान का प्रतीक रहा है। रक्षा क्षेत्र में पंजाब के योगदान को कभी भी भुलाया नहीं जा सकता। पंजाब के जवानों ने जिस तरह अपने प्राणों की आहुति देकर पंजाब की और देश की सीमाओं की रक्षा की है, वह अतुलनीय है। इतना ही नहीं, पंजाब ने फूड सिक्योरिटी के मामले में भी देश को आत्मनिर्भर बनाया है। पंजाब ने हमेशा देश की आकांक्षाओं को पूरा किया है और देश को हर क्षेत्र में दृष्टि, दिशा और ताकत दी है। पंजाब ने देश को सांस्कृतिक, राजनीतिक और आर्थिक रूप से भी नेतृत्व दिया है। आजादी की लड़ाई में भी पंजाब का योगदान प्रशंसनीय रहा है। लाला लालपत राय, शहीद भगत सिंह, मास्टर तारा सिंह जैसे अनगिनत महान मनीषियों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया।

पंजाब को आर्थिक दृष्टि से सफल और सबल बनाना है : नड्डा

बीजेपी अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि आज पंजाब की स्थिति पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। एक प्रोग्रेसिव स्टेट होने के बावजूद पंजाब आज लगभग तीन लाख करोड़ रुपये के कर्ज में डूबा हुआ है। डेवलपमेंट इंडेक्स में पंजाब लगातार नीचे की ओर खिसकता जा रहा है। पंजाब को आर्थिक दृष्टि से सफल और सबल बनाना हमारे गठबंधन की जिम्मेदारी है। हमारे गठबंधन का एक प्रमुख उद्देश्य यह है कि पंजाब को पुन: विकास के रास्ते पर कैसे तेज गति से अग्रसर किया जाए।

प्रधानमंत्री मोदी का पंजाब के प्रति विशेष प्यार और लगाव

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पंजाब के प्रति एक विशेष प्यार और लगाव रहा है। प्रधानमंत्री ने 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया। यह गुरु गोबिंद सिंह जी के साहिबजादे, साहिबजादे जोरावर सिंह और साहिबजादे फतेह सिंह के अद्भुत शौर्य एवं बलिदान को देश की ओर से दी जाने वाली भावभीनी श्रद्धांजलि है। गुरु गोबिंद सिंह जी और चार साहिबजादों की बहादुरी और आदर्शों ने लाखों लोगों को ताकत दी। उन्होंने कभी अन्याय के आगे सिर नहीं झुकाया। उन्होंने समावेशी और सौहार्दपूर्ण विश्व की कल्पना की। यह समय की मांग है कि और लोगों को उनके बारे में पता चले।

पंजाब की सुरक्षा हमारी मुख्य प्राथमिकता

बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि पंजाब की सुरक्षा हमारी मुख्य प्राथमिकता है। जिस तरह से पंजाब में सुरक्षा के विषय के साथ खिलवाड़ हो रहा है, उसकी हम सभी कड़ी निंदा करते हैं। माफिया राज ने पंजाब को खोखला करके रख दिया है। लैंड माफिया, सेंड माफिया, ड्रग्स माफिया, खनन माफिया – इन सब ने पंजाब को बर्बाद करके रख दिया है। पंजाब में भाजपा, पंजाब लोक कांग्रेस और संयुक्त अकाली दल गठबंधन का पंजाब की जनता से यह कमिटमेंट है कि हम पंजाब में हमारी सरकार आने पर हर तरह के माफिया राज को ख़त्म करेंगे और माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई करेंगे।

पंजाब की स्थिति अत्यंत दयनीय : ढींढसा

संयुक्त अकाली दल के अध्यक्ष सुखदेव सिंह ढींढसा ने कहा कि पंजाब की बदहाल स्थिति को बदलने और पंजाब में शांति, सुरक्षा और समृद्धि लाने के लिए हमने पंजाब में भारतीय जनता पार्टी और पंजाब लोक कांग्रेस के साथ गठबंधन किया है। आज पंजाब की स्थिति अत्यंत ही दयनीय है। आज पंजाब से उद्योग जा रहे हैं, पंजाब के लोगों पर कर्ज बढ़ रहा है, कृषि की भी हालत अच्छी नहीं है। हमने गठबंधन इसलिए किया है ताकि पंजाब अपने पैरों पर खड़ा हो सके। पंजाब की हवा में जो जहर घोला जा रहा है, इस माहौल को ठीक करने के लिए हमने यह गठबंधन किया है।

Related Articles

Delhi epaper

Prayagraj epaper

Kurukshetra epaper

Latest Articles