23.7 C
New Delhi
Monday, March 2, 2026

BJP ने की अपील, पंजाब को बचाने के लिए डबल इंजन की सरकार लाएं

Join whatsapp channel Join Now
Join Telegram Group Join Now

नई दिल्ली /नेशनल ब्यूरो : भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शुक्रवार को पंजाब की जनता से एक डबल इंजन सरकार के लिए उसके नेतृत्व वाले गठबंधन को सत्ता में लाने की अपील की, ताकि ड्रग्स, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी की समस्या को दूर किया जा सके और राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाया जा सके। भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा एवं दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने पंजाब में सत्तारूढ़ कांग्रेस को हराने की अपील करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा सिख समुदाय के लिए किए गए कार्यों का हवाला दिया। उन्होंने ऑपरेशन ब्लू स्टार और सिख-विरोधी दंगों का भी जिक्र किया, जो 1984 में हुए थे, जब कांग्रेस सत्ता में थी। भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान भाजपा के लिए वोट मांगते हुए सिरसा ने कहा कि कांग्रेस ने अकाल तख्त को गिराने के लिए टैंक भेजे, जबकि गृहमंत्री अमित शाह ने वहां मत्था टेका और पूछा कि सरकार उनके लिए क्या कर सकती है। सिरसा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जब सत्ता में थी, तब उसने सिख-विरोधी दंगा मामले में दोषी सज्जन कुमार जैसे नेताओं को सुरक्षा दी थी, लेकिन भाजपा सरकार ने दंगा पीडि़तों को इंसाफ दिलाने के लिए काम किया है और उन्हें मुआवजा भी प्रदान किया है।

-देश विरोधी ताकतों का साथ देने वाली कांग्रेस और आप को हटाएं
-पंजाब में भाजपा नीत गठबंधन को सत्ता में लाएं : भाजपा
-कांग्रेस ने अकाल तख्त में टैंक भेजे, गृहमंत्री अमित शाह ने वहां टेका मत्था

सिरसा ने कहा कि मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के अपने हर संबोधन में सिख गुरुओं का नाम लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और अकाली दल जैसी हर दूसरी पार्टी ने भाजपा के खिलाफ हाथ मिला लिया है, क्योंकि वे नहीं चाहते कि उसकी सरकार बने। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि पंजाब में पार्टी के सत्ता में आने पर राज्य में व्यापक विकास होगा।

उन्होंने राज्य की कांग्रेस सरकार पर गरीबों के लिए केंद्र की आवासीय परियोजनाओं को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित नहीं करने का आरोप लगाया। गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार ने पंजाब के लिए बहुत कुछ किया है, राज्य में 4,100 किलोमीटर से अधिक राजमार्ग बनाए गए हैं। पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को मतदान होना है। राज्य में कांग्रेस, ‘आप, भाजपा नीत गठबंधन और अकाली दल-बसपा गठबंधन के बीच चौतरफा मुकाबला देखने को मिल रहा है। भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार ने केंद्र की योजनाओं को सही ढंग से लागू नहीं किया, जिससे बड़े स्तर पर लोग इन योजनाओं का सही ढंग से लाभ नहीं उठा सके। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों को इस बार भाजपा की सरकार लानी चाहिए ताकि डबल इंजन की सरकार से उन्हें डबल फायदा हो सके।

आप के मुखिया ने खालिस्तानी जनमत संग्रह की बात उठाई : भाजपा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता एवं मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि पंजाब में खालिस्तानी समर्थकों द्वारा जनमत संग्रह -2020 के मुद्दे को पहले भी किसी ने समर्थन नहीं किया था और आज आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को पुन: हवा देकर जो देश विरोधी काम कर रही है, उसे आज स्वयं खालिस्तानी नेता ने खारिज कर दिया है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि आप के मुखिया ने एक खालिस्तानी जनमत संग्रह 2020 की बात उठाकर अपनी देशविरोधी नीतियों को स्वयं ही उजागर कर दिया है। उन्होंने आम आदमी पार्टी और उसके नेताओं के खतरनाक मंसूबों से पंजाब की जनता को आगाह करते हुए राष्ट्रवादी और देश की एकता की सबसे बड़ी समर्थक भाजपा को सत्ता में लाने की अपील की है।

सिखों की भावनाओं को बारीकी से समझते हैं प्रधानमंत्री मोदी : सिरसा

मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सिखों की भावनाओं को जिस बेहतर ढंग से समझते हैं और उसके अनुरुप काम करते हैं। वैसा भाव विपक्ष के किसी भी अन्य नेता में नहीं है। यही कारण है कि पंजाब में अकाली, कांग्रेसी एवं आम आदमी पार्टी के समर्थक एकजुट होकर भाजपा का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की बेहतरी के लिए जरुरी है कि सीमावर्ती राज्यों में भाजपा की सरकार बने ताकि लोगों को हर क्षेत्र में विकास का लाभ मिल सके।

 

Related News

Delhi epaper

Prayagraj epaper

Kurukshetra epaper

Latest News