–बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पहनाया भाजपा की पट्टिका
-वह एक अच्छे व्यक्ति हैं लेकिन गलत पार्टी में थे : नड्डा
–सही मायनों में जनता परिवार से जुड़ा हूँ, करूंगा सेवा : त्रिवेदी
नई दिल्ली /टीम डिजिटल : पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिनेश त्रिवेदी आज भाजपाई हो गए। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की मौजूदगी में भाजपा मुख्यालय में दिनेश त्रिवेदी ने विधिवत रूप से भाजपा का दामन थामा। जेपी नड्डा ने पुष्प गुच्छ देकर और भाजपा की पट्टिका पहना कर दिनेश त्रिवेदी का भाजपा परिवार में स्वागत किया। इस मौके पर रेलमंत्री पीयूष गोयल एवं पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान मौजूद रहे। इस मौके पर जेपी नड्ड़ा ने कहा कि दिनेश त्रिवेदी का राजनीति में लंबा अनुभव रहा है। सत्ता को दरकिनार करते हुए और विचार की लड़ाई लड़ते हुए उन्होंने अपना राजनीतिक जीवन गुजारा है। उन्होंने सिद्धांतों के लिए हमेशा त्याग किए हैं। उनके भाजपा परिवार में शामिल होने पर मुझे बहुत खुशी हो रही है। नड्डा ने कहा कि हम बार-बार कहते हैं कि तृणमूल कांग्रेस में भ्रष्टाचार, अवसरवादिता, लोकतंत्र की हत्या, संस्थाओं का गला घोंटना – ये सब कुछ विराजमान है।
An eminent personality joins BJP at party headquarters in New Delhi. https://t.co/dEk5GtJgEW
— BJP (@BJP4India) March 6, 2021
इसलिए, संवेदनशील और विवेकशील व्यक्तित्व के धनी दिनेश त्रिवेदी ने तृणमूल कांग्रेस को छोड़ आज भारतीय जनता पार्टी को ज्वॉइन किया है। नडडा ने कहा कि दो महीने पहले दिनेश त्रिवेदी से मुलाकात हुई थी तो तब भी उन्होंने देश की सेवा करने की बात कही थी। वह एक अच्छे व्यक्ति हैं लेकिन गलत पार्टी में थे। वे खुद भी इसे महसूस करते थे। अब सही व्यक्ति सही पार्टी में हैं, जहां हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उनका उपयोग देश की सेवा में कर सकेंगे।
भाजपाई होने के बाद दिनेश त्रिवेदी ने कहा कि आज मैं सचमुच जनता के परिवार में शामिल हुआ हूं जिसका मकसद है जनता की सेवा करना। उन्हें इस स्वर्ण पल का इंतजार था। सही मायनों में जनता परिवार से जुड़ा हूँ। भारतीय जनता पार्टी में पार्टी की सेवा के लिए नहीं बल्कि जनता की सेवा के लिए काम होता है जबकि दूसरी पार्टी में (मैं उसका नाम नहीं लूंगा) जिसमें मैं था, वहां जनता की सेवा नहीं बल्कि केवल एक परिवार की सेवा करनी पड़ती है। खास पार्टी में खास परिवार की सेवा की जाती है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भ्रष्टाचार और हिंसा का आरोप लगाते हुए पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता अब परिवर्तन चाहती है, विकास चाहती है न कि भ्रष्टाचार और हिंसा। उन्होंने कहा कि मैं चुनावी प्रक्रिया में सक्रिय रहूंगा, चाहे मैं चुनाव लडूं या नहीं।
बदलाव के लिए तैयार है पश्चिम बंगाल की जनता : त्रिवेदी
पश्चिम बंगाल की जनता अब वास्तव में बदलाव के लिए तैयार है। त्रिवेदी ने कहा कि आज पश्चिम बंगाल में ऐसा माहौल है कि प्रदेश की जनता कहती थी कि आप इस पार्टी में क्या कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज यह हालत हो गई है कि एक स्कूल बनाने तक के लिए चंदा देना पड़ रहा है। पश्चिम बंगाल में लगातार हिंसा बढ़ रही है। प्रदेश में हिंसा और भ्रष्टाचार से जनता परेशान है। ऐसे में पश्चिम बंगाल की जनता खुश है कि वहां पर असली परिवर्तन होने जा रहा है।
बता दें कि दिनेश त्रिवेदी 2009 से 2011 तक केंद्र सरकार में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री रहे। इसके बाद 2011 में देश के केंद्रीय रेल मंत्री बने। मार्च 2012 में उन्होंने रेल मंत्री से इस्तीफा दे दिया। अप्रैल 2020 में वे एक बार फिर पश्चिम बंगाल से राज्यसभा पहुंचे। विगत 12 फरवरी 2021 को उन्होंने सिद्धांतों से कोई समझौता न करते हुए राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया था।