36.1 C
New Delhi
Saturday, July 27, 2024

प्रधानमंत्री मोदी ने चुनावी राज्यों के कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र

-कहा-सामान्य जन के मन के विश्वास का सेतु बनें भाजपा कार्यकर्ता
-भाजपा में परिवारवाद नहीं, सेवा, संकल्प और समर्पण पर टिका है पार्टी का आधार
-पार्टी कार्यकर्ताओं के समर्पण और कड़ी मेहनत से हम आगे बढ़े हैं : मोदी
-कार्यसमिति में पांचों राज्यों के विधानसभा चुनावों पर महामंथन

नई दिल्ली /खुशबू पाण्डेय : भारतीय जनता पार्टी (BJP) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की एकदिवसीय बैठक में तीन महीने बाद होने जा रहे उत्तर प्रदेश सहित पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों पर महामंथन हुआ। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी राज्यों के कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया। साथ ही कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता सामान्य जन के मन के विश्वास का सेतु बनें। पार्टी कार्यकर्ताओं के समर्पण और उनकी कड़ी मेहनत से ही हम आगे बढ़े हैं। कार्यकर्ताओं को सीख देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ज्ञान सिर्फ किताबों से नहीं मिलता, लोगों के बीच काम करने से तजुर्बा आता है। लिहाजा, बीजेपी कार्यकर्ताओं को आने वाले समय में इस विश्वास और अपनत्व को लेकर आगे चलना होगा। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की एक दिवसीय बैठक के समापन भाषण में प्रधानमंत्री ने आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत का भरोसा जताया और विपक्षी दलों खासकर, कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा कोई परिवार अधारित पार्टी नहीं है।

प्रधानमंत्री मोदी ने चुनावी राज्यों के कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र

भाजपा में परिवारवाद नहीं है, यही उसे दूसरी पार्टियों से अलग बनाता है। पार्टी का आधार सेवा, संकल्प और समर्पण पर टिका है। पार्टी के इतिहास को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने आज केंद्र में जो स्थान पाया है, उसका बहुत बड़ा कारण ये है कि पार्टी सामान्य व्यक्ति से हमेशा जुड़ी रहती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि लगातार सामान्य व्यक्ति के मन से जुड़कर जो पार्टी एक विचार को राजनीति के आदर्श के रूप में लेकर चली है, आज उसका एक व्यापक परिणाम भी देखने में आता है। पार्टी ने अपने मूवमेंट से भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत किया है। पीएम मोदी ने आने वाले समय में पार्टी के कार्यकर्ताओं से उमंग, उत्साह के साथ पार्टी की कार्यपद्धति को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से सामान्य जन के मन के विश्वास का सेतु बनने का आह्वान किया और कहा कि देश की राजनीति में पार्टी ने आज जो मुकाम हासिल किया है, उसका बहुत बड़ा कारण जनता से उसका जुड़ाव ही रहा है। भाजपा के कार्यकर्ताओं को आने वाले समय में इसी विश्वास और अपनत्व को लेकर चलना होगा।
राजधानी स्थित नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के सम्मेलन कक्ष में आयोजित भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में प्रधानमंत्री ने आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत का भरोसा जताया। साथ ही विपक्षी दलों खासकर, कांग्रेस पर निशाना साधा। कार्यकारिणी बैठक में पश्चिम बंगाल की राजनीतिक स्थिति के बारे में भी एक प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक का उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नडडा ने किया। बैठक में रक्षामंत्री राजनाथ ङ्क्षसह, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, समेत सभी बड़े नेता शामिल हुए। बैठक के दौरान पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि मोदी ने महामारी के बीच बोल्ड स्टेप लिए, जिससे अर्थव्यवस्था को फायदा पहुंचा। इस मौके पर सिर्फ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे। बाकी सभी मुख्यमंत्री आनलाइन कार्यसमिति से जुड़े।

चुनावी राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने पेश किया रिपोर्ट कार्ड

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष चुनावी राज्यों उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर इन राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों ने संगठन और मुख्यमंत्रियों ने अपने कामकाज का विस्तृत विवरण दिया। ऐसा ही एक विवरण पंजाब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने पेश किया और कहा कि भाजपा राज्य की सभी सीटों पर आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेगी। चार राज्यों के मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्षों ने उनके द्वारा किए गए काम और चलाए गए अभियानों की जानकारी दी। पांचों राज्यों का रिपोर्ट कार्ड देखने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बहुत भरोसे और विश्वास के साथ रिपोॢटंग की गई है। चुनावी राज्यों ने विश्वास के साथ अपनी सरकार की उपलब्धि और संगठनात्मक कार्यों को रखा है वह इस बात को दर्शाता है कि हम सभी जनता के साथ जुडे हुए विषयों को लेकर मजबूती के साथ आगे बढ़ रहे हैं। बैठक में सभी पांचों राज्यों की रिपोर्टिंग हुई। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि बीजेपी को जनता का आशीर्वाद मिलता रहेगा। लोकतांत्रिक पार्टी में ब्रिज ऑफ फेथ बने। विपक्ष की ओर से छोटे स्तर की राजनीति हो रही है।

नमो एैप पर कमल पुष्प लांच किया

प्रधानमंत्री नरेंद मोदी ने बैठक के दौरान नमो एैप पर शुरु किए गए नए खंड कमल पुष्प का भी उल्लेख किया। साथ ही कार्यकर्ताओं से पुरानी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नए मूल्यों व नए संकल्पों के साथ जनता के बीच काम करने का आह्वान किया। ‘कमल पुष्प भाजपा के उन कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि देने का मंच है, जिन्होंने भाजपा को भारतीय राजनीति में स्थापित करने के लिए अपना जीवन खपा दिया। बैठक की जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री ने कोविड-19 महामारी के दौरान भाजपा की ओर से चलाए गए सेवा ही संगठन अभियान की भी सराहना की। कार्यकारिणी में शामिल सदस्यों को सीओपी-26 में भारत की भूमिका, अर्थव्यवस्था में हो रहे सुधार और कोविड-19 के खिलाफ भारत की मजबूत लड़ाई पर आधारित एक साहित्यिक पुस्तिका का वितरण भी किया गया।

प्रधानमंत्री ने उपचुनावों में मिली जीत का किया जिक्र

प्रधानमंत्री मोदी ने तेलंगाना के उपचुनावों में भाजपा को मिली जीत, हरियाणा के ऐलनाबाद में पार्टी के प्रदर्शन में हुए सुधार, तमिलनाडु के स्थानीय निकाय के चुनावों और आंध्र प्रदेश के उपचुनावों में बढ़े पार्टी के वोट प्रतिशत का उल्लेख किया और कहा कि यह नतीजे दर्शाते हैं कि भाजपा के विकास के एजेंडे को जनता स्वीकार कर रही है। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सुनील देवधर ने कहा कि मोदी ने आंध्र प्रदेश के बड़वेल विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भी पार्टी के प्रदर्शन का उल्लेख किया। बड़वेल विधानसभा उपचुनाव में पार्टी के प्रदर्शन के लिए उन्होंने (मोदी) आंध्र प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं की भी सराहना की। साथ ही कहा कि पहले इस सीट पर हमें 750 मत मिले थे जबकि अब हमें 21 हजार के करीब मत मिले हैं।

latest news

Related Articles

epaper

Latest Articles