12.1 C
New Delhi
Tuesday, January 27, 2026

गुरुद्वारा कमेटी चुनाव : घरों से नहीं निकले सिख वोटर, 37.27 फीसदी हुआ मतदान

Join whatsapp channel Join Now
Join Telegram Group Join Now

–25 अगस्त को निकलेगा दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी का रिजल्ट
-2017 के आम चुनाव से 8 प्रतिशत कम हुआ मतदान
-वीआईपी सीट पंजाबी बाग में सबसे ज्यादा 54.10 फीसदी वोट पड़े
-श्याम नगर वार्ड में सबसे कम 25.18 फीसदी मतदान हुआ
-46 वार्डों में सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक हुई वोटिंग

नई दिल्ली /खुशबू पाण्डेय : दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (DSGMC)के आम चुनाव रविवार को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हो गए। राजधानी के 46 वार्डो पर हुए मतदान में वोटिंग प्रतिशत बहुत कम रहा। रक्षाबंधन त्यौहार होने के चलते मतदाता घरों से निकले ही नहीं। नतीजन 1,27,472 कुल वोट ही पड़े। मतदान 37.27 प्रतिशत रहा। पिछले 2017 के आम चुनाव से इस बार करीब 8 फीसदी से कम मतदान हुआ। पिछली बार 45.61 फीसदी वोटिंग हुई थी। 25 अगस्त को निकलेगा गुरुद्वारा कमेटी का रिजल्ट। दिल्ली की सबसे हॉट एवं वीआईपी सीट मानी जाती पंजाबी बाग में सबसे ज्यादा 54.10 प्रतिशत वोटिंग हुई है। यहां दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष मनजिंदर ङ्क्षसह सिरसा और पूर्व कमेटी अध्यक्ष हरविंदर सिंह सरना के बीच कांटे की टक्कर है। दूसरे नंबर पर त्रि-नगर वार्ड रहा, जहां पर 51.21 प्रतिशत वोटिंग हुई है।

इस सीट पर गुरुद्वारा कमेटी के पूर्व महासचिव गुरमीत सिंह शंटी निर्दलीय जीतते रहे हैं। हालांकि इस बार सरना दल की ओर से चुनाव लड़ रहे हैं। तीसरे नंबर पर लाजपत नगर वार्ड रहा, जहां 50.69 प्रतिशत एवं चौथे नंबर पर हरीनगर सीट रही, जहां कुल 50.46 फीसदी मतदान हुआ है। हरीनगर सीट अभी तक तख्त श्री पटना साहिब गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष अवतार सिंह हित के पास थी। वह कई वर्षों से जीतते रहे हैं। सबसे कम मतदान श्याम नगर वार्ड पर हुआ। यहां पर मात्र 25.18 फीसदी वोट पड़े। इस वार्ड में कुल 7589 वोट बना है, जिसमें से मात्र 1911 वोट पड़े। यह सीट अभी तक शिरोमणि अकाली दल के हरजीत सिंह के पास थी। इस बार कुल 3,42, 065 वोट बने थे, जिसमें से 1,27, 472 वोट पड़े हैं। इसमें से 68,194 पुरूष मतादाता एवं 59,278 महिला मतदाताओं ने वोट है।
गुरुद्वारा चुनाव निदेशालय के मुताबिक सभी 46 वार्डों में मतदान सुबह 8 बजे से शुरू हुआ और शाम 5 बजे तक हुआ। इसके लिए 576 पोलिंग बूथ बनाए गए थे। बूथों पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे। सभी बूथों पर पर्याप्त संख्या में पैरा मिलिट्री व दिल्ली पुलिस के जवान तैनात किया गया था। साथ ही पुलिस के आला अधिकारी अपने-अपने इलाके में बूथों पर पैनी नजर बनाए हुए थे। कहीं भी किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली। सभी बूथों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।

312 कंडीडेटों का भाग्य बैलेट बाक्स में बंद

दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के आम चुनाव में 312 कंडीडेट मैदान में उतरे हैं। चुनाव में छह धार्मिक पार्टियां शिरोमणि अकाली दल (बादल), शिरोमणि अकाली दल (दिल्ली ), जागो पार्टी, पंथक लहर आदि लड़ रही हैं। दलों ने अपने 180 प्रत्याशी उतारे हैं, जबकि 132 प्रत्याशी निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव के लिए 546 पोलिंग बूथ बनाए गए थे। पिछले चुनाव में 3.86 लाख वोटर थे। तब 45 फीसदी वोट पड़े थे। इस बार कुल 3.42 लाख वोटर थे, जिसमें से मात्र 37.27 प्रतिशत वोट पड़े हैं। 2021 में बनी संशोधित मतदाता सूची में 92 हजार वोट कट गए थे, जबकि 48 हजार नये वोट जुड़े थे। खास बात यह है कि इस बार 80 प्रतिशत वोटर लिस्ट फोटो युक्त बन गई है।

गुरुद्वारा कमेटी के 3 अध्यक्ष भी मैदान में

दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के आम चुनाव में इस बार कई चर्चित चेहरे मैदान में किस्मत आजमा रहे हैं। इसमें दिल्ली सिख गुरूद्वारा प्रबंधक कमेेटी के 2 पूर्व अध्यक्ष एवं 1 वर्तमान अध्यक्ष चुनाव लड़ रहा है। इसमें से मनजिंदर ङ्क्षसह सिरसा शिरोमणि अकाली दल की ओर से, पूर्व अध्यक्ष हरविंदर ङ्क्षसह सरना शिरोमणि अकाली दल दिल्ली और पूर्व अध्यक्ष मंजीत सिंह जीके जागो पार्टी के बैनर तले चुनाव लड़ रहे हैं। जीके जागो पार्टी के अध्यक्ष भी हैं। इसके अलावा कमेटी के महासचिव एवं अकाली दल के प्रदेश अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका, पूर्व विधायक तरविंदर सिंह मारवाह, पार्षद परमजीत सिंह राणा, पूर्व महासचिव गुरमीत सिंह शंटी, अमरजीत ङ्क्षसह पप्पू आदि चुनाव लड़ रहे हैं।

सिरसा एवं कालका ने सिख वोटरों का आभार जताया

दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष मनजिन्दर सिंह सिरसा, महासचिव हरमीत सिंह कालका ने दिल्ली के सभी सिख वोटर्स खासकर महिलाओं का आभार प्रकट किया, जिन्होंने आज अपने व्यस्तम समय में से समय निकालकर वोट डाले। उन्होंने कहा कि त्यौहार के बावजूद संगत में खासा उत्साह देखा गया। संगत ने हमारे 2 वर्षों के कार्यकाल को देखा और परखा है जिसके दम पर हमें पूर्ण विश्वास है कि संगत एक बार फिर से हमें सेवा का मौका अवश्य देगी। उन्होंने कहा चुनावों के परिणाम आते ही हम सबसे पहले बाला साहिब अस्पताल संगत के सर्पुद करेंगे, जिसमें बेहतर इलाज मरीजों का हो सकेगा इसके साथ ही अन्य जो वायदे हमने संगत के साथ किये हैं उसे पूरा किया जायेगा।

आएगा बदलाव, सरना ने किया सिख संगतों का शुक्रिया

शिरोमणि अकाली दल (दिल्ली) के महासचिव हरविंदर सिंह सरना ने दिल्ली की सभी सिख संगतों का शुक्रिया अदा किया है। साथ ही दावा किया है कि कमेटी में बड़ा बदलाव आएगा और सबकुछ नया-नया होगा। सरना ने कहा कि रक्षाबंधन का त्यौहार होने के बावजूद महिलाओं ने अच्छी वोटिंग की है। इससे पता चलता है कि सिख संगत दिल्ली सिख गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी में बड़ा बदलाव चाहती है। सरना ने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों का भी आभार व्यक्त किया है, जो पिछले कई दिनों से चुनाव के लिए कड़ी मेहनत कर रहे थे।

Related News

Delhi epaper

Prayagraj epaper

Kurukshetra epaper

Latest News