दिल्ली/गुरुग्राम/खुशबू पाण्डेय। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर यशोभूमि में डायरेक्ट सेलिंग विमेन एंटरप्रेन्योरशिप सम्मिट 2026 का तीसरा संस्करण हुआ आयोजित। केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी और अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि यह इंडस्ट्री महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही है और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही है। इंडस्ट्री का आकार 2015 में 3 हजार करोड़ से बढ़कर अब 30 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है।
इंडस्ट्री में तेज़ विकास और सरकारी समर्थन
उपभक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रहलाद जोशी ने कार्यक्रम के उद्घाटन पर कहा कि डायरेक्ट सेलिंग इंडस्ट्री पिछले दस साल में बहुत तेज़ी से बढ़ी है। साल 2015 में यह सिर्फ 3 हजार करोड़ रुपये की थी, जो अब 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है। इस क्षेत्र से सरकार को करीब 3600 करोड़ रुपये का टैक्स मिल रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बने नियमों का जिक्र किया, जिन्होंने इस इंडस्ट्री को स्पष्ट परिभाषा दी और डायरेक्ट सेलर के हितों की रक्षा की।
महिलाओं की आत्मनिर्भरता पर जोर
कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि डायरेक्ट सेलिंग महिलाओं को आर्थिक आज़ादी दे रही है। महिलाओं की आत्मनिर्भरता से पूरे देश की अर्थव्यवस्था को फायदा होता है। उन्होंने बताया कि भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंच जाएगा। इसमें महिलाओं की बड़ी भूमिका होगी। मेघवाल ने जोर दिया कि यह क्षेत्र महिलाओं को मजबूत बना रहा है।
महिलाओं के सपनों को साकार करने का माध्यम
लोकसभा सांसद और सीएआईटी के जनरल सेक्रेटरी प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि डायरेक्ट सेलिंग से जुड़कर महिलाएं अपने सपनों को पूरा कर रही हैं। यह इंडस्ट्री उन्हें आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बना रही है। एडीएसईआई के अध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि 2014 के बाद इस क्षेत्र को नई पहचान मिली है। यह प्रधानमंत्री के महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भर भारत, स्किल इंडिया और स्वदेशी उत्पादों के इस्तेमाल जैसे लक्ष्यों में सीधा योगदान दे रही है।
कार्यक्रम में कई वरिष्ठ पदाधिकारी जैसे गौतम बाली, हेम पांडे, जितेंद्र डागर आदि मौजूद रहे। इस मौके पर डायरेक्ट सेलिंग में उत्कृष्ट काम करने वाली महिलाओं को दोनों केंद्रीय मंत्रियों ने सम्मानित किया। यह सम्मिट महिलाओं के उद्यमिता को बढ़ावा देने और उनकी उपलब्धियों को मान्यता देने का महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Women Express पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

