गोरखपुर, 27 मार्च। कानपुर की 5 वर्षीय यशस्विनी सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गोरखनाथ मंदिर में एक अनोखा तोहफा दिया। शुक्रवार सुबह मंदिर परिसर में भ्रमण के दौरान बच्ची ने आंखें बंद करने को कहा और फिर एक छोटा सा बुलडोजर खिलौना भेंट किया। यह देखकर मुख्यमंत्री मुस्कुरा पड़े और वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े।
मुख्यमंत्री ने बच्ची को चॉकलेट दी, खिलौना वापस लौटाया और अच्छे से पढ़ाई करने की सलाह दी। इस मासूम पल का वीडियो मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया पर साझा किया है, जो लोगों के बीच काफी चर्चा में है।
मासूम बच्ची का सरप्राइज गिफ्ट
शुक्रवार को गोरखनाथ मंदिर में अपनी नियमित सुबह की दिनचर्या के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भ्रमण कर रहे थे। उसी समय कानपुर से आई 5 वर्षीय यशस्विनी सिंह अपनी मां-बाप के साथ वहां मौजूद थीं। मुख्यमंत्री ने बच्ची को पास बुलाया, उसे चॉकलेट दी और कुछ बातें कीं। तभी यशस्विनी ने कहा, “आपके लिए गिफ्ट लाए हैं, पहले आंखें बंद करिए।”
मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए बच्ची की बात मान ली। यशस्विनी ने उनके हाथ में एक छोटा सा बुलडोजर खिलौना रख दिया। बच्ची ने बताया कि “आपको बुलडोजर पसंद है, इसलिए मैंने यह गिफ्ट किया है।” यह देखकर मुख्यमंत्री समेत आसपास के लोग हंसने लगे।
यशस्विनी सिंह कौन हैं
यशस्विनी सिंह कानपुर के प्रताप इंटरनेशनल कॉलेज में नर्सरी की छात्रा हैं। वह अपने पिता अभय सिंह राजावत और मां प्रियदंबा सिंह के साथ गोरखपुर आई थीं। परिवार गोरक्षपीठाधीश्वर से आशीर्वाद लेने आया था। मुलाकात के बाद यशस्विनी काफी खुश नजर आईं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्ची से कहा कि खूब खेलना और मन लगाकर पढ़ाई करना। उन्होंने खिलौना यशस्विनी को वापस दे दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री की छवि बच्चों के प्रति स्नेहपूर्ण दिखाई दी।
मुख्यमंत्री कार्यालय का पोस्ट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस वीडियो को शेयर किया। पोस्ट में लिखा गया, “यह नन्हा-सा उपहार बड़े विश्वास का प्रतीक है, यह भरोसे की मासूम अभिव्यक्ति है। आज गोरखनाथ मंदिर परिसर में भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कानपुर की पांच वर्षीय यशस्विनी ने बुलडोजर खिलौना भेंट किया।”
यशस्विनी ने बाद में कहा, “मैंने उन्हें बुलडोजर दिया क्योंकि उन्हें बुलडोजर पसंद है। उन्होंने मुझसे कहा कि खूब पढ़ाई करना। उनसे मिलकर अच्छा लगा।”
यह घटना राम नवमी के मौके पर हुई, जब मुख्यमंत्री बच्चों और जनता से जुड़े कार्यक्रमों में व्यस्त थे। इस मासूम इंटरैक्शन ने कई लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला दी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Women Express पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

