लखनऊ/खुशबू पांडेय। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके प्रार्थना पत्र लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए कि इनका प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर पीड़ित व्यक्ति की उचित समस्या का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। खासतौर पर महिला पीड़ितों की शिकायतों पर उन्होंने संवेदनशीलता से कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में महिला पीड़ितों की समस्याओं पर CM योगी का निर्देश
कार्यक्रम में कई महिलाओं और आम नागरिकों ने अपनी फरियाद रखी। उन्नाव के बांगरमऊ से आईं ममता तिवारी ने बताया कि कुछ लोगों ने उनके इलाके के मंदिर पर कब्जा कर लिया है और पूजा-पाठ भी नहीं करने दे रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले का संज्ञान लिया और उन्नाव के पुलिस अधीक्षक को तत्काल उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने जोर दिया कि किसी भी धार्मिक स्थल पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण
बदायूं से आए एक किसान ने शिकायत की कि कुछ लोगों ने उनकी फसल नष्ट कर दी है, लेकिन पुलिस अभी तक कोई कार्रवाई नहीं कर रही। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी किसान को परेशानी नहीं होनी चाहिए। दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई तुरंत सुनिश्चित की जाए।
बलरामपुर से एक फरियादी ने गांव की सड़क की खराब हालत का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि ग्राम प्रधान कई सालों से सड़क निर्माण नहीं होने दे रहे हैं, जिससे आवागमन में भारी दिक्कत हो रही है। सीएम योगी ने स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे गांव में जाकर ग्रामीणों से बात करें, स्थिति का खुद जायजा लें और सड़क का निर्माण कराएं।
खिलाड़ी हमारी धरोहर, समस्या का जल्द समाधान कराएं
फर्रुखाबाद से आए एक निशानेबाज खिलाड़ी ने मुख्यमंत्री से लाइसेंस दिलाने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि वे विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर पदक जीत चुके हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि खिलाड़ी हमारी धरोहर हैं। अधिकारियों को निर्देश दिया कि उनके प्रार्थना पत्र का संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करें और उनकी समस्या का जल्द निस्तारण हो।
जमीन विवाद और पारिवारिक मामलों पर कार्रवाई के निर्देश
जनता दर्शन में जमीन कब्जे और पारिवारिक विवाद से जुड़े कई मामले सामने आए। लखनऊ से एक व्यक्ति ने अवैध कॉलोनी का मुद्दा उठाया, जिस पर मुख्यमंत्री ने आवास आयुक्त को नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। कुछ लोगों ने सरकारी जमीन पर कब्जे की शिकायत की, तो कुछ ने पुलिस कार्रवाई में देरी पर असंतोष जताया। सीएम योगी ने सभी मामलों में पीड़ितों की संतुष्टि सुनिश्चित करते हुए यथोचित कार्रवाई के आदेश दिए।
सरोजिनी नगर से आए एक फरियादी ने जमीन कब्जाने और बाउंड्री वॉल तोड़ने की शिकायत की। मुख्यमंत्री ने सरोजिनी नगर के एसडीएम को मामले का निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पीड़ितों की समस्याओं का उचित समाधान सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे कार्यक्रम के दौरान एक-एक फरियादी से खुद मिलकर उनकी बात सुनी। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि जन समस्याओं को हल्के में नहीं लिया जाए और हर शिकायत का प्राथमिकता से निपटारा हो। यह कार्यक्रम आम जनता से सीधा संवाद बढ़ाने और शासन को अधिक संवेदनशील बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Women Express पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

