Republic Day 2026: उत्तर प्रदेश की झांकी इस बार गणतंत्र दिवस 2026 की परेड में बुंदेलखंड की समृद्ध संस्कृति और विकास की प्रगति को एक साथ दिखाएगी। दिल्ली के कर्तव्य पथ पर 26 जनवरी को होने वाली राष्ट्रीय परेड में यूपी की यह झांकी खास आकर्षण बनेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में तैयार इस झांकी में प्राचीन कालिंजर दुर्ग की ऐतिहासिक विरासत से लेकर ब्रह्मोस मिसाइल और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर तक का संगम देखने को मिलेगा। यह प्रस्तुति परंपरा के संरक्षण और तेज विकास के संतुलन को दर्शाती है, जिसमें ओडीओपी योजना, लोकनृत्य, पर्यटन और आर्थिक आत्मनिर्भरता पर जोर दिया गया है।
कालिंजर दुर्ग से शुरू होती विरासत की यात्रा
झांकी के आगे के हिस्से में कालिंजर दुर्ग की प्रसिद्ध एकमुख लिंग की शैल-कृति को प्रमुखता से दिखाया गया है। यह बुंदेलखंड की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा और सांस्कृतिक महत्व को उजागर करता है। मध्य भाग में क्षेत्र की हस्तशिल्प कला जैसे मृद्भांड (टेराकोटा), मनका शिल्प और अन्य स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है। ये सभी ‘एक जनपद एक उत्पाद’ (ओडीओपी) योजना के तहत आते हैं, जो योगी सरकार की ओर से पारंपरिक कारीगरों को बाजार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की महत्वपूर्ण पहल है। इस हिस्से से बुंदेलखंड की सांस्कृतिक पहचान और आर्थिक मजबूती का संदेश जाता है।
पर्यटन, आस्था और लोक संस्कृति का अनोखा मेल
झांकी के पिछले हिस्से में कालिंजर दुर्ग के नक्काशीदार स्तंभ, भव्य द्वार और नीलकंठ महादेव मंदिर को दिखाया गया है। यहां पर्यटक दुर्ग के ऐतिहासिक गलियारों में घूमते नजर आएंगे, जो बुंदेलखंड को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करता है। बुंदेली कलाकार पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत करते हुए क्षेत्र की उत्सवधर्मिता, लोकजीवन और सांस्कृतिक रंगों को जीवंत बनाएंगे। यह दृश्य बुंदेलखंड की जड़ों से जुड़ी जीवनशैली को राष्ट्रीय मंच पर पेश करेगा।
आधुनिक उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा
झांकी का अंतिम भाग किले की स्थापत्य शैली से प्रेरित आधुनिक ढांचे के रूप में तैयार है। यहां ब्रह्मोस मिसाइल, एक्सप्रेसवे नेटवर्क, औद्योगिक विकास, मजबूत आधारभूत संरचना और अन्य नवीन निर्माणों की झलक मिलेगी। यह योगी सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की तेज प्रगति, सशक्त रक्षा क्षमता और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर को दर्शाता है। झांकी का पूरा संदेश साफ है कि प्रदेश अपनी सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत रखते हुए विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
बुंदेलखंड की यह झांकी न सिर्फ क्षेत्र की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करेगी, बल्कि परंपरा और प्रगति के साथ चलने वाले नए भारत की तस्वीर भी पेश करेगी। गणतंत्र दिवस पर यह प्रस्तुति देश-विदेश के दर्शकों को प्रभावित करने वाली होगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Women Express पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

