29.1 C
New Delhi
Wednesday, March 18, 2026

यूपी में नवरात्रि-रमजान समेत सभी पर्व अब बिना भय के मनाए जाते हैं: CM योगी आदित्यनाथ

Join whatsapp channel Join Now
Join Telegram Group Join Now

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूरे होने के मौके पर बुधवार को लोक भवन में ‘नव निर्माण के 9 वर्ष’ पुस्तक का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार की नीतियों, जनता के सहयोग और टीम वर्क से प्रदेश में सुरक्षा, विकास और सुशासन की नई तस्वीर उभरी है।

उन्होंने खास तौर पर यह बताया कि चैत्र नवरात्रि और रमजान का महीना साथ चल रहा है, परसों अलविदा की नमाज होगी और 20-21 मार्च को ईद भी हो सकती है, फिर भी पूरे प्रदेश में शांति है, कोई भय या तनाव नहीं।

9 वर्षों में बदली उत्तर प्रदेश की तस्वीर

सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश पहचान के संकट से जूझ रहा था। दुनिया की सबसे उपजाऊ जमीन और भरपूर पानी के बावजूद किसान आत्महत्या करने को मजबूर थे। कारीगर उद्यमी बनने की बजाय मजदूर बनकर दूसरे राज्यों में पलायन कर रहे थे। युवाओं को न तो अच्छी नौकरी मिल रही थी और न ही सम्मानजनक रोजगार। भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार और वसूली आम थी। कानून-व्यवस्था इतनी खराब थी कि न बेटियां सुरक्षित थीं, न व्यापारी और न ही आम आदमी। दंगे, कर्फ्यू और अराजकता की खबरें अक्सर आती थीं।

आज सुरक्षा और शांति का नया माहौल

मुख्यमंत्री ने बताया कि आज हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। नवरात्रि शुरू हो रही है और रमजान भी चल रहा है। लोग त्योहार शालीनता और खुशी के साथ मना रहे हैं। कहीं कोई हलचल नहीं, न दंगे का डर है, न कर्फ्यू का तनाव। उन्होंने साफ कहा कि यही असली सुरक्षा है। प्रदेश के 25 करोड़ लोगों की सामूहिक मेहनत से यह बदलाव आया है।

कानून-व्यवस्था, विकास और कल्याणकारी योजनाएं

बीते 9 वर्षों में सरकार ने सुरक्षा को मजबूत किया, इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया, निवेश बढ़ाया और रोजगार के नए अवसर पैदा किए। किसानों के कल्याण, महिलाओं के सशक्तीकरण और गरीबों के उत्थान पर विशेष ध्यान दिया गया। दलित, वंचित और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया। शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और सेवा क्षेत्रों में सुधार हुए। प्रदेश की आस्था, संस्कृति और परंपराओं को सम्मान मिला, जिससे उत्तर प्रदेश की नई पहचान बनी।

9 दिवसीय कार्यक्रम से जनता तक पहुंचाएंगे उपलब्धियां

सीएम योगी ने बताया कि 9 वर्ष की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 9 विषयों पर आधारित 9 दिवसीय कार्यक्रम चलाया जा रहा है। यह कार्यक्रम बसंत नवरात्र से शुरू हुआ है। इसका मकसद है कि युवा, किसान, श्रमिक, महिलाएं और गरीब सभी इसमें शामिल हों। संवाद के जरिए न सिर्फ बीते 9 साल के काम बताए जाएंगे, बल्कि आगे के विकास का विजन भी तय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 9 शुभ अंक है, जो पूर्णता का प्रतीक है।

9 लाख 12 हजार करोड़ का रिकॉर्ड बजट

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि 9 वर्ष पूरे होने पर सरकार ने आगामी वित्तीय वर्ष के लिए करीब 9 लाख 12 हजार करोड़ रुपये का बजट तय किया है। यह बजट प्रदेश के समग्र विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने, रोजगार सृजन और आर्थिक ताकत बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा। उत्तर प्रदेश अब सुरक्षा, सुशासन और विकास के नए मानक स्थापित कर रहा है।

जनता को बधाई और भविष्य का संकल्प

सीएम योगी ने प्रदेश की जनता को इन 9 वर्षों की उपलब्धियों के लिए हृदय से बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन प्रधानमंत्री के विजन, डबल इंजन सरकार, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के सहयोग का नतीजा है। आने वाले समय में यह बदलाव और व्यापक रूप लेगा।

Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Women Express पर. Hindi News और India News in Hindi  से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related News

Delhi epaper

Prayagraj epaper

Kurukshetra epaper

Latest News