लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत गरीब परिवारों को कैशलेस इलाज की सुविधा मिल रही है। साथ ही, योजना से जुड़े अस्पतालों के क्लेम का भुगतान अब 30 दिनों के अंदर किया जा रहा है। पिछले एक साल में क्लेम लंबित मामलों में बड़ी कमी आई है।
जनवरी 2025 में जहां 10 लाख 75 हजार क्लेम लंबित थे, वहीं दिसंबर 2025 तक यह संख्या घटकर सिर्फ 3 लाख रह गई है। इन बाकी मामलों को भी जल्द निपटाया जाएगा। इस दौरान अस्पतालों को कुल 4,649 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। इससे अस्पतालों का भरोसा बढ़ा है और मरीजों को बिना देरी के इलाज मिल रहा है।
क्लेम निस्तारण में हुआ बड़ा सुधार
स्टेट एजेंसी फॉर कॉम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज (साचीज) की सीईओ अर्चना वर्मा ने बताया कि योजना के तहत सरकारी और निजी अस्पतालों से आने वाले क्लेम का तेज और पारदर्शी निस्तारण किया जा रहा है। हर महीने औसतन 2 लाख से ज्यादा क्लेम आते हैं। इतनी बड़ी संख्या में क्लेम निपटाना चुनौती भरा काम है, लेकिन पुराने और नए दोनों क्लेम नियमित रूप से सुलझाए जा रहे हैं। इसका मकसद यह है कि आयुष्मान कार्ड वाले मरीजों का इलाज अस्पताल बिना किसी झिझक के करें।
मेडिकल ऑडिट और स्टाफ में बढ़ोतरी
साचीज की एसीईओ पूजा यादव ने कहा कि क्लेम प्रक्रिया को आसान और तेज बनाने के लिए मेडिकल ऑडिट सिस्टम को मजबूत किया गया है। मेडिकल ऑडिटरों की संख्या 40 से बढ़ाकर 130 कर दी गई है, जिससे क्लेम की जांच जल्दी हो रही है। इसी तरह क्लेम प्रोसेसिंग डेस्क की संख्या 100 से बढ़ाकर 125 की गई है। अस्पतालों के क्लेम का भुगतान 30 दिनों की तय समय सीमा (टर्न अराउंड टाइम) में करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए नियमित मीटिंग और लंबित मामलों की निगरानी की जा रही है।
अस्पतालों को समय पर मिल रहा भुगतान
अर्चना वर्मा ने आगे बताया कि जनवरी 2025 से दिसंबर 2025 तक योजना के तहत सूचीबद्ध अस्पतालों को क्लेम के बदले कुल 4,649 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। यह रकम दिखाती है कि सरकार इलाज की व्यवस्था के साथ-साथ अस्पतालों के हितों का भी ध्यान रख रही है। समय पर पैसे मिलने से अस्पताल गरीब मरीजों को अच्छी सेवाएं दे पा रहे हैं।
गरीब मरीजों को सीधा फायदा
इस योजना से क्लेम की लंबित संख्या कम होने, समय पर भुगतान और मजबूत ऑडिट सिस्टम से अस्पतालों का विश्वास बढ़ा है। इसका सबसे ज्यादा लाभ गरीब और जरूरतमंद मरीजों को मिल रहा है। अब उन्हें इलाज के लिए कर्ज लेने या अपनी संपत्ति बेचने की नौबत नहीं आती। आयुष्मान कार्ड से कैशलेस इलाज की सुविधा ने लाखों परिवारों की जिंदगी आसान बना दी है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Women Express पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

