लखनऊ/खुशबू पांडेय। उत्तर प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में योगी आदित्यनाथ सरकार अप्रैल महीने में प्रदेश में 25 नए वन स्टॉप सेंटर शुरू करने जा रही है। इन नए केंद्रों के शुरू होने के बाद प्रदेश में वन स्टॉप सेंटर की कुल संख्या 96 से बढ़कर 121 हो जाएगी।
यह फैसला मिशन शक्ति अभियान के तहत लिया गया है, जिसके जरिए हिंसा या उत्पीड़न की शिकार महिलाओं को एक ही जगह पर सभी जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। लखनऊ, जौनपुर, सोनभद्र और गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) जैसे जिलों में दो-दो नए सेंटर खोले जा रहे हैं, जबकि अन्य कई जिलों में एक-एक केंद्र स्थापित किया जाएगा।
महिला सुरक्षा में मजबूत कदम
वन स्टॉप सेंटर योजना महिलाओं के लिए एक प्रभावी सहायता तंत्र साबित हो रही है। इन केंद्रों पर पीड़ित महिलाओं को एक ही छत के नीचे चिकित्सकीय सहायता, मनोवैज्ञानिक परामर्श, कानूनी सलाह, पुलिस सहयोग और अल्पकालीन आश्रय जैसी सेवाएं मिलती हैं। प्रदेश की बड़ी जनसंख्या को देखते हुए सरकार ने इस मॉडल को और मजबूत बनाने का निर्णय लिया है। नए सेंटरों से उन जिलों में भी बेहतर पहुंच बनेगी जहां पहले सुविधा सीमित थी।
किन जिलों में खुलेंगे नए सेंटर
लखनऊ, जौनपुर, सोनभद्र और गौतमबुद्ध नगर में दो-दो नए वन स्टॉप सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा अयोध्या, मिर्जापुर, महाराजगंज, मेरठ, प्रयागराज, आगरा, गोरखपुर, वाराणसी, अलीगढ़, आजमगढ़, उन्नाव, जालौन, बहराइच, फिरोजाबाद, लखीमपुर खीरी, चंदौली और हरदोई जैसे जिलों में एक-एक नया केंद्र खोला जाएगा। प्रत्येक सेंटर पर आपात स्थिति में तुरंत सहायता पहुंचाने के लिए एक वाहन की व्यवस्था भी की गई है।
अब तक की उपलब्धियां
योजना शुरू होने से लेकर अब तक वन स्टॉप सेंटरों पर कुल 2.39 लाख मामलों में सहायता प्रदान की जा चुकी है। यह आंकड़ा इन केंद्रों की उपयोगिता और प्रभाव को स्पष्ट रूप से दर्शाता है। महिलाएं इन जगहों पर बिना किसी झिझक के मदद मांग रही हैं, क्योंकि यहां गोपनीयता और त्वरित कार्रवाई पर पूरा ध्यान दिया जाता है।
मिशन शक्ति अभियान का हिस्सा
यह विस्तार मिशन शक्ति अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसके तहत राज्य सरकार महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए कई योजनाएं चला रही है। नए सेंटरों से महिलाओं को संकट के समय तेज और समग्र मदद मिलेगी, जिससे प्रदेश में सुरक्षित माहौल बनाने में मदद मिलेगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Women Express पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

