लखनऊ/खुशबू पाण्डेय। वाराणसी की शिवानी पटेल ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (CM-YUVA) योजना के सहारे नौकरी छोड़कर मधुमक्खी पालन शुरू किया और ‘बनारसी हनी’ ब्रांड को सफल बनाया। योगी सरकार की इस योजना से मिले ब्याजमुक्त ऋण ने उनकी पूंजी की समस्या हल की, जिससे उनका कारोबार तेजी से बढ़ा। ओदार गांव की इस महिला ने नारी सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है।
नौकरी छोड़ स्वरोजगार की राह चुनी
वाराणसी के ओदार गांव की रहने वाली शिवानी पटेल पहले निजी क्षेत्र में नौकरी करती थीं। लंबे समय तक 12 घंटे की ड्यूटी और कमाई से संतुष्ट नहीं थीं। उनका मन हमेशा से अपना कुछ करने का था। बचपन में मधुमक्खी पालन देखकर उन्हें शहद उत्पादन में रुचि हुई। आखिरकार उन्होंने फैसला लिया कि नौकरी छोड़कर मधुमक्खी पालन से उद्यम शुरू करेंगी। शुरुआत महज 5 बक्सों से की।
CM-YUVA योजना से मिली आर्थिक मदद
नए व्यवसाय के लिए सबसे बड़ी चुनौती पूंजी जुटाना था। तभी उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (CM-YUVA) योजना के बारे में पता चला। इस योजना के तहत युवाओं को ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाता है। शिवानी ने आवेदन किया और उन्हें यह सहायता मिल गई। इस मदद से उन्होंने अतिरिक्त मधुमक्खी बक्से खरीदे और उत्पादन बढ़ाया। योजना ने उनकी आर्थिक बाधा दूर की और कारोबार को नई गति दी।
‘बनारसी हनी’ बना सफल ब्रांड
ऋण मिलने के बाद शिवानी का शहद उत्पादन काफी बढ़ गया। उन्होंने अपना ब्रांड ‘बनारसी हनी’ शुरू किया। अब वे खुद बक्सों की देखभाल करती हैं, परिवार की मदद से शहद निकालती हैं और उसकी शुद्धता जांचती हैं। उनके पास मल्टी-फ्लोरल और सरसों जैसे अलग-अलग प्रकार के शहद उपलब्ध हैं। आज अच्छी कमाई हो रही है और ब्रांड स्थापित हो चुका है।
महिलाओं के लिए प्रेरणा
शिवानी पटेल की यह यात्रा दिखाती है कि अगर सही दृष्टिकोण हो और सरकार का सहयोग मिले तो महिलाएं किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ सकती हैं। CM-YUVA योजना ने उन्हें आत्मनिर्भर बनाया और नारी सशक्तीकरण का जीवंत उदाहरण दिया। उनकी सफलता अन्य महिलाओं को भी प्रेरित कर रही है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Women Express पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

