नयी दिल्ली/खुशबू पाण्डेय । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Chief Minister Rekha Gupta) ने गुरुवार को शालीमार बाग विधानसभा के सरकारी स्कूलों में इस वर्ष 10वीं कक्षा में प्रवेश लेने वाली 1100 छात्राओं को साइकिल वितरित की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बेटियों को ‘देवी स्वरूपा’ बताते हुए उन्हें नमन किया और कहा कि नवरात्रि केवल पूजा का नहीं, बल्कि बेटियों के सम्मान और उनके सशक्त भविष्य का संकल्प लेने का पर्व है। उन्होंने बताया कि हाल ही में प्रस्तुत दिल्ली बजट में उन्होंने बेटियों, बहनों और महिलाओं के लिए अधिकतम योजनाएं शामिल करने का प्रयास किया है ताकि समाज का यह वर्ग सशक्त और आत्मनिर्भर बन सके। उन्होंने ‘लखपति बिटिया योजना’ का उल्लेख करते हुए कहा कि अब दिल्ली में जन्म लेने वाली हर बेटी के भविष्य की आर्थिक नींव सरकार खुद रखेगी।
—सीएम रेखा गुप्ता का ऐलान,दिल्ली में जन्म लेने वाली हर बेटी के भविष्य की आर्थिक नींव सरकार खुद रखेगी
—मुख्यमंत्री ने 10वीं कक्षा में प्रवेश लेने वाली 1100 छात्राओं को साइकिल वितरित की
—दिल्ली की हर बेटी स्कूल ही नहीं, कॉलेज तक पढ़े, पैरों पर खड़ी हो और अपना भविष्य खुद बनाए
श्रीमती गुप्ता ने बताया कि बेटी के जन्म से लेकर पहली, छठी, नौवीं, बारहवीं कक्षा और फिर कॉलेज के प्रत्येक वर्ष तक सरकार सीधे उसके खाते में आर्थिक सहायता जमा करेगी। स्नातक पूरी करने तक हर बेटी को लगभग 1.25 लाख रुपये की सहायता मिलेगी, जिससे वह ‘लखपति बिटिया’ बनकर आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ सकेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह चाहती हैं कि दिल्ली की हर बेटी स्कूल ही नहीं, कॉलेज तक पढ़े, अपने पैरों पर खड़ी हो और अपना भविष्य खुद बनाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब उन्होंने छात्राओं से उनकी समस्याएं जानीं तो पता चला कि स्कूल आने-जाने में कठिनाई के कारण कई बार पढ़ाई प्रभावित होती है, यहां तक कि कुछ बच्चियों को स्कूल छोड़ना पड़ता है। इसी समस्या के समाधान के लिए सरकार ने निर्णय लिया कि हर वर्ष नौवीं कक्षा में आने वाली प्रत्येक छात्रा को साइकिल दी जाएगी। इस वर्ष लगभग 1,30,000 छात्राओं को इसका लाभ मिलेगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां नौवीं की छात्राओं को साइकिल सरकार की ओर से दी जाएगी, वहीं इस अवसर पर 10वीं में पहुंची छात्राओं को उन्होंने व्यक्तिगत पहल के तहत साइकिल भेंट की है।
मुख्यमंत्री ने कुछ राजनीतिक टिप्पणियों पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि बेटियों को साइकिल देने जैसी योजना पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियां बेहद शर्मनाक हैं। उन्होंने कहा कि हमारी बेटियां देवी हैं, उनके भविष्य के लिए बनाई गई योजना पर ऐसी बातें करना दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसी सोच पर उन्हें शर्म आती है।

श्रीमती गुप्ता ने भरोसा दिलाया कि दिल्ली सरकार उनकी सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी लेती है और हर बेटी को आगे बढ़ने का पूरा अवसर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेटियों को इतना बड़ा बनना है कि माता-पिता, समाज और देश उन पर गर्व करे। उन्हें पूरा विश्वास है कि दिल्ली की हर बेटी अपना भविष्य खुद लिखेगी।
महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता (Women’s Economic Independence) को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि दिल्ली सरकार 1000 महिलाओं को उनके नाम पर नए ऑटो परमिट देगी। ये ‘पिंक ऑटो’ महिलाओं द्वारा संचालित होंगे, जिससे उन्हें सम्मानजनक रोजगार और आत्मनिर्भरता का अवसर मिलेगा।
स्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में जन्म लेने वाले प्रत्येक नवजात शिशु का 56 प्रकार के जेनेटिक डिसऑर्डर की पहचान करने वाला विशेष ब्लड टेस्ट मुफ्त किया जाएगा। यह महंगा टेस्ट सरकार पूरी तरह निशुल्क कराएगी ताकि किसी भी बीमारी का शुरुआती स्तर पर पता चल सके और समय रहते उपचार संभव हो।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Women Express पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

