Sonali Banerjee: 27 अगस्त, 1999 को सोनाली बनर्जी ने इतिहास रचते हुए भारत की पहली महिला मरीन इंजीनियर बनने का गौरव हासिल किया था। केवल 22 साल की उम्र में, उन्होंने पुरुष-प्रधान मरीन इंजीनियरिंग के क्षेत्र में अपनी जगह बनाकर सामाजिक बाधाओं को तोड़ दिया। उनकी इस उपलब्धि ने न सिर्फ उनके सपनों को उड़ान दी, बल्कि देश की लाखों युवतियों को प्रेरित किया।
Sonali Banerjee को बचपन से समुद्र का जुनून
इलाहाबाद में जन्मीं सोनाली को बचपन से ही समुद्र और जहाजों की दुनिया आकर्षित करती थी। उनके चाचा, जो नौसेना में थे, उनकी प्रेरणा बने। चाचा की समुद्री कहानियों ने सोनाली के मन में एक सपना जगाया, जिसे उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से हकीकत में बदला।
मरीन इंजीनियरिंग में पहला कदम
सोनाली ने 1995 में कोलकाता के मरीन इंजीनियरिंग रिसर्च इंस्टीट्यूट (एमईआरआई) की प्रवेश परीक्षा पास की। वह पहली महिला थीं, जिन्होंने इस संस्थान में दाखिला लिया। उस समय संस्थान में न तो महिला हॉस्टल था और न ही कोई महिला कर्मचारी। कई चर्चाओं के बाद, उन्हें शिक्षकों के लिए खाली क्वार्टर में रहने की जगह मिली। 1500 कैडेट्स में अकेली महिला होने के बावजूद, सोनाली ने हर चुनौती का डटकर सामना किया और हर सेमेस्टर में शानदार प्रदर्शन किया।
चुनौतियों से भरा प्रशिक्षण
1999 में बी.ई. डिग्री पूरी करने के बाद, सोनाली को मोबिल शिपिंग कंपनी में छह महीने के प्री-सी प्रशिक्षण का मौका मिला। शुरुआत में कोई भी कंपनी उन्हें प्रशिक्षु के रूप में स्वीकार करने को तैयार नहीं थी। फिर भी, उन्होंने हार नहीं मानी। श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया, सिंगापुर, थाईलैंड, हॉन्गकॉन्ग, फिजी और खाड़ी देशों के बंदरगाहों की यात्रा करते हुए उन्होंने प्रशिक्षण पूरा किया। 26 अगस्त, 2001 को, सोनाली ने मोबिल शिपिंग कंपनी के जहाज के मशीन रूम की जिम्मेदारी संभालकर इतिहास रच दिया।
महिलाओं के लिए प्रेरणा
सोनाली की इस उपलब्धि ने भारत के समुद्री उद्योग में नया अध्याय जोड़ा। उन्होंने न सिर्फ अपने लिए, बल्कि अन्य महिलाओं के लिए भी इस क्षेत्र में रास्ते खोले। उनकी कहानी आज भी युवतियों को सामाजिक रूढ़ियों को तोड़ने और अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा देती है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Women Express पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।