30.2 C
New Delhi
Thursday, May 1, 2025

BJP की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान, कई दिग्गजों की छुटटी

–नई टीम में 12 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 8 राष्ट्रीय महासचिव, 13 सचिव एवं 23 प्रवक्ता बनाए
–लोकसभा सांसद तेजस्वी सूर्या को युवा मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया
–नड्डा की नई टीम में 90 फीसदी नये चेहरे, युवाओं, महिलाओं को तरजीह
–8 राष्ट्रीय महासचिवों में से 5 नए चेहरे, 2 को मिला प्रमोशन
–राम माधव, मुरलीधर राव, अनिल जैन और सरोज पांडे की छुट्टी

(खुशबू पाण्डेय)
नई दिल्ली टीम डिजिटल : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज पार्टी की नई टीम का ऐलान किया। पद संभालने के 8 महीने बाद बनी नई टीम में 90 फीसदी बदलाव हुआ है। इसमें कुछ लोगों को प्रमोशन मिला है तो बहुत ज्यादा दिग्गज लोगों को छुट़टी कर दी गई है। इसमें नये चेहरों, युवाओं एवं महिलाओं को खास तरजीह दी गई है। इसके अलावा सभी राज्यों के दिग्गजों को राष्ट्रीय टीम में जगह दी गई है। इसके साथ ही सभी मोर्चों के अध्यक्षों को बदल दिया गया है। नई टीम में 12 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 8 राष्ट्रीय महासचिव, 13 राष्ट्रीय सचिव बनाए गए हैं। जबकि पार्टी की बात देश और दुनिया तक पहुंचाने के लिए 23 प्रवक्ताओं की नियुक्ति की गई है।
जेपी नड्डा की नई टीम में 8 राष्ट्रीय महासचिवों में 5 नये चेहरों को जगह दी गई है। इसमें भूपेंद्र यादव, अरुण सिंह एवं कैलाश विजयवर्गीय पुराने ही हैं। जबकि दलित चेहरा माने जाते दुष्यंत कुमार गौतम और तरूण चुग को प्रमोशन देते हुए राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। इसके अलावा आईं एन टी रामाराव की बेटी डी पुरदेंश्वरी, कर्नाटक के विधायक सी. रवि, असम के सांसद दिलीप सैकिया राष्ट्रीय महासचिव बनाए गए हैं।
बीएल संतोष पहले की तरह संगठन महासचिव की जिम्मेदारी निभाते रहेंगे। उनकी पूरी टीम वी सतीश, सौदान सिंह एवं शिव प्रकाश को दोबारा यथावत रखा गया है।

राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में भी कुछ नाम चौंकाने वाले हैं। इसमें टीएमसी से भाजपा में आए मुकुल रॉय को संगठन में जिम्मेदारी मिली। पश्चिम बंगाल चुनाव में उनकी बड़ी भूमिका रहने वाली है। इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे उपाध्यक्ष बने रहेंगे। ओडिशा से बैजयंत जय पांडा, उत्तर प्रदेश की धौरहरा की सांसद रेखा वर्मा, झारखंड के कोडरमा की सांसद अन्नपूर्णा देवी, गुजरात की सांसद डा. भारती बेन शियाल, तेलंगाना की श्रीमती डीके अरूणा, नागालैंड से एम.चौबा एओ एवं केरल से अब्दुल्ला कुटटी को पहली बार राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। यूपी के पूर्व वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल को मिली जिम्मेदारी देते हुए भाजपा ने उन्हें राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया है। उनके साथ मध्य प्रदेश के सांसद सुधीर गुप्ता को सह कोषाध्यक्ष बनाया गया है।

13 राष्ट्रीय मंत्री बनाए गए, 11 नये हैं

भाजपा की नई टीम में 13 राष्ट्रीय मंत्री बनाए गए हैं। इसमें महाराष्ट्र के निवासी विनोद तावड़े, उत्तर प्रदेश से सांसद एवं एससी मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष विनोद कुमार सोनकर को राष्ट्रीय टीम में जगह दी गई है। ओडिशा के सांसद विश्वेश्वर टूडू, आंध्रप्रदेश से सत्या कुमार, महाराष्ट्र से सुनील देवधर, दिल्ली से अरविंद मेनन, उत्तर प्रदेश के सांसद हरीश द्विवेदी, पूर्व केंद्रीय मंत्री गोपीनाथ मुंडे की बेटी पंकजा मुुडे, मध्य प्रदेश के ओम प्रकाश धुर्वे, पश्चिम बंगाल से अनुपम हाजरा, जम्मू कश्मीर से डा. नरेंद्र सिंह, राष्ट्रीय महिला विंग की पूर्व अध्यक्ष विजया राहटकर एवं डा. अल्का गुर्जर को राष्टीय सचिव बनाया गया है। इसमें सुनील देवधर को छोड़कर बाकी सभी लोग नये हैं।

23 प्रवक्ताओं की भारी-भरकम फौज बनाई

बीजेपी की नई टीम में 23 प्रवक्ताओं की भारी-भरकम फौज बनाई गई है। राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी इसकी अगुवाई करेंगे। राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख की जिम्मेदारी भी उन्हीं के पास है। इसमें पूर्व सूचना प्रसारण मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ और पूर्व मंत्री राजीव प्रताप रुडी, डा1 संबित पाता, सांसद डाङ सुधाधु त्रिवेदी, सैयद शाहानवाज हुसैन, नलिन एस कोहली, सांसद राजीव चन्द्रशेखर, गौरव भाटिया, सांसद सैय्यद जफर इस्लाम, कांग्रेस से आए टॉम वडक्कन, संजू वर्मा, आर्थिक मामलों के जानकार गोपाल कृष्ण अग्रवाल, पंजाब से इकबाल सिंह लालपुरा, सरदार आरपी सिंह, सांसद अपराजिता सारंगी, सांसद हिना गावित, गुरू प्रकाश,नागालैंड के विधायक मम्होनलुमो किकोन, डूसू की पूर्व अध्यक्ष नुपूर शर्मा, सांसद राजू विष्ट एवं केके शर्मा को राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया गया है। इस टीम में सभी राज्यों से चर्चित चेहरों को शामिल किया गया है।

आईटी सेल अमित मालवीय ही देंखेंगे, सभी मोर्चा प्रमुख बदले

भाजपा की नई टीम में अमित मालवीय पहले की तरह नैशनल आईटी और सोशल मीडिया सेल चीफ की जिम्मेदारी निभाते रहेंगे। हालांकि कुछ दिनों पहले भाजपा नेता सुब्रमणियम स्वामी ने उन्हें हटाने की मांग की थी। इसके अलावा कर्नाटक के युवा सांसद तेजस्वी सूर्या को युवा मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है। अभी तक पूनम महाजन यह जिम्मेदारी देख रहीं थी। इसके अलावा ओबीसी मोर्चा की जिम्मेदारी तेलंगाना के नेता डॉक्टर के लक्ष्मण को, यूपी के सांसद राजकुमार चाहर को किसान मोर्चा की अध्यक्ष की जिम्मेदारी, मध्य प्रदेश के वरिष्ठ नेता लाल सिंह आर्य को अनुसूचित जाति मोर्चा, झारखंड के सांसद समीर ओरांव को अनुसूचित जनजाति मोर्चा और महाराष्ट्र के जमाल सिद्दीकी को अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रमुख बनाया गया है।

latest news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles

Delhi epaper

Prayagraj epaper

Latest Articles