35.1 C
New Delhi
Friday, March 29, 2024

दुनिया के 14 देशों के राजनयिक पहुंचे बीजेपी कार्यालय, पार्टी को जाना

नई दिल्ली/ खुशबू पाण्डेय : भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भाजपा को जानें अभियान के द्वितीय चरण में सोमवार को पार्टी कार्यालय में दुनिया के 14 देशों के राजनयिकों के साथ संवाद किया। साथ ही उन्हें भाजपा के इतिहास के साथ-साथ पार्टी संगठन की विशेषताओं एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जारी भाजपा की नीति एवं रीति के बारे में विस्तार से अवगत कराया। इस मौके पर संयुक्त राष्ट्र अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, भूटान, इंडोनेशिया, इजरायल, श्रीलंका, फिजी, सूरीनाम, डेनमार्क, केन्या, न्यूजीलैंड, फिलीपींस और डोमिनिका रिपब्लिक के राजनयिक उपस्थित थे। इस मौके पर अधिकांश राजनयिकों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष से देशों के बीच जन-संपर्क, सांस्कृतिक मेलजोल, साहित्य के आदान-प्रदान और अपने-अपने देशों की राजनीतिक पार्टियों के बीच संपर्क तथा विचार विनिमय को लेकर राय रखी। नडडा ने इन सुझावों पर अमल करने की सहमती व्यक्त करते हुए कहा कि निकट भविष्य में ही इस तरह के कार्यक्रमों की रचना की जायेगी। इस मौके पर भाजपा के इतिहास और विकास की यात्रा को दिखाती एक वृत्ति-चित्र दिखाई गई जिसकी सभी राजनयिकों ने सराहना की। जेपी नड्डा ने पार्टी के इतिहास, भाजपा की विकास यात्रा, पार्टी के आंतरिक लोकतंत्र और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में विगत 8 वर्षों से जारी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास से राजनयिकों का परिचय कराया। नड्डा ने एक-एक करके सभी राजनयिकों के प्रश्नों का विस्तार से उत्तर दिया।

–देशों के बीच जन-संपर्क, सांस्कृतिक मेलजोल, साहित्य के आदान-प्रदान करे भारत
-राजनयिकों ने भाजपा को दिया प्रस्ताव, राजनीतिक पार्टियों के बीच संपर्क बढ़ाएं
– भाजपा के इतिहास और विकास की यात्रा को दिखाती फिल्म राजनयिकों ने देखी

विदेशों में रह रहे भारतीयों को देश के लिए एसेट बताते हुए नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विदेशों में रह रहे लगभग 3 करोड़ भारत वासियों से जिस तरह संपर्क स्थापित किया है और उन्हें प्रोत्साहित किया है, वह अतुलनीय है। दुनिया में जहां कहीं भी भारतीय नागरिक हैं, उन्होंने अपनी संस्कृति को सहेजते हुए वहां की स्थानीय संस्कृति को अपनाया और उस देश को समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि जाति, वर्ग, धर्म और क्षेत्र से ऊपर उठ कर समाज के हर वर्ग का सर्वस्पर्शी और सर्व-समावेशी विकास ही पीएम मोदी का एकमात्र ध्येय रहा है और 20 वर्षों तक एक संवैधानिक प्रमुख (पहले गुजरात के मुख्यमंत्री और अब देश के प्रधानमंत्री) के रूप में उन्होंने इसी लक्ष्य के साथ परिश्रम की पराकाष्ठा करते हुए गरीबों के सशक्तिकरण के लिए कार्य किया है। वे मिशन मोड में अनवरत इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए कार्य कर रहे हैं। इसी का परिणाम रहा है कि कोविड महामारी के बावजूद भारत ने अत्यंत गरीबी की दर को 1 फीसदी से कम रखने में सफलता प्राप्त की है।
इस मौके पर पार्टी के विदेश विभाग के प्रभारी डॉ विजय चौथाईवाले, पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डी के अरुणा, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह एवं पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद जफऱ इस्लाम भी उपस्थित थे। इससे पहले भाजपा के 42वें स्थापना दिवस पर 6 अप्रैल को यूरोपियन यूनियन सहित दुनिया के 13 देशों के राजनयिकों के साथ संवाद किया था।

भाजपा संगठन का ब्यौरा भी राजनयिकों को दिया

नड्डा ने सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, एकात्म मानववाद और अंत्योदय को भाजपा का वैचारिक आधार बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक मूल्यों में गहरी आस्था है। भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसमें मंडल अध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक हर तीन साल पर तय चुनाव के जरिये चुने जाते हैं। आज भाजपा 18 करोड़ से अधिक प्राथमिक सदस्यों के साथ दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। आज लोक सभा एवं राज्य सभा को मिला कर हमारे 400 से अधिक सांसद हैं, 1350 से अधिक विधायक हैं और पंचायत से लेकर जिला-परिषद् तक हजारों स्थानीय जन-प्रतिनिधि हैं। भाजपा में युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, किसान मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा आदि मोर्चाओं के माध्यम से जन-जन तक संपर्क साधा जाता है। पार्टी को सुदृढ़ करने में सहयोग हेतु गुड गंवर्नेंस, पॉलिसी रिसर्च, मीडिया विभाग, प्रशिक्षण विभाग और विदेश विभाग सहित 18 विभाग भी हैं।

latest news

Related Articles

epaper

Latest Articles