29.1 C
New Delhi
Sunday, April 28, 2024

मिशन UP : बीजेपी ने कार्यकर्ताओं को दिया मंत्र, कहा-हमें जीतना है हर बूथ

जेपी नडडा ने उत्तर प्रदेश बूथ विजय अभियान कार्यक्रम में दिए टिप्स
-मिशन 2022 को लेकर बीजेपी का रोडमैप तैयार, फूंका बिगुल
– अपना बूथ जीता, समझो, चुनाव जीत लिया : नड्डा
– पार्टी ने यूपी में 1.55 लाख बूथों तक बूथ समितियों का गठन किया
-बीजेपी का दावा, विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार

नई दिल्ली/ खुशबू पाण्डेय : भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मिशन-2022 को फतह करने के लिए यूपी के कार्यकर्ताओं को आज जीत का मंत्र दिया। साथ ही आह्वान किया कि अपना बूथ जीता, समझो, चुनाव जीत लिया। लिहाजा, हमें हर बूथ जीतना है। इसी मिशन के साथ भाजपा ने चुनावी बिगुल फूंक दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने रविवार को उत्तर प्रदेश बूथ विजय अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि हमें सभी बूथों को मजबूत बनाना है। कमजोर बूथों पर जम कर मेहनत करनी है। प्रत्येक बूथ को सक्रिय करना है और हर बूथ को जीवंत बनाना है। भारतीय जनता पार्टी ने यूपी में 1.55 लाख बूथों तक बूथ समितियों का गठन कर लिया है। इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी ने दावा किया कि वह उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि पार्टी की शक्ति बूथ कार्यकर्ता हैं।

मिशन UP : बीजेपी ने कार्यकर्ताओं को दिया मंत्र, कहा-हमें जीतना है हर बूथ

पार्टी के कार्यकर्ता ही असली ताकत हैं। पार्टी बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के बल पर यहां तक पहुंची है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में टू वे कम्युनिकेशन होता है। नीचे स्तर से सूचनाएं आती है, परेशानियां पहुंचती है, उसके आधार पर नीतियां बनती है और फिर उन नीतियों को सही रूप से लागू किया जाता है। हर कार्यक्रमों को सफल बनाने में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की सबसे बड़ी भूमिका होती है। हमारा बूथ, कोरोना मुक्त अभियान काफी सफल रहा। बूथ कार्यकर्ताओं ने संकट के समय विषम परिस्थितियों में भी मानवता की सेवा का अनुपम कार्य किया है।

यह भी पढें…प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर BJP रचेगी इतिहास, बनाएगी वैक्सीनेशन का रिकार्ड

इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, संगठन महामंत्री सुनील बंसल एवं उत्तर प्रदेश के पार्टी प्रभारी राधामोहन सिंह सहित सभी वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी वर्चुअली उपस्थित थे। जबकि उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, दिनेश शर्मा, केन्द्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय सहित पार्टी के सभी सांसद और विधायक भी वर्चुअली जुड़े। यूपी के 2700 शक्ति केन्द्रों से लाखों बूथ कार्यकर्ता भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये इस कार्यक्रम में शामिल हुए।

गुंडागर्दी ख़त्म, वंशवाद, संप्रदायवाद की राजनीति का अंत

बीजेपी अध्यक्ष जेपी नडडा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में जातिवाद, परिवारवाद, वंशवाद और संप्रदायवाद की राजनीति का अंत हुआ है और विकास की राजनीति प्रतिष्ठित हुई है। यूपी की जनता के सहयोग से पीएम मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश का कायाकल्प कर दिया है और प्रदेश की राजनीतिक कार्यसंस्कृति को बदल कर रख दिया है। यूपी में विकास ने पुराने सारे पैमाने तोड़ दिए हैं, गुंडागर्दी ख़त्म हुई है और जातिवाद, परिवारवाद एवं तुष्टिकरण की राजनीति पर अंकुश लगा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने प्रदेश के एक बार पुन: भाजपा की योगी सरकार के गठन का निर्णय ले लिया है। उत्तर प्रदेश में 2017 में जो वायदे किए थे, उसे अक्षरश: पूरा करने का काम योगी सरकार ने किया है। लिहाजा, जनता के आशीर्वाद से उत्तर प्रदेश में पुन: प्रचंड बहुमत से भाजपा सरकार का बनना तय है।

सपा, बसपा और कांग्रेस को यूपी के विकास से कोई लेना-देना नहीं

भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने इन साढ़े चार सालों में विकास की नई गाथा लिखी है। जबकि सपा, बसपा और कांग्रेस की सरकारों ने मिलीभगत से शासन करते हुए केवल एक परिवार का भला किया, उन्हें उत्तर प्रदेश की जनता से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि
सपा-बसपा-कांग्रेस की सरकार में उत्तर प्रदेश में जनता त्रस्त थी जबकि अपराधी और भ्रष्टाचारी मस्त थे। लेकिन योगी आदित्यनाथ की सरकार में अपराधी और भ्रष्टाचारी पस्त हुए हैं। सपा, बसपा और कांग्रेस की सरकारों में गरीबों को वोट बैंक समझा जाता था जबकि बीजेपी सरकार में उनके सर्वांगीण विकास के काम किये जाते हैं।

योगी ने जो काम किया, कांग्रेस-सपा-बसपा ने 60 साल में नहीं किया

बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश देश में विकास की 44 योजनाओं में सबसे आगे है। सरकार ने चार सालों में जो कर दिखाया है, उसका आधा भी सपा-बसपा-कांग्रेस ने 60 सालों में किया है? बीजेपी अध्यक्ष जेपी नडडा ने तीनों पार्टियों को चुनौती देते हुए कहा कि अब तक अपनी सरकारों के कार्यकाल का हिसाब लेकर सामने आयें, बीजेपी के बूथ कार्यकर्ता उनसे खुली बहस करने को तैयार हैं। जितना काम पिछले साढ़े चार सालों में उत्तर प्रदेश में हुआ है, उतना किसी भी सरकार ने अब तक नहीं किया।
नड्डा ने कहा कि योगी सरकार में आज उत्तर प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर सुदृढ़ हुआ है। अपराधी आज यूपी छोडऩे पर विवश हुए हैं। अपराधियों में खौफ साफ देखा जा सकता है। माफियाओं की संपत्ति जब्त हुई है, लूट-डकैती और हत्या जैसी घटनाओं में 28 से 50 प्रतिशत तक की कमी दर्ज की गई है। साथ ही इस सरकार में उत्तर प्रदेश दंगा मुक्त राज्य के रूप में स्थापित हुआ है।

यूपी में श्रीराम का नाम लेना दूभर था

राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नडडा ने कहा कि एक समय था जब उत्तर प्रदेश में भगवान श्रीराम का नाम लेना भी दूभर हो गया था। भगवान राम के सेवकों पर गोलियां चलवाई जाती थी। कांग्रेस ने तो भगवान श्रीराम के अस्तित्व को ही मानने से इनकार कर दिया था। आज सपा, बसपा और कांग्रेस सुविधा की राजनीति करने लगी है। आज 500 वर्षों के बाद अयोध्या में रामलला की जन्मभूमि पर भव्य मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ है तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से।

यूपी मेक इन इंडिया के तहत निवेश की पहली पसंद

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को 5 ट्रिलियन डॉलर की इकॉनोमी बनाने का लक्ष्य रखा है। योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। जनता के आशीर्वाद से देश को पांच ट्रिलियन डॉलर और उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का सपना साकार होगा। आज उत्तर प्रदेश मेक इन इंडिया के तहत निवेश की पहली पसंद बनता जा रहा है। लगभग 3.5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश योगी सरकार में अब तक यूपी में हो चुका है। उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था चार साल में 11 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 22 लाख करोड़ रुपये तक पहुँच गई है।

रोजगार के क्षेत्र में योगी सरकार ने नई इबारत लिखी

भाजपा अध्यक्ष जेपी नडडा ने कहा कि रोजगार के क्षेत्र में योगी सरकार ने नई इबारत लिखी है। उत्तर प्रदेश में पिछले साढ़े 4 वर्षों में 4.52 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। लगभग 3 लाख युवाओं को संविदा पर सरकारी नियुक्ति मिली है। इसके अतिरिक्त 82 लाख एमएसएमई इकाईयों में लगभग 2 करोड़ लोगों को रोजगार प्रदान किया गया। नोएडा में फिल्म सिटी का निर्माण हो रहा है। इसके लिए 6,000 करोड़ रुपये की शुरुआती मदद राज्य सरकार द्वारा दी गई है। यह रोजगार के क्षेत्र में प्रदेश के लिए नए अवसर खोलेगा। रोजगार और औद्योगिक विकास के लिए यूपी सरकार द्वारा 56,754 लघु उद्यमों को 2,000 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद दी गई है। केवल डिफेंस एक्सपो से उत्तर प्रदेश में लगभग 5 लाख लोगों को रोजगार मिल सकेगा।

latest news

Related Articles

epaper

Latest Articles