बाबा हरदेव सिंह जी के 66वें जन्म दिवस के उपलक्ष्य में ऐतिहासिक अभियान
-अस्पतालों, रेलवे स्टेशनों, बस अडडों पर चलाया स्वच्क्षता अभियान
-राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सभी 13 बड़े सरकारी अस्पतालों में चला झाडू
–बाबा हरदेव सिंह की शिक्षाओं को जीवन का किरदार बनायें : सद्गुरु माता
(खुशबू पाण्डेय)
नई दिल्ली/ टीम डिजिटल : संत निरंकारी मंडल (Sant Nirankari Mandal) की ओर से बाबा हरदेव सिंह जी के 66वें जन्म दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस मौके पर राजधानी दिल्ली सहित देशभर के अस्पतालों, रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों सहित सार्वजनिक स्थलों पर सफाई की गई। मिशन की प्रमुख सद्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के निर्देश पर करीब 3.5 लाख स्वयंसेवकों ने स्वच्छता अभियान में भाग लिया। इसमें संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन, सेवादल और संत निरंकारी मिशन के सक्रिय सदस्य शामिल थे। इनकी मदद से 1320 अस्पतालों, भवनों, शौचालयों, जल निकासी,जल क्षेत्रों और पार्को में स्वच्छता अभियान चलाया गया।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 13 बड़े सरकारी अस्पतालों डॉ राम मनोहर लोहिया अस्पताल, सफदरजंग अस्पताल, डॉ बाबा साहिब अम्बेडकर अस्पताल, जग प्रवेश चंद्रा अस्पताल, लोकनायक जय प्रकाश नारायण अस्पताल, डा. हेडगेवार आरोग्य संस्थान, दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल, गुरु तेग बहादुर अस्पताल, दीप चंद बन्धु अस्पताल, संजय गांधी अस्पताल और लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल, प्राइमरी हेल्थ सेंटर महरौली, रूरल हेल्थ एंड ट्रेनिंग सेंटर नजफगढ़ में सफाई की गई। इसके अतिरिक्त कई सार्वजनिक पार्क इस अभियान में शामिल किये गए। यह सफाई अभियान सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलाया गया।
इस मौके पर श्रद्धालु भक्तों को सम्बोधित करते हुए सद्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज ने कहा कि संत महात्मा सदैव ही ईश्वर की स्तुति व संतों का संग करते हुए जीवन में निष्काम भक्ति व सेवा को महत्व देते हैं। चाहे परिस्थिति कैसी भी हो वह सहज अवस्था में सत्संग, सेवा व सुमिरण को महत्व देते हुए जीवन जीते है। बाबा हरदेव सिंह ने भी पारिवारिक जिम्मेदारियों को निभाते हुए सत्संग को सदैव ही प्राथमिकता दी। साथ ही हमें भी उन्हीं से प्रेरणा लेते हुए उनकी शिक्षाओं को अपने जीवन का आधार बनाना चाहिए।
निरंकारी मिशन के स्वच्छता अभियान को लोगों ने सराहा
निरंकारी मंडल के इस प्रयासों को जन-साधारण और भारत सरकार द्वारा बहुत सराहा गया है। अपने आदर्शो को व्यवहारिकता के धरातल पर मूर्त रूप देते हुए हमारे जीवन की सार्थकता तभी है जब यह दूसरों के लिए जिया जाए। बाबा हरदेव सिंह जी महाराज का मानव कल्याण के लिए यहीं दृष्टिकोण था कि प्रदूषण भीतर हो या बाहर, दोनों ही हानिकारक है। बता दें कि सद्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के मार्गदर्शन और आशीर्वाद से संत निरंकारी मिशन की सभी सामाजिक गतिविधियों को नियमित रूप से संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के अंतर्गत जनकल्याण के लिए चलाया जा रहा है।
निरंकारी बाबा हरदेव सिंह के अभियान को माता सुदीक्षा जी ने आगे बढ़ाया
निरंकारी बाबा हरदेव सिंह के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मिशन द्वारा 2003 से स्वच्छता और वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। 2010 से, विभिन्न सामाजिक गतिविधियों जैसे कि ऐतिहासिक स्मारकों, समुद्री तटों और नदियों के किनारों, अस्पतालों, सार्वजनिक स्थलों और विशेष रूप से प्रमुख रेलवे स्टेशनों को साफ-सुथरा बनाने के लिए पिछले 6-7 वर्षो से लगातार स्वच्छता अभियान चलाये जा रहे है।