15.1 C
New Delhi
Wednesday, February 11, 2026

IITF ट्रेड फेयर में दौडी वंदेभारत ट्रेन, दिखी नारी शक्ति का उत्सव

Join whatsapp channel Join Now
Join Telegram Group Join Now

नई दिल्ली /अदिति सिंह : राजधानी के प्रगति मैदान में चल रहे 42वें भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) में भारतीय रेलवे के मंडप का बुधवार को रेलवे बोर्ड की अध्यक्ष और सीईओ जया वर्मा सिन्हा ने उद्घाटन किया। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मार्गदर्शन में ‘बदलते भारत की अवसंरचना’ की विषयवस्तु के साथ हॉल नंबर-5 में एक मंडप स्थापित किया है।
आईआईटीएफ 2023 की विषयवस्तु- वसुधैव कुटुंबकम- व्यापार के माध्यम से एकता से प्रेरणा लेते हुए भारतीय रेलवे ने इस मंडप में अपनी यात्रा को प्रदर्शित किया है। साथ ही यह बताया है कि कैसे भारतीय रेलवे ने विश्व के अन्य देशों में लोको, कोच और डेमू ट्रेनों का निर्यात करके वैश्विक स्तर पर अपनी छाप छोड़ी है। इसके अलावा मंडप में नेट जीरो कार्बन उत्सर्जन को लेकर भारतीय रेलवे की प्रतिबद्धता को भी दिखाया गया है। इस मंडप में भारतीय रेलवे के कई पहलुओं को रेखांकित किया गया है, जहां विभिन्न विषयवस्तुओं को चित्रों, ट्रांसलाइट और मॉडल आदि के माध्यम से उनकी तकनीकी व संरचनात्मक प्रगति के साथ प्रदर्शित किया गया।

—रेलवे बोर्ड की अध्यक्ष जया वर्मा ने किया रेल मंडप का उद्घाटन
—’बदलते भारत की अवसंरचना’ की विषयवस्तु के साथ प्रगतिशील यात्रा का प्रदर्शन
—नारी शक्ति को समर्पित विशेष सेल्फी बूथ पर फोटो खिंचवा रहे हैं दर्शक
— रेल मंडप के बाहरी हिस्से में वंदे भारत ट्रेन के मॉडल दिखाया
—रघुनाथ मंदिर से प्रेरित जम्मू तवी रेलवे स्टेशन के प्रस्तावित डिजाइन भी प्रदर्शित

रेल मंडप के बाहरी हिस्से में वंदे भारत ट्रेन के मॉडल व रघुनाथ मंदिर से प्रेरित जम्मू तवी रेलवे स्टेशन के प्रस्तावित डिजाइन को दिखाया गया है, जो पूरे देश के 1309 स्टेशनों के लिए शुरू की गई अमृत भारत स्टेशन पुनर्विकास योजना को प्रदर्शित करता है। इस मंडप में विभिन्न प्रारूपों को प्रदर्शित किया गया है। इनमें यूएसबीआरएल परियोजना (कटरा-बनिहाल खंड), राष्ट्रीय हाई स्पीड रेल परियोजना पर प्रस्तावित सूरत स्टेशन, वंदे भारत ट्रेन, पंबन ब्रिज वर्टिकल गर्डर (पुल की डाट), बोगीबील ब्रिज और दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे आदि शामिल हैं।
रेल मंडप को भारत के बुनियादी ढांचे में रूपांतरण, विरासत भी विकास भी, नारी शक्ति का उत्सव, ज्ञान वृक्ष जैसे खंडों में विभाजित किया गया है। कोई व्यक्ति हर एक खंड में मॉडल और उससे संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकता है। वहीं, नारी शक्ति खंड में एक सेल्फी बूथ आगंतुकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। रेल मंडप में हर आयु वर्ग के दर्शकों के लिए दिलचस्प चीजें उपलब्ध है। इसके अलावा शैक्षणिक व ज्ञानप्रद होने और आनंद प्रदान करने के साथ बच्चों के मनोरंजन उद्देश्य से भारतीय रेलवे की प्राकृतिक सुंदरता के वीडियो प्रदर्शित करने वाली इंटरएक्टिव स्क्रीन, भारतीय रेलवे के बारे में अधिक जानने के लिए संवादात्मक प्रश्नोत्तरी और रेलवे की नौ साल की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related News

Delhi epaper

Prayagraj epaper

Kurukshetra epaper

Latest News