33.1 C
New Delhi
Saturday, July 27, 2024

मोदी सरकार के 8 साल : देश की राजनीति पर विकासवाद की जीत

नई दिल्ली/ खुशबू पाण्डेय : भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की आठवीं वर्षगांठ के मौके पर कहा कि बीते आठ वर्ष जातिवाद, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण के दंश से ग्रसित देश की राजनीति पर विकासवाद की जीत की अविरल यात्रा है। पीएम मोदी ने राजनीतिक संस्कृति को बदलते हुए एक जवाबदेह एवं सक्रिय शासन की शुरुआत की है। सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण मोदी सरकार की आत्मा है। विभिन्न सरकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाना मोदी सरकार के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती रही है। नड्डा ने कहा,प्रधानमंत्री मोदी ने खुद सरकारी योजनाओं का अंतिम छोर तक पहुंचना सुनिश्चित किया।

जेपी नड्डा आज यहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों के बीच मोदी सरकार के सफल 8 साल की उपलब्धियां गिनाई। साथ ही दावा किया कि 8 वर्षों की यह यात्रा जातिवाद, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण के दंश से ग्रसित देश की राजनीति पर विकासवाद की जीत की अविरल यात्रा है। यह देश के लोकतंत्र को मजबूती देते हुए गरीबों, पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों, महिलाओं, युवाओं एवं समाज में हाशिये पर खड़े हर व्यक्ति के सशक्तिकरण एवं उनके जीवन में उत्थान लाने की यात्रा है। पहले देश में एक सामान्य सोच थी कि इस देश का कुछ भी नहीं हो सकता। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि अब आम जनमानस में यह धारणा बनी है कि मोदी है तो मुमकिन है। 8 साल की यह यात्रा देश की सोच को बदलने की यात्रा है। 8 वर्ष की ये यात्रा आत्मनिर्भर भारत की संकल्प से सिद्धि के रहे हैं। आत्मनिर्भर भारत देश का रास्ता भी है और संकल्प भी।

– प्रधानमंत्री मोदी ने देश की राजनीतिक संस्कृति को बदल दिया
-भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गिनाई मोदी सरकार की उपलब्धियां
-मोदी सरकार के 8 साल : जाति, परिवार, भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण पर हुई जीत
-देश में प्रो-रेस्पोंसिव और प्रो-एक्टिव सरकार का मॉड्यूल स्थापित किया

भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि पहले योजनायें कागज पर ही बनती थी, कागज पर ही इम्प्लीमेंट होती थी और कागज पर ही कंप्लीट भी हो जाती थी। आज जनता यह देख रही है कि जिस योजना का शिलान्यास होता है, वह योजना उसी कार्यकाल में पूरी भी होती है। बीते 8 वर्ष कागज से क्रियान्वयन और डिक्लेरेशन से इम्प्लीमेंटेशन की यात्रा के रहे हैं। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एंव केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, स्मृति ईरानी, अनुराग ठाकुर, अरुण सिंह, अनिल बलूनी और संजय मयूख भी उपस्थित थे। जेपी नड्डा ने कहा कि पीएम मोदी ने भारत की राजनीति की कार्यसंस्कृति बदल दी है। 8 वर्षों में सरकार के कार्य करने की शैली भी बदली है। उन्होंने देश को पॉलिसी पैरालिसिस की स्थिति से निकाल कर प्रो-रेस्पोंसिव और प्रो-एक्टिव सरकार का मॉड्यूल स्थापित किया है।

मोदी सरकार के 8 साल : देश की राजनीति पर विकासवाद की जीत
नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हमारा मूल मंत्र रहे हैं – सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास। हमारा लक्ष्य है अंत्योदय। हमारे लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। पिछले 8 वर्षों में देश की गरीबी 22 फीसदी से घट कर 10 फीसदी से नीचे आ गई है। अत्यंत गरीबी की दर 1 फीसदी से भी कम 0.8 फीसदी पर स्थिर बनी हुई है। पिछले 8 वर्षों में देश की प्रति व्यक्ति आय के साथ-साथ विदेशी मुद्रा भंडार भी लगभग दोगुना हुआ है। आजादी के 70 साल में देश में जितने प्राथमिक विद्यालय बने, लगभग उतने विद्यालय केवल पिछले 8 साल में बने हैं।

8 साल की विकास यात्रा के मॉड्यूल का लोकार्पण

सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 8 सफल वर्ष पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से एक विकास-गीत बनाया गया है। जेपी नड्डा ने बटन दबा कर इस गीत का लोकार्पण किया। नरेन्द्र मोदी सरकार के 8 वर्ष पूरे होने पर नमो एप पर 8 साल की विकास यात्रा को रेखांकित करते हुए एक स्पेशल मॉड्यूल जोड़ा गया है। नड्डा ने ‘नमो एप पर लिंक को क्लिक कर 8 साल की विकास यात्रा के मॉड्यूल का भी लोकार्पण किया। नमो ऐप के इस विशेष मंच पर परस्पर संवाद समेत बहुत सारी सूचनाएं उपलब्ध हैं। इस मंच पर वीडियो, ग्राफिक्स और लेखों का संग्रह है जो मोदी सरकार द्वारा आठ वर्षों में किए गए कार्यों का विवरण पेश करता है।

75 केंद्रीय मंत्री 75 स्थानों पर गरीब कल्याण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 8 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पार्टी एक पखवाड़ा विभिन्न कार्यक्रमों को मना रही है। आज प्रधानमंत्री ने कोरोना काल में अनाथ हुए बच्चों से एक अभिभावक के रूप में संवाद किया और उनके लिए ‘पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन के तहत छात्रवृत्ति जारी की। कल प्रधानमंत्री शिमला के रिज मैदान से देश के किसानों के साथ संवाद करेंगे और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 11वीं किस्त जारी करेंगे। केन्द्र सरकार के 75 मंत्री देश के 75 विभिन्न स्थानों पर जाकर गरीब कल्याण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। वे केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का भी जायजा लेंगे। इस पखवाड़े में हर दिन सरकार की किसी विशिष्ट योजना के बारे में कार्यक्रम होंगे।

सभी को साथ लेकर चलने को तैयार है भाजपा: नड्डा

भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी सभी को साथ लेकर चलने के लिए तैयार है और वह एक मजबूत राष्ट्र के निर्माण के सिद्धांत पर काम करती है। नड्डा ने यह बात इन आरोपों को खारिज करते हुए कही कि नरेंद्र मोदी सरकार में समाज का एक वर्ग अलग-थलग महसूस करता है। नड्डा ने कहा, जब हम राजनीतिक रूप से काम करते हैं, तो हमारा प्रयास होता है कि हम सभी को साथ लेकर चलें। हमें इसके लिए तैयार रहना होगा। हम इसके लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, किसी समाज में कई तरह के लोग होते हैं। कुछ पहले प्रतिक्रिया जताते हैं, कुछ बाद में, कुछ दशकों के बाद और कुछ बहुत समय बीत जाने के बाद प्रतिक्रिया जताते हैं। यह उन पर निर्भर करता है। हालांकि हमारा आचार-व्यवहार एक मजबूत राष्ट्र, एक राष्ट्र के सिद्धांत पर है। यह स्पष्ट है और सभी का समान हिस्सा होगा।

ज्ञानवापी पर बोले नड्डा, पार्टी ने सांस्कृतिक विकास की बात की

वाराणसी में ज्ञानवापी मस्जिद का मुद्दा भाजपा के एजेंडे में है कि मामले में जेपी नड्डा ने कहा कि पार्टी ने हमेशा सांस्कृतिक विकास की बात की है और ऐसे मुद्दों पर संविधान और अदालतों के अनुसार फैसला किया जाता है। पार्टी प्रमुख ने कहा, अदालत और संविधान इस पर फैसला करेंगे तथा भाजपा इसका अक्षरश: पालन करेगी। भाजपा ने पालमपुर में अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दौरान राम जन्मभूमि मुद्दे पर एक प्रस्ताव पारित किया था। यह पूछे जाने पर कि काशी और मथुरा में मंदिरों को फिर से हासिल करना क्या अब भी भाजपा के एजेंडे में है, नड्डा ने कहा, उसके बाद कोई प्रस्ताव पारित नहीं किया गया है।

बोले नड्डा, समान नागरिक संहिता पर समिति का गठन

भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने स्वीकार किया कि उत्तराखंड सरकार ने समान नागरिक संहिता पर एक समिति का गठन किया है, लेकिन यह स्पष्ट कर दिया है कि भाजपा ने हमेशा सभी के लिए न्याय और किसी का तुष्टिकरण नहीं के सिद्धांत पर काम किया है। भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा, यह ठीक है। वे इस पर चर्चा कर रहे हैं। जहां तक हमारा संबंध है, हम कहते रहे हैं कि सभी के साथ समान व्यवहार होना चाहिए। हमारी व्यापक रूपरेखा सभी के लिए न्याय और किसी का तुष्टिकरण नहीं की रही है। यह हमारा मूल सिद्धांत है, हम इसके अनुसार काम कर रहे हैं।

latest news

Related Articles

epaper

Latest Articles