नई दिल्ली /खुशबू पाण्डेय : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी सेवा पखवाड़ा मनाने जा रही है। इसका समापन 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर होगा। इस बीच देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों को तीन भागों में बांटा गया है।
स्वास्थ्य प्रक्षेत्र में सेवा कार्यक्रम के तहत देशभर में 964 जिलों में और कुछ जिलों में दो-तीन स्थानों पर रक्तदान शिविर और निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाएगा। इस दौरान दिव्यांगों को नि शुल्क उपकरण भी दिए जाएंगे। इसके अलावा भाजपा कार्यकर्ता असमर्थ लोगों को कोरोना टीकाकरण केन्द्र पर ले जाकर बूस्टर डोज भी दिलवाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2025 तक टीबी मुक्त भारत बनाने का लक्ष्य रखा है। भाजपा कार्यकर्ता टीबी बीमारी से ग्रसित मरीजों को गोद लेंगे और उनकी समस्याओं का निदान करेंगे।
– भाजपा मुख्यालय में आज जेपी नडडा करेंगे प्रदर्शनी का उद्घाटन
-964 जिलों में लगेंगे रक्तदान शिविर, निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगेगा
– टीबी बीमारी से ग्रसित मरीजों को गोद लेंगे भाजपा कार्यकर्ता
इसके अलावा भाजपा कार्यकर्ता देश के दस लाख बूथों पर पीपल का पेड़ लगाएंगे। साथ ही विशेष स्वच्छता अभियान के तहत पहले दिन सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई करेंगे। सेवा पखवाड़ा के दूसरे दिन देशभर में बन रहे अमृत सरोवर पर जाकर भाजपा कार्यकर्ता श्रमदान करेंगे। प्रधानमंत्री ने लोकल फॉर वोकल का अभियान चलाया है। भाजपा कार्यकर्ता गर्व से स्वदेशी वस्तुओं का खरीदेंगे और प्रचार करेंगे। गांधी जयंती के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता खादी भंडार में जाकर खादी वस्तुओं को खरीदेंगे और उसका वीडियो अपलोड करेंगे। लोगों को खादी के कपड़े एवं अन्य वस्तुओं को खरीदने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। देश में खादी वस्तुओं की बिक्री चार गुणा बढ़ गयी है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जल जीवन मिशन शुरू की है। भाजपा कार्यकर्ता लोगों से मिलकर जल संरक्षण एवं जल का सही ढंग से उपयोग करने के लिए जागरूक करेंगे। साथ ही लोगों को जल की बर्बादी रोकने के लिए प्रेरित करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर सभी जिलों में प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
भाजपा के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा शनिवार को भाजपा मुख्यालय में इस प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। भाजपा प्रदेश कार्यालय में वहां के मुख्यमंत्री और जिलों में लगायी जाने वाली प्रदर्शनी को स्थानीय मंत्री या सांसद उद्घाटन करेंगे।
इस दौरान समाज के प्रबुद्धजन सहित सभी लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही प्रदर्शनी में मोदी 20 पुस्तक का स्टॉल भी लगाया जाएगा। प्रदर्शनी में 94 पैनेल हैं, जिसमें उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तृत जानकारी उपलब्ध होगी। इसके अलावा 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म जयंती के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता देशभर में 10.56 लाख बूथों पर मन की बात कार्यक्रम को सुनेंगे और पंडित उपाध्याय की तस्वीर पर पुष्पांजलि कार्यक्रम होगा।