HomeTop NewsPM मोदी के जन्मदिन कार्यक्रम को लेकर गाजियाबाद महापौर और BJP पार्षदों...

PM मोदी के जन्मदिन कार्यक्रम को लेकर गाजियाबाद महापौर और BJP पार्षदों में भिड़ंत, हंगामा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में नगर निगम द्वारा शहर में सेवा संकल्प अभियान को लेकर की गई मंगलवार को बोर्ड बैठक में जमकर हंगामा हो गया। बोर्ड बैठक में महापौर सुनीता दयाल और भाजपा पार्षदों के बीच भिड़ंत हो गई। वहीं,नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक बीच में कुर्सी छोड़कर सदन से बाहर चले गए।

-Advertisement-
Join whatsapp channel Join Now
Join Telegram Group Join Now

 गाजियाबाद/ भूपेंद्र तालान: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में नगर निगम द्वारा शहर में सेवा संकल्प अभियान को लेकर की गई मंगलवार को बोर्ड बैठक में जमकर हंगामा हो गया। बोर्ड बैठक में महापौर सुनीता दयाल और भाजपा पार्षदों के बीच भिड़ंत हो गई। वहीं,नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक बीच में कुर्सी छोड़कर सदन से बाहर चले गए। बैठक में कार्यकारिणी सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने और पार्षदों के सम्मान के मुद्दे पर बहस छिड़ी थी। हंगामा तब और बढ़ गया जब भाजपा महापौर सुनीता दयाल ने निगम कार्यकारिणी उपाध्यक्ष प्रवीण चौधरी और पार्षद राजीव शर्मा को बैठक से बाहर करने की बात कह दी। मंगलवार को नगर निगम सभागार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के कार्यक्रमों की तैयारी को लेकर बुलाई गई बैठक में सत्तारूढ़ भाजपा का अंदरूनी विवाद खुलकर सामने आ गया। एक ही दल (भाजपा) से चुने गए महापौर और पार्षदों के बीच तीखी बहस के बाद जमकर हंगामा हुआ। विवाद के दौरान नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक बैठक बीच में ही छोड़कर चले गए।

—सेवा संकल्प अभियान बैठक: नगर आयुक्त बीच में कुर्सी छोड़ बाहर गए
-महापौर ने कार्यकारिणी उपाध्यक्ष व पार्षद को बैठक से किया बाहर,पार्षदों का हंगामा
-नगर निगम की बैठक में सत्तारूढ़ भाजपा का अंदरूनी विवाद खुलकर आया सामने

इस बात पर बैठक में मौजूद अन्य पार्षद भड़क गए और माहौल गरम हो गया। इसके बाद भाजपा पार्षद व पूर्व कार्यकारिणी उपाध्यक्ष राजीव शर्मा ने अपनी ही पार्टी की महापौर सुनीता दयाल पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि महापौर ने हाल ही में इनोवा क्रिस्टा कार खरीदी है,जिसे 120 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ाया जा रहा है और इसके कई ओवरस्पीडिंग चालान भी कट चुके हैं। पार्षद राजीव शर्मा ने इस पूरे मामले की शिकायत भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से करने की बात कही है। दोनों पक्षों का एक ही पार्टी से होना अब शहर में गहरी राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। महापौर और कार्यकारिणी उपाध्यक्ष प्रवीण चौधरी व पार्षद राजीव शर्मा के बीच विभिन्न मामलों को लेकर चल रही अदावत की यह पहली बारी नहीं थी,इससे पहले भी खुलकर दोनों पार्षदों ने महापौर के खिलाफ मोर्चा खोल चुके हैं।

नगर निगम की बैठक में नगर निगम कार्यकारिणी उपाध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने नगर निगम की बोर्ड बैठक एवं कार्यकारिणी बैठकों को निर्धारित समय पर आयोजित कराने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि नगर निगम की कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाए रखने के लिए बोर्ड और कार्यकारिणी की बैठकें समय पर होना बेहद जरूरी है। उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि बिना कार्यकारिणी के आखिर नगर निगम किस तरह से संचालित होगा। प्रवीण चौधरी ने कार्यकारिणी की बैठकों और उसकी भूमिका को प्राथमिकता देने की बात कहते हुए इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उनके सवाल के बाद बैठक में निगम की कार्यप्रणाली और कार्यकारिणी की मौजूदा स्थिति को लेकर चर्चा तेज हो गई।
पूर्व उपाध्यक्ष राजीव शर्मा ने भी उठाया कार्यकारिणी का मुद्दा: नगर निगम बैठक में नगर निगम कार्यकारिणी के पूर्व उपाध्यक्ष राजीव शर्मा ने भी कार्यकारिणी व बोर्ड बैठक का निर्धारित समय पूरा होने के विषय को बैठक में उठाया। उन्होंने सवाल किया कि कार्यकारिणी का कार्यकाल पूरा होने के बाद निगम किस व्यवस्था के तहत अपने कामकाज को आगे बढ़ाएगा। उन्होंने इस संबंध में स्पष्ट जानकारी सदन के समक्ष साझा किए जाने की मांग की। राजीव शर्मा ने कहा कि नगर निगम के कामकाज में बोर्ड और कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, इसलिए उनकी वैधानिक स्थिति और आगामी व्यवस्था को लेकर जनप्रतिनिधियों को स्पष्ट जानकारी मिलनी चाहिए। नामित पार्षद सुनील यादव ने क्षेत्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले निगम के कार्यक्रमों में पार्षदों की कथित उपेक्षा का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम अधिकारी कई कार्यक्रमों में पार्षदों को उचित सम्मान और जानकारी नहीं देते तथा उन्हें जानबूझकर कार्यक्रमों से दूर रखा जाता है।

महापौर सुनीता दयाल ने कड़ा रुख अपनाया

नगर निगम की बैठक में हुए हंगामे पर महापौर सुनीता दयाल ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम को लेकर आयोजित बैठक को जिस तरह से साजिशन बदनाम करने का प्रयास किया गया,उसके लिए जिम्मेदार पार्षदों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी। महापौर ने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने और देश को विकसित भारत-2047 के संकल्प से जोड़ने का अभियान है।

नामित पार्षद सुनील यादव की टिप्पणी पर नगर आयुक्त ने जताई आपत्ति

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और नागरिकों को विकसित भारत-2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोडऩे के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान को लेकर मंगलवार को नगर निगम में बैठक की गई थी। महापौर सुनीता दयाल की अध्यक्षता में हुई बैठक उस समय हंगामे में बदल गई,जब बैठक के दौरान एक टिप्पणी को लेकर नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने आपत्ति जताई। मामला इतना बढ़ गया कि नगर आयुक्त बैठक को बीच में ही छोड़कर बाहर चले गए। उनके बैठक से जाने के बाद निगम के अन्यअधिकारियों ने भी बैठक से वॉक आउट कर दिया। दोपहर करीब पौने बारह बजे नगर निगम में आयोजित बैठक की शुरूआत अभियान की रूपरेखा और प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी के साथ हुई। बैठक में अपर नगर आयुक्त एवं अभियान के नोडल अधिकारी अवनिंद्र कुमार ने 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के संबंध में जानकारी पार्षदों के समक्ष प्रस्तुत की।उन्होंने अभियान के उद्देश्य, प्रस्तावित गतिविधियों और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी साझा करते हुए पार्षदों से अभियान को प्रभावी बनाने में सहयोग की अपेक्षा की। बैठक के दौरान निगम के नामित पार्षद सुनील यादव की एक टिप्पणी को लेकर नगर आयुक्त ने आपत्ति जताई। टिप्पणी के बाद बैठक का माहौल अचानक गर्म हो गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी स्थिति बन गई। नगर आयुक्त बैठक से बाहर चले गए।

हंगामे और आरोप-प्रत्यारोप के बीच महज एक घंटे चली बैठक

नगर निगम सभागार में बैठक में सेवा संकल्प अभियान के तहत आगामी एक माह के दौरान निगम क्षेत्र में आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर पार्षदों को जानकारी दी गई। हंगामे और आरोप-प्रत्यारोप के बीच महज एक घंटे में बैठक का समापन हो गया। हालांकि अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा काल की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ-साथ नागरिकों को विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय संकल्प से जोडऩे का लक्ष्य रखा गया है। निगम बैठक में अभियान की गतिविधियों को वार्ड स्तर तक पहुंचाने,अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा जनप्रतिनिधियों की भूमिका को लेकर भी चर्चा की गई।बैठक के दौरान हुए हंगामे और अधिकारियों के वॉक आउट के बावजूद महापौर सुनीता दयाल ने बैठक को दोबारा व्यवस्थित कराया। इसके बाद निर्धांरित एजेंडे पर चर्चां पूरी कराई गई और अंत में राष्ट्रगान के साथ बैठक का विधिवत समापन किया गया।

 

Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Women Express पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

- Advertisement -

Related News

Delhi epaper

Prayagraj epaper

Kurukshetra epaper

Ujjain epaper

Latest News