31 C
New Delhi
Saturday, July 27, 2024

राष्ट्रपति चुनाव : द्रौपदी मुर्मू की राह हुई आसान, बीजद की हरी झंडी

नयी दिल्ली /खुशबू पाण्डेय : राष्ट्रपति पद के चुनाव में केंद्र में सत्ताधारी गठबंधन (एनडीए) के जीत की राह आसान हो गई है। ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) ने भाजपा-एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने का ऐलान कर दिया है। इस ऐलान से भाजपा की मुश्किलें आसान हो गई हैं। साथ ही देश को पहली आदिवासी और सबसे युवा राष्ट्रपति मिलने का मार्ग भी प्रशस्त हो गया है। बीजद द्वारा मुर्मू को समर्थन देने की घोषणा के बाद राजग को कुल मतों में से 52 प्रतिशत से अधिक मत मिलना तय माना जा रहा है। राष्ट्रपति चुनाव में कुल मत 10, 86, 431 हैं। राजग के खाते में अब 5,67,000 मत आने के आसार हैं। इसमें भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी दलों के सांसदों के 3,08,000 मत भी शामिल हैं।

-देश को पहली आदिवासी राष्ट्रपति मिलने का मार्ग भी प्रशस्त
-राष्ट्रपति चुनाव में कुल मत 10, 86, 431, एनडीए को मिलेंगे 5,67,000 मत
-बीजद के कुल 32,000 मत हैं, कुल मत का 2.9 प्रतिशत हिस्सा
-संसद के दोनों सदनों के 776 सदस्यों में भाजपा के हैं 393 सदस्य

निर्वाचक मंडल में बीजद के कुल 32,000 मत हैं जो कि कुल मत का 2.9 प्रतिशत हिस्सा है। बीजद के पास 147-सदस्यीय ओडिशा विधानसभा में 114 विधायक हैं, जबकि भाजपा के 22 विधायक हैं। संसद के दोनों सदनों में बीजद के 12-12 सदस्य हैं। भाजपा को उम्मीद है कि राजग के उम्मीदवार को वाईएसआर कांग्रेस और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) जैसे कुछ क्षेत्रीय दलों का समर्थन भी मिल सकता है। राज्यसभा के हाल के द्विवाॢषक चुनाव के बाद उच्च सदन में भाजपा के सदस्यों की कुल संख्या 92 हो गई है जबकि लोकसभा में उसके 301 सदस्य हैं। उत्तर प्रदेश सहित चार राज्यों के हालिया विधानसभा चुनावों में भाजपा की शानदार जीत से भी राजग उम्मीदवार की जीत की संभावनाओं को बल मिला हैं। किसी अन्य राज्य के मुकाबले उत्तर प्रदेश के विधायकों के मत का मूल्य सर्वाधिक है।

राष्ट्रपति चुनाव : द्रौपदी मुर्मू की राह हुई आसान, बीजद की हरी झंडी

हालांकि 2017 के राष्ट्रपति चुनाव के मुकाबले इस बार के चुनाव में राजग के विधायकों की संख्या कम है। हालांकि उसके सांसदों की संख्या बढ़ गई है। बहरहाल, भाजपा ने मंगलवार को राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में झारखंड की पूर्व राज्यपाल मुर्मू का नाम घोषित कर सभी को चौंका दिया था।
संसद के दोनों सदनों के कुल 776 सदस्यों में भाजपा के कुल 393 सदस्य हैं। इनमें राज्यसभा के चार मनोनीत सदस्य शामिल नहीं हैं क्योंकि राष्ट्रपति चुनाव में वे मतदान नहीं कर सकते। जनता दल (यूनाइटेड) के 21 सांसदों के अलावा राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी, अपना दल और पूर्वोत्तर के क्षेत्रीय व सहयोगी दलों के सांसदों की सदस्य संख्या को जोड़ लिया जाए तो भाजपा उम्मीदवार और मजबूत स्थिति में पहुंच जाती हैं। राज्यसभा व लोकसभा के सदस्यों के वोट का मूल्य 700 हैं। राज्यों में कुल 4033 विधायक हैं। राज्य के हिसाब से इन विधायकों का मत निर्धारित है। लोकसभा की तीन सीटों पर उपचुनावों और राज्यसभा की 16 सीटों के लिए हुए चुनावों के परिणामों के बाद निर्वाचकों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। चौंसठ वर्षीय मुर्मू 2015 से 2021 तक झारखंड की राज्यपाल रह चुकी हैं। वह झारखंड की पहली राज्यपाल थीं जिन्होंने अपना कार्यकाल पूरा किया। मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोङ्क्षवद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है।
बता दें कि विपक्ष ने राष्ट्रपति चुनाव में पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को संयुक्त उम्मीदवार बनाया है। ऐसे में 18 जुलाई को मतदान होना तय है। मतगणना 21 जुलाई को होगी। राष्ट्रपति का चुनाव निर्वाचक मंडल के सदस्यों द्वारा किया जाता है जिसमें संसद के दोनों सदनों के निर्वाचित सदस्य और दिल्ली तथा केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी सहित सभी राज्यों की विधानसभाओं के निर्वाचित सदस्य होते हैं। राज्यसभा और लोकसभा या राज्यों की विधानसभाओं के मनोनीत सदस्य निर्वाचक मंडल में शामिल होने के पात्र नहीं हैं, इसलिए, वे चुनाव में भाग लेने के हकदार नहीं होते। इसी तरह, विधान परिषदों के सदस्य भी राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदाता नहीं होते हैं।

24 जून को पर्चा दाखिल कर सकती हैं द्रौपदी मुर्मू, मोदी बनेंगे प्रस्तावक?

भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के 24 जून को नामांकन दाखिल करने की संभावना है। इस दौरान उनके साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित एनडीए के शीर्ष नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। सूत्रों के मुताबिक नामांकन के दौरान लगभग सभी केंद्रीय मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और मुर्मू की उम्मीदवारी का समर्थन करने वाले बीजू जनता दल (बीजद) जैसे दलों के प्रमुख नेता भी मौजूद रहेंगे ताकि राजग उम्मीदवार के प्रति व्यापक समर्थन का संदेश जाए। चर्चा है कि प्रधानमंत्री मोदी राजग उम्मीदवार मुर्मू के पहले प्रस्तावक हो सकते हैं। राष्ट्रपति चुनाव में किसी उम्मीदवार को 50 प्रस्तावकों और 50 अनुमोदकों से हस्ताक्षरित नामांकन पत्र दाखिल करना होता है। भाजपा सूत्रों के मुताबिक मुर्मू चार नामांकन पत्र दाखिल करेंगी।

latest news

Related Articles

epaper

Latest Articles