उरई/शिवांशु सिंह: जिला महिला चिकित्सालय उरई में आयोजित “बुंदेली बिन्नू जन्मोत्सव” कार्यक्रम ने बेटियों के सम्मान और महिला सशक्तिकरण का भावपूर्ण संदेश दिया। जिला आकांक्षा समिति की अध्यक्षा मंजुला पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में 13 नवजात बच्चियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाते हुए उनका सम्मान किया गया।कार्यक्रम के दौरान नवजात बच्चियों को बेबी किट, खिलौने, वस्त्र एवं सम्मान पत्र भेंट किए गए। समारोह का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब मंजुला पाण्डेय ने नवजात बच्चियों के लाल स्याही से पदचिह्न लेकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की।
— महिला चिकित्सालय उरई में अनोखे आयोजन ने दिया महिला सशक्तिकरण का प्रेरक संदेश
— नवजात बच्चियों को बेबी किट, खिलौने, वस्त्र एवं सम्मान पत्र किए गए भेंट
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बेटियां परिवार, समाज और राष्ट्र की शक्ति हैं। उनके जन्म को उत्सव के रूप में मनाने से समाज में सकारात्मक सोच विकसित होती है। उन्होंने बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और शिक्षा के लिए समाज से आगे आने की अपील की। मंजुला पाण्डेय ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, सुकन्या समृद्धि योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए परिवारों को उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के संचालक रोहित विनायक ने बताया कि वे पिछले छह वर्षों से प्रतिदिन “बुंदेली बिन्नू” कार्यक्रम के माध्यम से नवजात बच्चियों का सम्मान कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 12 हजार से अधिक बच्चियों को बुंदेली बिन्नू सम्मान प्रदान किया जा चुका है। साथ ही परिवारों को बालिकाओं से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाती है।
अस्पताल परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बेटियों के प्रति सम्मान, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाला अभियान बताया।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Women Express पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

