गोरखपुर। गोरखनाथ मंदिर में आयोजित ‘जनता दर्शन’ के दौरान भूमि विवाद और अवैध कब्जे से परेशान एक महिला की पीड़ा सुनकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने दबंगों द्वारा रास्ता रोके जाने की शिकायत पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यदि मातहत अधिकारी पीड़ित को रास्ता नहीं दिला सकते तो संबंधित लेखपाल, कानूनगो और तहसीलदार को फौरन निलंबित किया जाए।
भूमि विवादों में हीलाहवाली पर निलंबन की चेतावनी
सोमवार को गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री ने मंगलवार सुबह महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन परिसर के बाहर जनता दर्शन में आए लगभग 200 फरियादियों से मुलाकात की। इस दौरान जमीन से जुड़ी कई शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए सीएम योगी ने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भूमि संबंधी मामलों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर बरती जाने वाली शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जांच के दौरान अधिकारियों की मिलीभगत या उदासीनता सामने आती है, तो उनके खिलाफ निलंबन जैसी कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
View this post on Instagram
दबंगों की धमकी और अफसरों की लाचारी पर सख्त रुख
जनता दर्शन में आई एक पीड़ित महिला ने सीएम को प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि स्थानीय दबंग यह धमकी देकर उसे रास्ता नहीं दे रहे हैं कि वह चाहे कहीं भी शिकायत कर ले, उसका कुछ नहीं होगा।
महिला की बात सुनकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सरकार हर पीड़ित के साथ खड़ी है। अगर अधीनस्थ कर्मचारी और अधिकारी व्यवस्था सुधारने में खुद को लाचार महसूस कर रहे हैं, तो उन्हें पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। सीएम ने फरियादियों से सीधे संवाद कर भरोसा दिया कि उनकी हर समस्या का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाएगा।
इलाज के लिए सहायता और आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश
जनता दर्शन के दौरान कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर ऐसे सभी जरूरतमंदों के आयुष्मान भारत कार्ड बनवाने के निर्देश दिए।
सीएम ने आश्वासन दिया कि इलाज के अभाव में किसी भी मरीज को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। जिन मामलों में आयुष्मान कार्ड की सीमा से अधिक धनराशि की आवश्यकता होगी, वहां मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पर्याप्त वित्तीय मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Women Express पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

