लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल का रविवार को विस्तार किया गया। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने जनभवन के गांधी सभागार में आठ नए मंत्रियों को शपथ दिलाई। इसमें एक महिला समेत छह नए मंत्री शामिल हुए, जबकि दो राज्यमंत्रियों को प्रमोशन मिला।
नए मंत्रियों की सूची और पद
मंत्रिमंडल विस्तार में भूपेंद्र सिंह चौधरी और मनोज कुमार पांडेय ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली। राज्यमंत्री पद की शपथ लेने वालों में कृष्णा पासवान, सुरेंद्र दिलेर, कैलाश सिंह राजपूत और हंसराज विश्वकर्मा शामिल हैं। वहीं अजीत सिंह पाल और सोमेंद्र तोमर को राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) का पद मिला है।
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहे। नए मंत्रियों ने राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पुष्पगुच्छ देकर अभिनंदन किया। कार्यक्रम के बाद गांधी सभागार भारत माता की जय और जय श्री राम के नारों से गूंज उठा।
मंत्रियों का राजनीतिक बैकग्राउंड
भूपेंद्र सिंह चौधरी विधान परिषद सदस्य हैं और पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। मनोज कुमार पांडेय ऊंचाहार विधानसभा सीट से विधायक हैं। राज्यमंत्री पद पर शपथ लेने वाली कृष्णा पासवान खागा सीट से, सुरेंद्र दिलेर खैर से, कैलाश सिंह राजपूत तिर्वा से विधायक हैं। हंसराज विश्वकर्मा विधान परिषद सदस्य हैं।
समारोह में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री (संगठन) धर्मपाल, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
यह विस्तार योगी सरकार की दूसरी पारी को और मजबूत बनाने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है। नए मंत्रियों को जल्द ही विभागों का बंटवारा होने की संभावना है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Women Express पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

