लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने में देशभर में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। देश के टॉप 10 जिलों में यूपी के दो शहर शामिल हैं, जिसमें लखनऊ पहले और वाराणसी दसवें स्थान पर है। प्रदेश में अब 5.17 लाख से ज्यादा रूफटॉप सोलर सिस्टम लग चुके हैं और यूपी लगातार देश में सबसे ज्यादा रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन वाले राज्य के रूप में आगे है।
लखनऊ और वाराणसी टॉप 10 में
रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन के मामले में लखनऊ ने पूरे देश में पहला स्थान हासिल कर लिया है, जबकि वाराणसी दसवें नंबर पर पहुंच गया है। देश के टॉप 50 जिलों में उत्तर प्रदेश के पांच जिले शामिल हैं। यह आंकड़े दिखाते हैं कि यूपी में सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने का काम तेजी से हो रहा है।
5.17 लाख से ज्यादा सोलर प्लांट लगे
उत्तर प्रदेश में अभी कुल 5.17 लाख से अधिक रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित हो चुके हैं। पिछले एक साल से यूपी देश में सबसे ज्यादा कुल रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन वाले राज्य के रूप में नंबर 1 पर बना हुआ है। यह उपलब्धि राज्य सरकार, यूपीनेडा, बिजली विभाग और आम लोगों के संयुक्त प्रयास का नतीजा है।
इंस्टॉलेशन स्पीड बढ़कर दोगुनी से ज्यादा
मई 2025 में जहां रोजाना करीब 500 सोलर प्लांट लगाए जा रहे थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर लगभग 2000 प्रतिदिन हो गई है। इस तेज रफ्तार की वजह से रोजाना 25 से 30 करोड़ रुपये का कारोबार हो रहा है। इससे न सिर्फ बिजली बचत हो रही है बल्कि बड़े पैमाने पर रोजगार भी पैदा हो रहा है।
मजबूत सोलर इकोसिस्टम तैयार
यूपीनेडा के निदेशक रविंदर सिंह के अनुसार, राज्य में सोलर सिस्टम लगाने की पूरी व्यवस्था अब बहुत मजबूत हो गई है। डिस्कॉम अधिकारी तेजी से नेट मीटरिंग और बिलिंग कर रहे हैं। बैंक आसानी से लोन दे रहे हैं और जिला प्रशासन जागरूकता कार्यक्रम चला रहा है। निजी कंपनियां, ईपीसी कंपनियां और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क भी अपनी सेवाएं तेजी से बढ़ा रहे हैं।
सूर्य मित्र स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम और यूपीनेडा के ट्रेनिंग कार्यक्रमों से अच्छे टेक्नीशियन तैयार हो रहे हैं। इससे सोलर काम की क्वालिटी अच्छी मिल रही है और लागत भी कम हो रही है।
निवेश के लिए बड़ा मौका
उत्तर प्रदेश अब सोलर मैन्युफैक्चरिंग, ईपीसी कंपनियों, फाइनेंसिंग और स्टार्टअप्स के लिए अच्छा निवेश गंतव्य बनता जा रहा है। राज्य सरकार ने देशभर के रिन्यूएबल एनर्जी से जुड़े लोगों को यूपी में आकर निवेश करने और भारत की ऊर्जा सुरक्षा में योगदान देने का निमंत्रण दिया है।
यह प्रगति न सिर्फ बिजली बिल कम करने में मदद कर रही है बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को भी पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। आम लोग भी सोलर प्लांट लगाकर मुफ्त बिजली का फायदा उठा रहे हैं।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Women Express पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

