33.1 C
New Delhi
Sunday, September 14, 2025

प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में मिशन-2022 का तैयार होगा ‘रोडमैप’

Join whatsapp channel Join Now
Join Telegram Group Join Now

–भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति आज, जेपी नड्डा करेंगे श्रीगणेश
–प्रधानमंत्री मोदी करेंगे समापन, कई प्रस्ताव पेश किए जाएंगे
— एजेंडे के टॉप पर है उत्तर प्रदेश चुनाव, इसी से तय होगा 2024 का सफर

नई दिल्ली /खुशबू पाण्डेय : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की रविवार को दिल्ली में हो रही राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में पांच राज्यों में तीन महीने बाद होने वाले विधान सभा चुनावों के मद्देनजर विशेष चर्चा होगी एवं विस्तार से मंथन किया जाएगा। बैठक के एजेंडे में विधानसभा चुनाव टॉप पर रखा गया है। हाल ही में हुए लोकसभा एवं विधानसभा के उपचुनाव में पार्टी को मिली करारी हार की वजह पर भी चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी को और सर्वस्पर्शी एवं सर्व व्यापी बनाने के लिए आगामी कार्यक्रमों की रचना भी की जायेगी। राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक का शुभारंभ रविवार सुबह 10 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा करेंगे। बैठक का समापन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उद्बोधन से होगा। बैठक में कई प्रस्तावों पर भी चर्चा होगी। कोविड की त्रासदी में जान गंवाने वालों के प्रति बैठक में एक शोक प्रस्ताव भी पारित किया जाएगा। बैठक में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्यों को प्रधानमंत्री का विशेष दिशानिर्देशन और राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
बता दें कि राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक के एजेंडा में आगामी विधानसभा चुनावों और अन्य सामयिक मुद्दों पर चर्चा शामिल है। सात राज्यों के विधानसभा चुनाव 2022 में प्रस्तावित है। पांच राज्यों -उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में अगले साल की शुरुआत में चुनाव होंगे, जबकि हिमाचल प्रदेश और गुजरात में चुनाव साल के अंत दिसम्बर में होंगे। पंजाब को छोड़कर इन सभी राज्यों में भाजपा सत्ता में है।
कार्यसमिति की बैठक के बाहर एक प्रदर्शनी भी लगाई गई है। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देश को आत्मनिर्भर बनाने के अभियान आत्मनिर्भर भारत अभियान, गरीब कल्याण अन्न योजना, गरीब कल्याण योजना सहित सभी जन-कल्याण योजनाओं की झलक देखने को मिलेगी। किस तरह से देश के 80 करोड़ लोगों को लगातार दूसरे वर्ष अप्रैल से लेकर नवंबर तक मुफ्त राशन मिला है, किस तरह कोरोना के संकट काल में महिलाओं के जन-धन एकाउंट में, किसानों के एकाउंट में, दिव्यांगों, बुजुर्गों एवं विधवाओं के एकाउंट में पैसा भेजा गया है, इसके बारे में भी प्रदर्शनी में देखने को मिलेगा। इसके अलावा कोरोना की विभीषिका के समय पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिस तरह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में और राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में अपने प्राणों की परवाह न करते हुए मानवता की सेवा की है, उनके समर्पण को धन्यवाद करते कार्यक्रम सेवा ही संगठन एवं सेवा ही समर्पण अभियान भी इस प्रदर्शनी में शामिल होगा। हाल ही में भारत ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए 100 करोड़ टीकाकरण के आंकड़े को पार किया है, यह विषय भी प्रदर्शनी में शामिल होगा।

राजनाथ सिंह, अमित शाह सहित सभी पूर्व अध्यक्ष रहेंगे मौजूद

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह के मुताबिक राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक कल, 7 नवंबर को एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर, नई दिल्ली में सुबह 10 बजे से अपराह्न 03 बजे तक होगी। बैठक में पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ-साथ राज्य सभा में पार्टी के नेता एवं केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सहित सभी केंद्रीय मंत्री जो पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य हैं, भाग लेंगे।

कार्यसमिति में 124 वरिष्ठ पार्टी नेता ही रहेंगे मौजूद

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह के मुताबिक कोविड प्रोटोकॉल के तहत राष्ट्रीय कार्यसमिति के सभी सदस्यों को इस बैठक के लिए नई दिल्ली नहीं बुलाया गया है। कुल मिलाकर 124 वरिष्ठ पार्टी नेता एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में उपस्थित रहेंगे, जबकि भाजपा शासित राज्यों के CM, उपमुख्यमंत्री, सभी प्रदेशों के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं संबंधित राज्यों से पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य प्रदेश भाजपा कार्यालय में बैठ कर इस राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में टू-वे कम्युनिकेशन सिस्टम से वर्चुअली जुड़ेंगे। सभी 36 प्रदेशों को राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक का लिंक दिया गया है।

Related Articles

Delhi epaper

Prayagraj epaper

Kurukshetra epaper

Latest Articles