नई दिल्ली। दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन में एक बहुमंजिला इमारत में तड़के आग लग गई। इस घटना में अब तक कम से कम तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल, आग पर काबू पा लिया गया है।
बताया जा रहा है कि आग ग्राउंड-फ्लोर पर बने पार्किंग एरिया में शुरू हुई, जहां 7-8 मोटरसाइकिल और स्कूटर जल गए और फिर आग पूरी इमारत में फैल गई। फायर डिपार्टमेंट को रात 2:27 बजे सूचना मिली और उन्होंने आग बुझाने का काम शुरू किया।
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि गोविंदपुरी थाने में सुबह 2.24 बजे एक पीसीआई कॉल आया। इसमें दिल्ली के गोविंदपुरी के तुगलकाबाद एक्सटेंशन में एक पांच मंजिला रेजिडेंशियल बिल्डिंग में आग लगने की घटना के बारे में बताया गया था। लोकल पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, जल्द ही अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर पुलिस टीम ने इमारत में फंसे हुए लोगों को बचाने का काम शुरू किया। जल्द ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं।
पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने ऑपरेशन के दौरान कुल 8 लोगों को बाहर निकाला और उन्हें सफदरजंग हॉस्पिटल व एम्स ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया। बाद में तीन लोगों के मरने की पुष्टि हुई, जिनमें एक 22 साल का लड़का और दो महिलाएं शामिल हैं। वहीं दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।
शुरुआती जांच से पता चला है कि आग ग्राउंड फ्लोर पर बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी, आग ने तेजी से सात पार्क किए गए टू-व्हीलर को अपनी चपेट में ले लिया, जिसमें चार्ज पर लगा एक इलेक्ट्रिक स्कूटर भी शामिल है।
चश्मदीद ने बताया कि आग रात करीब 2:10 बजे लगी। उन्होंने कहा, “हमें इसके बारे में रात करीब 2:20 बजे पता चला, तब तक आग काफी फैल चुकी थी। मेरा घर बिल्कुल सामने है और मेरी बेटी बाहर खड़ी थी। मैंने अपनी बेटी के फोन से फायर ब्रिगेड को कॉल किया। कॉल करते हुए जब मैं नीचे आया, तो देखा कि आग और तेज हो गई थी। इसके बाद फायर ब्रिगेड आई और स्थिति को काबू में किया।”
चश्मदीद ने बताया, “मेरी बेटी ने दूसरी इमारत की ओर एक साड़ी फेंकी थी, जहां से इमारत में फंसे लोग बाहर निकल पाए।” उन्होंने कहा कि हमें पुख्ता जानकारी नहीं कि आग किससे लगी है, लेकिन आशंका यही है कि व्हीकल में आग लगने के कारण ही हादसा हुआ है।
याद हो कि 3 जून को दिल्ली के मालवीय नगर में एक रेस्टोरेंट में आग लगने से कम से कम 21 लोगों की मौत हुई, जिनमें विदेशी नागरिक भी शामिल थे।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Women Express पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

