भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने बड़वानी जिले के प्रवास के दौरान दूरस्थ ग्रामीण अंचल में स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र तलून का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जमीनी हकीकत जानी। मुख्यमंत्री ने केंद्र में मौजूद कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) से गर्भवती महिलाओं, सिकलसेल एनीमिया से पीड़ित मरीजों और बच्चों को दी जा रही चिकित्सीय सेवाओं और दवाइयों की उपलब्धता की विस्तृत समीक्षा की।
हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (HRP) और सिकलसेल पीड़ितों की ट्रैकिंग पर जोर
स्थल निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं (HRP) की पहचान और उनकी नियमित चिकित्सीय निगरानी की प्रक्रिया को समझा। उन्होंने सिकलसेल रोग से प्रभावित मरीजों की संख्या, उनके नियमित इलाज और स्वास्थ्य निगरानी के इंतजामों की भी जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने आंत्रा फाउंडेशन द्वारा तैयार विशेष स्वास्थ्य मानचित्र (Health Map) का अवलोकन किया। इस डिजिटल व विजुअल मैप के माध्यम से क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं, कुपोषित बच्चों और सिकलसेल मरीजों को विशेष चिन्हों द्वारा प्रदर्शित किया गया है, जिससे जरूरतमंद हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें समय पर इलाज देना आसान हो जाता है। डॉ. यादव ने इस नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि मैपिंग तकनीक से दूरस्थ अंचलों के मरीजों तक समयबद्ध स्वास्थ्य सेवा पहुंचाना अत्यंत सुगम हो जाता है।
अनमोल पोर्टल पर डेटा एंट्री और दवाइयों की आपूर्ति की समीक्षा
डॉ. यादव ने स्वास्थ्य केंद्र में ‘अनमोल (ANMOL) पोर्टल’ पर दर्ज की जा रही जानकारी की प्रगति जांची। कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि गर्भवती महिलाओं के पंजीयन, नियमित जांच, बच्चों के टीकाकरण और दवा वितरण का पूरा ब्योरा डिजिटल पोर्टल पर समय से दर्ज किया जा रहा है। केंद्र पर आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और स्थानीय ग्रामीणों को इलाज प्राप्त करने में कोई कठिनाई नहीं आ रही है।
सुदूर जनजातीय अंचलों में स्वास्थ्य सेवाएं देना प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने बड़वानी के पाटी क्षेत्र जैसे दुर्गम पहाड़िया अंचलों में चलाए जा रहे ‘ग्रीन कमांडो अभियान’ के अंतर्गत स्वास्थ्य गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दुर्गम इलाकों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की निर्बाध पहुंच सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने ग्राउंड स्टाफ को निर्देशित करते हुए कहा कि कुपोषण, सिकलसेल और गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे मरीजों को त्वरित जांच, दवाइयां और परामर्श मिलना चाहिए ताकि सरकारी योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Women Express पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

