लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘जनता दर्शन’ के दौरान अफसरों को सख्त निर्देश दिए हैं कि गरीबों, दिव्यांगों और पीड़ितों की समस्याओं का समयबद्ध व पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाए। सीतापुर से आई एक महिला की गोपालन की इच्छा पर सीएम ने तुरंत निराश्रित गाय उपलब्ध कराने और एक दिव्यांग की जमीन से अवैध कब्जा हटवाने का कड़ा आदेश दिया।
गोसेवा के जरिए आत्मनिर्भर बनने की अनोखी पहल
सीतापुर जिले के गुरुदेव नगर (हरगांव) की निवासी पूनम देवी ने ‘जनता दर्शन’ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर गोपालन के माध्यम से स्वावलंबी बनने की इच्छा जताई। महिला ने बताया कि उनके पास पहले से 5 गायें हैं और पर्याप्त स्थान भी उपलब्ध है। यदि उन्हें और गायें मिल जाएं तो वे दूध की बिक्री कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को और बेहतर बना सकती हैं।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने मौके पर ही अपर मुख्य सचिव (पशुधन) को निर्देश दिया कि पूनम को तत्काल निराश्रित गोवंश उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, उन्हें मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के अंतर्गत मिलने वाली आर्थिक सहायता और अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ भी नियमानुसार दिलाया जाए।
“मन से करो गोसेवा, दूर होंगी सभी बाधाएं”
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने हर एक फरियादी के पास जाकर उनकी समस्याएं सुनीं। पूनम देवी का आवेदन देखने के बाद सीएम ने उनका हौसला बढ़ाया और कहा कि गोमाता में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है। सच्चे मन से की गई गोसेवा से जीवन के सभी कष्ट और बाधाएं स्वतः समाप्त हो जाती हैं। पवित्र श्रावण मास में अपनी मांग पूरी होने पर महिला ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
भूमि पर अवैध कब्जे पर कड़ा रुख
जनता दर्शन के दौरान पहुंचे एक दिव्यांग फरियादी ने अपनी जमीन पर दबंगों द्वारा अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर मुख्यमंत्री ने कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को मामले की तत्काल निष्पक्ष जांच करने और पीड़ित को उसकी जमीन वापस दिलाने का सख्त निर्देश दिया। सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि किसी भी असहाय या दिव्यांग व्यक्ति के अधिकारों का हनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Women Express पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

