रायबरेली। रायबरेली में सोमवार को विकास परियोजनाओं के लोकार्पण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ी में दर्शन करने के बाद बाहर निकलकर मछली की दावत उड़ाते हैं और फिर राम-राम चिल्लाते हैं। बेशर्मी की भी सीमा होती है, इनके सामने तो गिरगिट भी शरमा जाए।
अजय राय और कांग्रेस पर सीधा वार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रायबरेली पहुंचे थे जहां उन्होंने 879 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मौके पर उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी दोनों पर तीखा हमला बोलते हुए परिवारवाद की राजनीति का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इन दलों की पूरी राजनीति सिर्फ अपने परिवारों तक सीमित रह गई है। देश के क्रांतिकारियों और महान नायकों को वह सम्मान कभी नहीं मिला जिसका वे हकदार थे।
योगी ने कांग्रेस पर अयोध्या में राम मंदिर का विरोध करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति में साफ विरोधाभास दिखता है। एक तरफ नेता मंदिर में जाकर दर्शन करते हैं, दूसरी तरफ उनके बयान और आचरण में बिल्कुल उलटी बात नजर आती है। कांग्रेस को समझना चाहिए कि भारत की आस्था और परंपरा किसी राजनीतिक दल की जागीर नहीं है। जनता अपने महापुरुषों, धार्मिक आस्थाओं और सांस्कृतिक विरासत का सम्मान करना जानती है।
परिवारवाद और इतिहास की उपेक्षा का आरोप
मुख्यमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि जो समाज अपने पूर्वजों को भूल जाता है, उसका कोई भविष्य नहीं होता। कुछ लोगों ने भारत की परंपरा, संस्कृति और आदर्शों को भुलाकर देश के खिलाफ षड्यंत्र करने का ठेका ले रखा है। उन्होंने मंगल पांडेय, नाना साहब, तात्या टोपे और रानी लक्ष्मीबाई का जिक्र करते हुए बताया कि स्वतंत्रता संग्राम की उसी ज्वाला को रायबरेली में राना बेनी माधव बख्श सिंह ने आगे बढ़ाया था। इसलिए आज भी लोग उन्हें सम्मान के साथ याद करते हैं।
कांग्रेस और सपा पर परिवारवाद का आरोप दोहराते हुए योगी ने सवाल किया कि आखिर इन दलों ने भारत के महान क्रांतिकारियों और राष्ट्रनायकों को सम्मान देने के लिए क्या किया? देश का इतिहास किसी एक परिवार तक सीमित नहीं है। स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक व्यवस्था के निर्माण में अनगिनत लोगों का योगदान रहा है। नई पीढ़ी को उनके संघर्ष और बलिदान से परिचित कराना जरूरी है।
राहुल गांधी पर भी निशाना
राहुल गांधी पर भी योगी ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति के रूप में राहुल गांधी से देश को कोई खास उम्मीद नहीं है, लेकिन नेता प्रतिपक्ष के नाते वे संसद और लोकतंत्र के प्रति जवाबदेह हैं। उन्होंने संविधान की शपथ ली है, फिर भी भारत की परंपरा और विरासत को कोसना अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं। योगी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी उत्तर प्रदेश के बाहर जाकर यूपी को बदनाम करते हैं और देश के बाहर जाकर भारत का अपमान करते हैं। वे देश विरोधी तत्वों को प्रोत्साहित करने का काम करते हैं।
आपातकाल और दोहरे मापदंड का जिक्र
वर्ष 1975 के आपातकाल का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि देश ने आपातकाल की काली छाया देखी है। लोकतंत्र और संविधान की बात करने वालों को अपना अतीत भी याद रखना चाहिए। उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित अभद्र भाषा के इस्तेमाल का भी उल्लेख किया। बाद में संबंधित युवती और उसके माता-पिता ने स्वीकार किया कि उनकी ओर से गलत बात कही गई थी।
मुख्यमंत्री ने सवाल किया कि कुछ लोग देश को अर्बन नक्सलियों के हाथों क्यों सौंपना चाहते हैं। जब भारतीय सेना सीमा पर दुश्मनों से मुकाबला करती है तो कुछ लोग उससे सवाल पूछते हैं। अयोध्या में भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाने वालों की राजनीति भी देश देख चुका है। राष्ट्र की सुरक्षा, आस्था और सांस्कृतिक विरासत के मुद्दों पर दोहरे मापदंड नहीं चल सकते।
रायबरेली की ऐतिहासिक विरासत
रायबरेली की धरती स्वतंत्रता संग्राम के महानायक राना बेनी माधव बख्श सिंह की कर्मभूमि रही है। इस ऐतिहासिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। योगी ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस की दोहरी नीति और परिवारवाद की राजनीति अब जनता को स्वीकार नहीं है। देश की आस्था और इतिहास को राजनीतिक स्वार्थ के लिए इस्तेमाल करने की कोशिश कामयाब नहीं होगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Women Express पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

