नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां भाई-बहन को स्कूल जाते वक्त ‘बाय-बाय’ करने की कोशिश एक 3 साल के मासूम की जान पर भारी पड़ गई। लोधीपुरा इलाके में दूसरी मंजिल की बालकनी की ग्रिल से नीचे झांकते समय संतुलन बिगड़ने से मासूम बच्चा सीधे नीचे जा गिरा, जिसकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
स्कूल जा रहे भाई-बहन को देख रहा था मासूम
गणेशपेठ थाना क्षेत्र के लोधीपुरा में साईं मंदिर के पास शुक्रवार की सुबह रोज की तरह हलचल भरी थी। घर के बड़े बच्चे स्कूल जाने की तैयारी कर रहे थे। मासूम लक्की (3 वर्ष) के दो बड़े भाई और छोटी बहन जब नीचे उतरने लगे, तो वह उन्हें देखने के लिए बेहद उत्सुक था।
बच्चों को विदा करने और ‘बाय-बाय’ बोलने के लिए लक्की दौड़कर दूसरी मंजिल की बालकनी में लगी लोहे की ग्रिल के पास पहुंचा। जैसे ही उसने नीचे झांकने की कोशिश की, उसका शरीर आगे की ओर झुक गया और संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते मासूम दूसरी मंजिल से सीधे नीचे पक्के फर्श पर आ गिरा।
परिजनों में मचा हड़कंप, इलाज के दौरान तोड़ा दम
मासूम के नीचे गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजन और आसपास के लोग तुरंत खून से लथपथ लक्की को उठाकर नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने बच्चे को बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन सिर और शरीर में आई गंभीर अंदरूनी चोटों के कारण उसने दम तोड़ दिया।
इस घटना के बाद से शाहू परिवार में कोहराम मचा हुआ है। जिस घर में सुबह तक बच्चों की चहक थी, वहां अब सिर्फ सन्नाटा और रोने की आवाजें हैं।
एक महीने पहले ही नागपुर शिफ्ट हुआ था परिवार
मृतक लक्की का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। बच्चे के पिता नागपुर में पानीपुरी का ठेला लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। करीब एक महीने पहले ही पूरा परिवार लोधीपुरा स्थित इस मकान में किराए पर रहने आया था।
परिवार में तीन बेटे और एक बेटी में लक्की सबसे छोटा था। सबकी आंखों का तारा और घर का सबसे चहेता बच्चा इस तरह अचानक चला जाएगा, इसका अंदाजा किसी को नहीं था।
पुलिस कर रही मामले की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही गणेशपेठ पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने फिलहाल आकस्मिक मृत्यु (Accidental Death) का मामला दर्ज कर लिया है।
शुरुआती जांच में यही बात सामने आई है कि बच्चा बालकनी की ग्रिल से नीचे झांक रहा था, तभी उसका पैर फिसलने या संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाल रही है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Women Express पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

