गर्मी का मौसम चरम पर पहुंच रहा है। इस समय शरीर गर्मी से जुड़ी समस्याओं के शुरुआती संकेत पहले ही देने लगता है। इन्हें समय रहते पहचानकर हीट एग्जॉर्शन या हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय ने भी गर्मी के तनाव से पहले आने वाले इन चेतावनी संकेतों के बारे में जानकारी दी है।
गर्मी में शरीर के महत्वपूर्ण संकेत
शरीर जब गर्मी का असर बढ़ने लगता है तो कई तरह के संकेत देता है। इनमें ज्यादा पसीना आना, जी मिचलाना या उल्टी जैसा महसूस होना, मांसपेशियों में ऐंठन या दर्द, ठंडी और चिपचिपी त्वचा, चक्कर आना, तेज सिरदर्द और बहुत ज्यादा प्यास लगना शामिल हैं।
हेल्थ एक्सपर्ट बताते हैं कि ये लक्षण सामान्य नहीं माने जाते। इन्हें नजरअंदाज करने से स्थिति गंभीर हो सकती है। इसलिए इन संकेतों को गंभीरता से लेना चाहिए। खासकर बुजुर्गों, छोटे बच्चों और पहले से किसी बीमारी से ग्रस्त लोगों को इन पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए।
गर्मी से बचाव के आसान उपाय
गर्मी के मौसम में कुछ सावधानियां अपनाकर इन समस्याओं से बचा जा सकता है। दिन के सबसे गर्म समय यानी दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक बाहर निकलने से बचें। अगर बाहर जाना जरूरी हो तो हल्के और ढीले सूती कपड़े पहनें जो पसीना अच्छे से सोख सकें।
पानी की कमी न होने दें। प्यास लगे या न लगे, थोड़ा-थोड़ा करके पानी पीते रहें। नींबू पानी, छाछ, लस्सी या नारियल पानी भी फायदेमंद होता है। नमक और खनिजों की कमी पूरी करने के लिए घर का बना पौष्टिक भोजन लें। भारी और तला-भुना खाना कम करें।
ठंडी और छायादार जगह पर आराम करें। भारी व्यायाम या मेहनत से इस समय बचें। अगर ऊपर बताए लक्षण दिखें तो तुरंत ठंडी जगह पर बैठें, आराम करें और अगर जरूरत लगे तो डॉक्टर से संपर्क करें।
खास सावधानी किन लोगों को बरतनी चाहिए
आयुष मंत्रालय के अनुसार, गर्मी का तनाव शरीर पर कई तरह से असर डालता है। इसलिए अपनी सेहत की जिम्मेदारी खुद लेना जरूरी है। बुजुर्ग, बच्चे और पहले से बीमार व्यक्ति ज्यादा सतर्क रहें। परिवार के हर सदस्य पर नजर रखें।
छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर गर्मी के मौसम को सुरक्षित तरीके से पार किया जा सकता है। शरीर के दिए गए संकेतों को समझकर समय पर कदम उठाएं तो गंभीर समस्या होने की आशंका काफी कम हो जाती है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Women Express पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।

